कॉल करते ही मौके पर पहुंची सफाई टीम, रेलवे की तत्परता देख दंग रह गए यात्री, वीडियो वायरल
दिल्ली–अमृतसर ट्रेन में यात्री मनोज मल्होत्रा द्वारा क्लीनिंग नंबर पर की गई टेस्ट कॉल के महज 2 मिनट के भीतर सफाई स्टाफ मौके पर पहुंच गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और रेलवे की तेज सेवा की जमकर सराहना हो रही है.
Follow Us:
भारतीय रेलवे को लेकर अक्सर लोगों की शिकायतें सामने आती रहती हैं, लेकिन इस बार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने लोगों की राय बदलने का काम किया है. वीडियो में रेलवे की सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों की तेजी देखकर इंटरनेट यूजर्स भी हैरान नजर आ रहे हैं. दिल्ली से अमृतसर जा रहे एक यात्री ने सिर्फ टेस्ट के तौर पर रेलवे का क्लीनिंग नंबर डायल किया, लेकिन कुछ ही मिनटों में जो हुआ उसने सभी को प्रभावित कर दिया.
2 मिनट में पहुंचा सफाई स्टाफ
जानकारी के मुताबिक मनोज मल्होत्रा नाम के यात्री दिल्ली से अमृतसर की यात्रा कर रहे थे. ट्रेन के कोच में उन्हें रेलवे का क्लीनिंग कंप्लेंट नंबर दिखाई दिया. उन्होंने सोचा कि क्यों न इस सुविधा को एक बार जांचा जाए. मनोज ने दोपहर 12:51 बजे दिए गए नंबर पर कॉल किया और अपनी ट्रेन, कोच और सीट की जानकारी साझा की. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कॉल के महज 2 मिनट बाद, यानी 12:53 बजे ही सफाई कर्मचारी उनकी सीट तक पहुंच गए. इतनी तेजी देखकर यात्री खुद भी हैरान रह गए. वायरल वीडियो में साफ दिखाई देता है कि कर्मचारी तुरंत सफाई में जुट जाते हैं और समस्या का समाधान करते हैं.
View this post on InstagramAdvertisement
कॉल के तुरंत बाद शुरू हुआ काम
वीडियो में सफाई स्टाफ यह कहते हुए भी नजर आता है कि शिकायत दर्ज कराने के लिए कॉल करना जरूरी नहीं था. अगर यात्री कोच अटेंडेंट को भी जानकारी देते तो सफाई तुरंत कर दी जाती. सोशल मीडिया पर लोग रेलवे स्टाफ की तत्परता और व्यवहार की जमकर तारीफ कर रहे हैं. मनोज मल्होत्रा ने अपना अनुभव शेयर करते हुए लिखा कि भले ही यह छोटी बात लगे, लेकिन ऐसे छोटे बदलाव ही देश की सार्वजनिक सेवाओं में बड़े सुधार का संकेत देते हैं. उन्होंने रेलवे की समयबद्धता और सफाई व्यवस्था की सराहना की.
रेलवे लगातार सुधार पर कर रहा काम
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी हाल के महीनों में रेलवे की सफाई व्यवस्था को लेकर कई बार बयान दे चुके हैं. उन्होंने बताया था कि ट्रेनों की साफ-सफाई के लिए अलग बजट तय किया गया है और यात्रियों से इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाता. रेलवे अब ऑनबोर्ड हाउसकीपिंग, मॉनिटरिंग सिस्टम और बायो-टॉयलेट जैसी सुविधाओं पर लगातार काम कर रहा है. यह वायरल वीडियो अब सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है और कई यूजर्स इसे “बदलते भारतीय रेलवे” की तस्वीर बता रहे हैं.