ऊपर से गुजर गई ट्रेन, बच्चों को सीने से लगाए बैठी रही मां... बिहार का वीडियो देख कांप उठे लोग
बिहार के शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में तेज रफ्तार ट्रेन आने पर एक मां अपने बच्चों को बचाने के लिए रेलवे ट्रैक के बीच नीचे बैठ जाती है. ट्रेन गुजरने के बाद सभी सुरक्षित बच जाते हैं.
Follow Us:
रेलवे ट्रैक पर जरा सी लापरवाही कई बार बड़े हादसे में बदल जाती है. सोशल मीडिया पर अक्सर रेलवे सुरक्षा से जुड़े वीडियो वायरल होते रहते हैं, लेकिन बिहार के शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन से सामने आया एक वीडियो लोगों को डराने के साथ-साथ भावुक भी कर रहा है. इस वीडियो में एक मां ने अपनी जान की परवाह किए बिना अपने बच्चों को बचाने के लिए जो किया, उसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया. यही वजह है कि यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग मां की हिम्मत को सलाम कर रहे हैं.
क्या है पूरी घटना?
वायरल वीडियो के मुताबिक, शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर तीन महिलाएं दो छोटे बच्चों के साथ रेलवे लाइन पार कर रही थीं. तभी अचानक तेज रफ्तार ट्रेन वहां पहुंच गई. ट्रेन को बेहद करीब आता देखकर महिलाओं के पास बचने का ज्यादा समय नहीं था. ऐसे में उन्होंने तुरंत सूझबूझ दिखाई और बच्चों को लेकर रेलवे ट्रैक के बीच बने खाली हिस्से में नीचे बैठ गईं. कुछ ही सेकंड में पूरी ट्रेन उनके ऊपर से गुजर गई. वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन गुजरने तक महिलाएं बच्चों को कसकर पकड़े रहती हैं. सबसे ज्यादा चर्चा उस मां की हो रही है जिसने बच्चों को अपनी बाहों में लेकर खुद को उनके ऊपर ढाल की तरह कर लिया. हालांकि इस घटना में महिला को हल्की चोटें भी आईं, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित बच गए.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @Abhimanyu1305 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया था. देखते ही देखते लाखों लोगों ने इसे देख लिया और वीडियो तेजी से वायरल होने लगा. वीडियो देखने के बाद कई लोग भावुक हो गए, जबकि कुछ लोगों ने इसे रेलवे ट्रैक पार करने में बरती गई बड़ी लापरवाही बताया. सोशल मीडिया पर यूजर्स लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, 'मां से बड़ा योद्धा कोई नहीं होता.' वहीं दूसरे यूजर ने कहा, 'जिस तरह मां ने बच्चों को बचाया, वह देखकर रोंगटे खड़े हो गए.' आर के निषाद नाम के एक यूजर ने लिखा कि मां हमेशा अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए खुद को खतरे में डाल देती है. वहीं अभिमन्यु सिंह नाम के यूजर ने कहा कि मां की बहादुरी काबिल-ए-तारीफ है, लेकिन रेलवे लाइन पार करते समय सावधानी बरतना भी बेहद जरूरी है.
रेलवे सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
इस घटना के बाद रेलवे सुरक्षा को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है. कई लोगों ने कहा कि जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करना बेहद खतरनाक हो सकता है. लोगों को हमेशा फुटओवर ब्रिज या सुरक्षित रास्तों का इस्तेमाल करना चाहिए. जरा सी लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि यह वीडियो एक तरफ मां की ममता और बहादुरी दिखाता है, तो वहीं दूसरी तरफ रेलवे सुरक्षा को लेकर लोगों को सतर्क रहने का बड़ा संदेश भी देता है. उम्मीद है कि ऐसे वीडियो को देखकर रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्री भी सावधानी बरतेंगे और सुरक्षा के भी पुख़्ता रहें.
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें