MP के जंगल में दिखी अनोखी तस्वीर... शिवलिंग से लिपटता नजर आया बाघ, वायरल हुआ VIDEO
मध्य प्रदेश के कटनी जिले की ढीमरखेड़ा तहसील के सडार जंगल से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है. इसमें एक बाघ जंगल में स्थित प्राचीन शिवलिंग पर शांत भाव से सिर और जीभ रगड़ता नजर आ रहा है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
Follow Us:
क्या आपने कभी किसी बाघ की शिवभक्ति देखी है. शायद नहीं. लेकिन मध्य प्रदेश के कटनी जिले से सामने आया एक वीडियो लोगों को हैरान कर रहा है. इस वीडियो में एक बाघ जंगल के भीतर स्थापित भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग पर अपना सिर रगड़ता दिखाई दे रहा है. यह दृश्य देखकर हर कोई आश्चर्य में है.
दरअसल, यह वायरल वीडियो मध्य प्रदेश के कटनी जिले की ढीमरखेड़ा तहसील के सडार वन क्षेत्र का बताया जा रहा है. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, यह घटना बीते बुधवार देर शाम की है. सडार गांव के पास घने जंगल में एक प्राचीन शिवलिंग स्थापित है, जहां अक्सर ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए जाते हैं. उसी स्थान पर यह अनोखा दृश्य कैमरे में कैद हुआ.
शिवलिंग के पास शांत अंदाज में पहुंचा बाघ
वीडियो में साफ नजर आता है कि बाघ बेहद शांत अंदाज में शिवलिंग के पास पहुंचता है. वह इधर-उधर देखता है और फिर शिवलिंग पर अपना सिर और जीभ रगड़ने लगता है. कुछ क्षणों तक वह वहीं ठहरता है, मानो किसी गहरे भाव में डूबा हो. इस दृश्य ने सोशल मीडिया पर तेजी से लोगों का ध्यान खींचा है.
मध्य प्रदेश के कटनी जिले के सडार वन क्षेत्र से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में एक बाघ जंगल के भीतर स्थापित भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग पर अपना सिर रगड़ते हुए नजर आ रहा है.#MP #MadhyaPradesh #ViralVideo #TrendingVideo pic.twitter.com/8I0mwhkIfE
— NMF NEWS (@nmfnewsofficial) February 21, 2026
आस्था और विज्ञान के बीच बहस
हालांकि, इस घटना को लेकर दो तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. एक ओर कई लोग इसे आस्था और चमत्कार से जोड़ रहे हैं. उनका कहना है कि यह भगवान शिव की महिमा का प्रमाण है. दूसरी ओर वन विभाग के अधिकारी इसे वन्यजीवों के सामान्य व्यवहार से जोड़कर देख रहे हैं.
विशेषज्ञों की क्या है राय?
विशेषज्ञों के अनुसार, बाघ जैसे जंगली जानवर अक्सर अपनी गंध छोड़ने के लिए पेड़ों, चट्टानों या अन्य ठोस वस्तुओं पर सिर रगड़ते हैं. यह उनका प्राकृतिक व्यवहार है. इससे वे अपने क्षेत्र की पहचान तय करते हैं और दूसरे जानवरों को अपनी मौजूदगी का संकेत देते हैं. कई बार शरीर में खुजली होने पर भी वे इस तरह की हरकत करते हैं. इसलिए संभव है कि बाघ ने शिवलिंग को एक ठोस पत्थर समझकर ऐसा किया हो.
वन विभाग ने बढ़ाई सतर्कता
कटनी का यह इलाका वन्यजीवों की सक्रियता के लिए जाना जाता है. मध्य प्रदेश को देश का टाइगर स्टेट भी कहा जाता है, क्योंकि यहां बाघों की संख्या अन्य राज्यों की तुलना में अधिक है. सडार और आसपास के ग्रामीण इलाकों में बाघों और चीतों की मौजूदगी पहले भी दर्ज की जाती रही है. वन विभाग की टीम लगातार गश्त पर रहती है. इस घटना के बाद क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है. पान उमरिया रेंज के अधिकारी अजय मिश्रा ने जानकारी दी कि यह स्थान सडार गांव से लगभग 400 मीटर की दूरी पर है. गश्ती दल को अलर्ट पर रखा गया है और ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है. साथ ही लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है.
यह भी पढ़ें
फिलहाल यह वीडियो आस्था और विज्ञान के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. कोई इसे चमत्कार कह रहा है तो कोई प्रकृति का सामान्य व्यवहार. लेकिन इतना तय है कि इस घटना ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है. जंगल की दुनिया अपने भीतर कई रहस्य समेटे हुए है, और कभी-कभी ऐसे दृश्य सामने आते हैं जो हमें हैरान भी करते हैं और प्रकृति के करीब भी ले जाते हैं.
टिप्पणियाँ 0
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें