महंगी कार खरीदने का सुनहरा मौका, इन 3 सरकारी वेबसाइट्स पर मिलती हैं सस्ती गाड़ियां
MSTC Portal:कार खरीदने से पहले उसकी पूरी जांच करना और सभी नियमों को अच्छी तरह समझना बेहद जरूरी है. सही जानकारी और समझदारी के साथ बोली लगाने पर आपको कम कीमत में एक अच्छी कार मिल सकती है.
Follow Us:
MSTC Portal: अगर आप लंबे समय से नई या अच्छी सेकंड हैंड कार खरीदने का सपना देख रहे हैं, लेकिन बजट की वजह से हर बार अपना फैसला टालना पड़ रहा है, तो यह जानकारी आपके बहुत काम की हो सकती है. बहुत से लोग यह नहीं जानते कि भारत सरकार और बैंक समय-समय पर अपनी पुरानी या जब्त की गई गाड़ियों की ऑनलाइन नीलामी करते हैं. इन नीलामियों में कई बार ऐसी कारें भी शामिल होती हैं, जिनकी बाजार में कीमत लाखों रुपये होती है, लेकिन बोली के जरिए उन्हें काफी कम दाम में खरीदा जा सकता है.
हालांकि, कार खरीदने से पहले उसकी पूरी जांच करना और सभी नियमों को अच्छी तरह समझना बेहद जरूरी है. सही जानकारी और समझदारी के साथ बोली लगाने पर आपको कम कीमत में एक अच्छी कार मिल सकती है.
MSTC पोर्टल पर मिलती हैं सरकारी विभागों की गाड़ियां
अगर आप सरकारी विभागों में इस्तेमाल की गई गाड़ियां खरीदना चाहते हैं, तो MSTC पोर्टल एक अच्छा विकल्प हो सकता है. यह भारत सरकार का एक आधिकारिक ई-ऑक्शन प्लेटफॉर्म है, जहां अलग-अलग सरकारी विभाग, पुलिस, सेना और सार्वजनिक उपक्रम अपनी पुरानी गाड़ियों की ऑनलाइन नीलामी करते हैं.
जब किसी विभाग में नई गाड़ियां शामिल की जाती हैं, तो पुरानी लेकिन इस्तेमाल योग्य गाड़ियों को इस पोर्टल पर नीलामी के लिए रखा जाता है. इच्छुक खरीदार घर बैठे रजिस्ट्रेशन करके बोली में हिस्सा ले सकते हैं. कई बार यहां ऐसी एसयूवी और सेडान भी देखने को मिल जाती हैं, जिनकी बाजार कीमत काफी ज्यादा होती है, लेकिन नीलामी में उनकी शुरुआती बोली काफी कम रखी जाती है.
बैंक की जब्त की गई कारें भी मिलती हैं सस्ते में
अगर कोई व्यक्ति कार लोन लेने के बाद समय पर ईएमआई नहीं चुका पाता, तो बैंक नियमों के तहत उस गाड़ी को अपने कब्जे में ले लेता है. बाद में बैंक अपना बकाया पैसा वसूलने के लिए उन गाड़ियों की ऑनलाइन नीलामी करता है.
इसके लिए Indian Banks Auction Properties Information (IBAPI) पोर्टल का इस्तेमाल किया जाता है. बैंक का मकसद मुनाफा कमाना नहीं, बल्कि अपना बकाया लोन वापस लेना होता है. इसी वजह से कई बार कम चली हुई और अच्छी हालत वाली कारें भी काफी कम शुरुआती कीमत पर नीलामी में उपलब्ध होती हैं. अगर सही समय पर सही बोली लगाई जाए, तो अच्छी डील मिल सकती है.
eAuction India पर भी खरीद सकते हैं सेकंड हैंड कार
सरकार का एक और आधिकारिक प्लेटफॉर्म eAuction India भी है, जहां केंद्र और राज्य सरकार के अलग-अलग विभाग समय-समय पर जब्त या अतिरिक्त (सरप्लस) वाहनों की ई-नीलामी करते हैं. इस पोर्टल की सबसे अच्छी बात यह है कि यहां पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होती ह. रजिस्ट्रेशन के बाद आप नीलामी में हिस्सा ले सकते हैं. इतना ही नहीं, बोली लगाने से पहले कई मामलों में गाड़ी को यार्ड में जाकर देखने और उसकी स्थिति की जांच करने का भी मौका मिलता है. इससे खरीदारी का फैसला लेना आसान हो जाता है.
बोली लगाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
यह भी पढ़ें
ऑनलाइन नीलामी में कार खरीदने से पहले केवल कीमत देखकर फैसला नहीं करना चाहिए. गाड़ी की मौजूदा स्थिति, उसके दस्तावेज, सर्विस हिस्ट्री, इंजन और बाकी जरूरी हिस्सों की अच्छी तरह जांच कर लें. साथ ही नीलामी की शर्तें और भुगतान से जुड़े नियम भी ध्यान से पढ़ें.
अगर पूरी जानकारी के साथ समझदारी से बोली लगाई जाए, तो बिना किसी बिचौलिए या अतिरिक्त कमीशन के कम बजट में एक अच्छी सेकंड हैंड कार खरीदी जा सकती है. इसलिए अगर आपका बजट सीमित है और आप अच्छी कार की तलाश में हैं, तो सरकार और बैंकों के ये आधिकारिक ई-ऑक्शन प्लेटफॉर्म आपके लिए एक बेहतर विकल्प साबित हो सकते हैं.