'राहुल गांधी धोखेबाज हैं, शब्द को वापस नहीं लूंगा...', केरल में CM वीडी सतीशन और चंद्रशेखर में सियासी संग्राम, जुबानी जंग तेज़
केरल में राहुल गांधी को 'धोखेबाज' कहने पर सियासी घमासान मचा हुआ है. प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने सीएम वीडी सतीशन पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर राहुल अपने बयानों को लेकर माफी मांगें तो ही वो अपने शब्द वापस लेंगे.
Follow Us:
केरल में सियासी जुबानी जंग तेज हो गई है. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें 'धोखेबाज' करार दिया है. इस बयान पर केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन द्वारा निंदा किए जाने के बाद राजीव चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक लंबा पोस्ट लिखकर पलटवार किया है.
केरल में राहुल गांधी को लेकर सियासी संग्राम
राजीव चंद्रशेखर ने अपने पोस्ट की शुरुआत में केरल के मुख्यमंत्री के तौर पर वी.डी. सतीशन को संबोधित करते हुए लिखा, "जैसा कि आप जानते हैं सीएम वी.डी. सतीशन, मैं आम तौर पर राजनीतिक विरोधियों पर निजी हमले नहीं करता. हालांकि राहुल गांधी के मामले में मुझे ऐसा करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जैसा कि ज्यादातर भारतीय महसूस करते हैं."
सिर्फ झूठ, अपमान और बंटवारे की सोच पर टिकी राहुल की राजनीति: चंद्रशेखर
भाजपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी की राजनीति पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने लिखा कि 2014 में थके-हारे और नाराज वोटरों द्वारा सत्ता से बाहर किए जाने के बाद से राहुल की राजनीति सिर्फ झूठ, अपमान और बंटवारे की सोच पर टिकी है. उनकी राजनीति लगातार देश और देश की संस्थाओं को कमजोर करती है, पीएम मोदी के खिलाफ बदनामी और गाली-गलौज करती है और सरकार व भाजपा के बारे में झूठ व गलत जानकारी फैलाती है.
चंद्रशेखर ने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां वे यूपीए दौर जैसे बड़े भ्रष्टाचार और कुशासन के लिए जिम्मेदार हैं. उन्होंने लिखा, "राहुल और उनकी राजनीति को धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार पर टिकी राजनीति और उन्हें खुद को एक धोखेबाज कहने में मुझे कोई हिचकिचाहट नहीं है. खासकर उनके हालिया ड्रामे के बाद, जिसमें उन्होंने भारत के चुने हुए पीएम और चुनाव आयोग को 'देशद्रोही' कहा. इसी बात की निंदा होनी चाहिए."
राजीव चंद्रशेखर ने चुनाव आयोग का बचाव करते हुए कहा कि ईसीआई के कल के बहुत स्पष्ट बयान के बाद कोई भी समझदार व्यक्ति, जो कांग्रेस का न हो, यही नतीजा निकालेगा कि राहुल एक धोखेबाज हैं. उन्होंने लोगों से चुनाव आयोग का बयान पढ़ने की अपील भी की.
I stand corrected .
— Rajeev Chandrasekhar 🇮🇳 (@RajeevRC_X) September 26, 2026
Rahul Gandhi is not Indian politics greatest creative fabricator.@RahulGandhi is Indias biggest fraud.
Every decision by @ECISVEEP abt #SIR was an unanimous one. https://t.co/JiKdGoRwOj pic.twitter.com/GeiwjrfYTh
'राजनीति में सम्मान कमाना पड़ता है'
उन्होंने राहुल गांधी के राजनीतिक करियर पर भी निशाना साधा और कहा, "राजनीति में सम्मान कमाना पड़ता है - देश के लिए सच्ची मेहनत और सेवा से. राहुल के खानदानी करियर में उन्होंने इनमें से कुछ भी नहीं किया है."
ये भी पढ़ें: 'भारत अब वो भारत नहीं...', मन की बात में PM मोदी का आतंकवाद पर बड़ा बयान, सर्जिकल स्ट्राइक को किया याद
'फर्जी वोटर हटा था और हटाया जाता रहेगा'
अपने पोस्ट में चंद्रशेखर ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि एसआईआर के बारे में वीडी सतीशन की राय निश्चित रूप से उनकी अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की राय से मेल नहीं खाती. उन्होंने दो टूक कहा, "आप चाहे जितना भी गुस्सा करें या विरोध करें, फर्जी, डमी और अवैध वोटरों को वोटर लिस्ट से हटाया जाना चाहिए और हटाया जाएगा. हर बार. हमेशा."
वीडी सतीशन की निंदा पर जवाब देते हुए भाजपा नेता ने कहा कि आम तौर पर वे ऐसी निंदा को नजरअंदाज कर देते लेकिन चूंकि सतीशन उनके राज्य के सीएम हैं, इसलिए उन्हें इसे गंभीरता से लेना पड़ रहा है.
'राहुल गांधी को धोखेबाज कहना बंद कर दूंगा, अगर...'
यह भी पढ़ें
पोस्ट के अंत में उन्होंने एक बड़ी शर्त रखी. राजीव चंद्रशेखर ने लिखा, "अगर आप राहुल गांधी से हमारे पीएम मोदी को 'देशद्रोही' कहने के लिए माफी मंगवाते हैं और झूठ बोलने के लिए चुनाव आयोग से माफी मंगवाते हैं, तो मैं वादा करता हूं कि मैं राहुल गांधी को धोखेबाज कहना बंद कर दूंगा. हालांकि अगर आप मेरे ऊपर दिए गए ऑफर को नहीं मानते हैं और झूठ, पूरे न किए गए वादे, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण को ही अपनी राजनीतिक रणनीति बनाए रखते हैं, तो हर बार धोखेबाज कहे जाने के लिए तैयार रहिए."