WhatsApp में अब तक का सबसे बड़ा बदलाव! फोन नंबर की छुट्टी, Username से होगी पहचान
WhataApp: कंपनी इस ऐप को सिर्फ चैटिंग तक सीमित नहीं रखना चाहती. उसकी कोशिश है कि WhatsApp को ऐसा प्लेटफॉर्म बनाया जाए, जहां एक ही जगह पर लोगों को कई तरह की डिजिटल सुविधाएं मिलें. इसी दिशा में कंपनी ने एक बड़ा कदम उठाया है और अब WhatsApp में Username फीचर लाने की तैयारी शुरू कर दी है.
Follow Us:
WhataApp: दुनियाभर में करोड़ों लोग हर दिन WhatsApp का इस्तेमाल करते हैं. भारत में तो यह ऐप लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. परिवार से बातचीत हो, ऑफिस का काम, स्कूल की जानकारी, ऑनलाइन बिजनेस या फिर पेमेंट, लगभग हर काम के लिए लोग WhatsApp पर भरोसा करते हैं.. अब कंपनी इस ऐप को सिर्फ चैटिंग तक सीमित नहीं रखना चाहती. उसकी कोशिश है कि WhatsApp को ऐसा प्लेटफॉर्म बनाया जाए, जहां एक ही जगह पर लोगों को कई तरह की डिजिटल सुविधाएं मिलें. इसी दिशा में कंपनी ने एक बड़ा कदम उठाया है और अब WhatsApp में Username फीचर लाने की तैयारी शुरू कर दी है...
अब फोन नंबर नहीं, यूजरनेम से होगी पहचान
अब तक WhatsApp पर किसी से बात करने के लिए उसका मोबाइल नंबर होना जरूरी था. बिना नंबर सेव किए चैट शुरू करना संभव नहीं था. लेकिन आने वाले समय में यह तरीका बदल जाएगा. अब हर यूजर अपना एक यूनिक Username बना सकेगा और यही उसकी नई पहचान होगी. यानी जब कोई आपसे जुड़ेगा तो उसे आपका मोबाइल नंबर नहीं, बल्कि आपका Username दिखाई देगा. यह फीचर काफी हद तक Instagram और X (पहले Twitter) जैसा होगा, लेकिन WhatsApp पहले की तरह एक निजी मैसेजिंग प्लेटफॉर्म ही रहेगा। यहां किसी का Username देखकर कोई भी सीधे चैट शुरू नहीं कर सकेगा.
प्राइवेसी होगी पहले से ज्यादा मजबूत
इस नए फीचर का सबसे बड़ा फायदा यूजर्स की प्राइवेसी को मिलेगा.आज के समय में मोबाइल नंबर सिर्फ कॉल करने के लिए नहीं, बल्कि बैंक अकाउंट, UPI, आधार और कई जरूरी सेवाओं से जुड़ा होता है. ऐसे में हर किसी के साथ अपना नंबर शेयर करना कई बार जोखिम भरा हो सकता है. लेकिन Username आने के बाद लोगों को छोटी-छोटी बातों के लिए अपना नंबर देने की जरूरत नहीं पड़ेगी. खास बात यह भी है कि WhatsApp किसी तरह की पब्लिक Username डायरेक्टरी नहीं बनाएगा. यानी कोई भी सिर्फ नाम लिखकर आपको खोज नहीं पाएगा.
Username Key से मिलेगा सुरक्षा का एक और स्तर
WhatsApp सिर्फ Username पर ही नहीं रुकेगा, बल्कि इसके साथ Username Key नाम का एक अतिरिक्त सुरक्षा फीचर भी देगा. इसे आप एक तरह की सुरक्षा चाबी या पासवर्ड समझ सकते हैं अगर किसी के पास आपका मोबाइल नंबर सेव नहीं है, तो सिर्फ Username जान लेने से भी वह आपको मैसेज नहीं भेज पाएगा. इसके लिए उसे Username Key की भी जरूरत होगी इससे अनजान लोगों के मैसेज और स्पैम काफी हद तक कम हो सकते हैं और यूजर को यह कंट्रोल मिलेगा कि उससे कौन संपर्क कर सकता है.
