पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर सिंह बादल पर गुरुद्वारे में हमला, निहंग ने कृपाण से किया वार; बाल-बाल बची जान
महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुद्वारे के पास सुखबीर सिंह बादल पर एक निहंग ने कृपाण से हमला कर दिया. हमले में उनके दाहिने हाथ में चोट आई, जिसके बाद उन्हें यशोसाई अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
Follow Us:
महाराष्ट्र के नांदेड़ से गुरुवार को बड़ी खबर सामने आई है. शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर एक गुरुद्वारे में हमला किया गया. घटना के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि हमले में उनकी सुरक्षा टीम का एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है.
धारदार हथियार से हुआ हमला
आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना से जुड़ी जो जानकारी सामने आई है. उसके मुताबिक, यह घटना नांदेड़ के एक गुरुद्वारे में हुई है. यहाँ उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया है. रिपोर्टों में बताया गया है कि हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है. हालांकि हमले की वजह और आरोपी की मंशा को लेकर अभी पुलिस की विस्तृत जांच जारी है. घटना के बाद बादल की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है. पुलिस अधिकारी हमले से जुड़े हर पहलू की जांच कर रहे हैं. फिलहाल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की नजर मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने पर है.
दिसंबर 2024 में भी हुआ था हमला
यह भी पढ़ें
सुखबीर सिंह बादल इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर के बाहर हमले में बाल-बाल बचे थे. उस समय वे अकाल तख्त की ओर से दी गई धार्मिक सजा के तहत सेवा कर रहे थे. नारायण सिंह चौड़ा नाम के व्यक्ति ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को तुरंत पकड़ लिया था. नांदेड़ की ताजा घटना ने एक बार फिर बादल की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस की जांच और आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.