WhatsApp का अगला लक्ष्य है Super App बनना
कंपनी का इरादा सिर्फ प्राइवेसी बढ़ाने का नहीं है.WhatsApp धीरे-धीरे खुद को एक Super App में बदलना चाहता है. यानी ऐसा प्लेटफॉर्म जहां चैटिंग के साथ-साथ पेमेंट, ऑनलाइन शॉपिंग, बिजनेस, बिल पेमेंट, मोबाइल रिचार्ज और कई दूसरी डिजिटल सेवाएं भी एक ही जगह मिलें. भारत जैसे बड़े बाजार में कंपनी को इस दिशा में काफी संभावनाएं दिखाई दे रही हैं. पहले ही WhatsApp Pay और मोबाइल रिचार्ज जैसी सुविधाएं शुरू की जा चुकी हैं. अब Username फीचर को भी इसी बड़ी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.
भारत के लिए क्यों है यह फीचर खास
भारत में करोड़ों लोग WhatsApp के जरिए दुकानदारों, बैंक, स्कूल, कोचिंग सेंटर, अस्पताल, डिलीवरी कंपनियों और दूसरे बिजनेस से जुड़े रहते हैं. ऐसे में अक्सर लोगों का मोबाइल नंबर कई जगह पहुंच जाता है. नए फीचर के बाद बिजनेस के पास आपका नंबर नहीं, बल्कि सिर्फ Username होगा. इससे आपकी निजी जानकारी पहले से ज्यादा सुरक्षित रहेगी. साथ ही अनचाहे मैसेज, स्पैम और बिना वजह ग्रुप में जोड़ दिए जाने जैसी परेशानियां भी काफी कम हो सकती हैं.
कैसे बना सकेंगे अपना Username
अगर आपके WhatsApp में यह फीचर उपलब्ध हो चुका है, तो सबसे पहले ऐप को अपडेट करें. इसके बाद Settings में जाकर Account सेक्शन खोलें. वहां Username का विकल्प दिखाई देगा. यहां आप अपनी पसंद का यूनिक Username चुन सकते हैं. अगर आपका पसंदीदा Username पहले से किसी और ने नहीं लिया है, तो वह आपके नाम से रिजर्व हो जाएगा. इसलिए बेहतर होगा कि फीचर मिलते ही अपना पसंदीदा Username जल्दी से सेट कर लें.
Username चुनते समय रखें इन बातों का ध्यान
Username बनाते समय जल्दबाजी बिल्कुल न करें.अगर आप Instagram, Facebook, LinkedIn, X और WhatsApp पर बिल्कुल एक जैसा Username रखते हैं, तो इससे आपकी ऑनलाइन पहचान को जोड़ना आसान हो सकता है. ऐसे में आपकी प्राइवेसी प्रभावित हो सकती है. अगर आप आम यूजर हैं, तो थोड़ा अलग Username रखना बेहतर रहेगा. वहीं अगर आप कोई क्रिएटर, ब्रांड या बिजनेस चलाते हैं, तो सभी प्लेटफॉर्म पर एक जैसा Username रखना आपके लिए फायदेमंद भी हो सकता है.
स्कैम से पूरी तरह नहीं मिलेगी छुटकारा
यह भी पढ़ें
हालांकि Username फीचर आने से सुरक्षा पहले से बेहतर होगी, लेकिन ऑनलाइन धोखाधड़ी पूरी तरह खत्म नहीं होगी. साइबर अपराधी किसी परिचित जैसा मिलता-जुलता Username बनाकर लोगों को धोखा देने की कोशिश कर सकते हैं. इसलिए चाहे सामने वाला कितना भी भरोसेमंद क्यों न लगे, WhatsApp पर कभी भी अपना OTP, बैंक डिटेल, UPI PIN या कोई भी गोपनीय जानकारी साझा न करें.