'डेमो तो देख ही लिया होगा', ऑपरेशन सिंदूर पर जैसे ही बोले PM मोदी, गूंज उठा मार्वल स्टेडियम, ऑस्ट्रेलियाई PM भी थे मौजूद
प्रधानमंत्री मोदी ने मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में जुटे हजारों भारतीयों के बीच जोरदार भाषण दिया. इस दौरान उन्होंने कहा कि 'ये शो हाउसफुल और ब्लॉकबस्टर है. इतना ही नहीं उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र कर पाकिस्तान पर भी तीखा तंज कसा.
Follow Us:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देखने और सुनने के लिए मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में हजारों की संख्या में भारतीय समुदाय के लोग जुटे. प्रधानमंत्री अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज के साथ यहां पहुंचे. पीएम मोदी ने वहां मौजूद प्रवासी भारतीयों से उनके सम्मान में फ्लैश लाइट जलाने को कहा, जिसके प्रत्युत्तर में पूरा स्टेडियम जगमगा गया. हजारों की संख्या में लोगों की मौजूदगी से गदगद पीएम मोदी ने कहा, "ये शो हाउसफुल और ब्लॉकबस्टर है."
जब ऑस्ट्रेलियाई PM के सामने ऑपरेशन सिंदूर पर बोले PM मोदी
इस दौरान मेक इन इंडिया की ताकत का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, वंदे भारत जैसी सेमी-हाई स्पीड ट्रेन सहित डिफेंस टेक्नोलॉजी में भारत की बढ़ती ताकत को हाईलाइट किया और ऑपरेशन सिंदूर की याद दिलाई कि किस तरह भारत में बनी मिसाइलों और हथियारों से पाकिस्तान के छक्के छुड़ाए गए.
प्रधानमंत्री ने इस दौरान भारतीय समुदाय कि ओर मुखातिब होते हुए कहा कि,"आपने...आपने...ऑपरेशन सिंदूर के दौरान डेमो तो देख ही लिया होगा....धमाके आतंकियों के अड्डे पर हो रहे थे, गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दे रही थी...टेरर कैंप पर इस प्रहार से आपको गर्व हुआ कि नहीं....भारत माता की जय" पीएम ने अपने संबोधन में आगे कहा, "मैं अपनी बात उस जमीन के पारंपरिक मालिकों को नमन करते हुए शुरू करना चाहता हूं जहां हम मिल रहे हैं और मैं उनके बड़े-बुज़ुर्ग, चाहे वे अतीत के हों, वर्तमान के हों या भविष्य के, उनके प्रति सम्मान व्यक्त करता हूं."
"आपने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान डेमो तो देख ही लिया होगा....धमाके आतंकियों के अड्डे पर हो रहे थे, गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दे रही थी...टेरर कैंप पर इस प्रहार से आपको गर्व हुआ कि नहीं....भारत माता की जय"
— NMF NEWS (@NMFNewsNational) July 9, 2026
मेलबर्न में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए बोले पीएम मोदी, ऑस्ट्रेलियाई… pic.twitter.com/HSI2ZvRhmj
एक ही दिन में 4 सीजन के दर्शन करा देता है मेलबर्न: PM Modi
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, " ये मेलबर्न शहर एक दिन में ही चार सीजन के दर्शन करा देता है, लेकिन भारतीय समुदाय ने अपने कल्चरल कलर से इसे और वाइब्रेंट बना दिया है. यहां मेलबर्न में और आस पास काफी ऐसे स्थान हैं, मार्केट हैं जो भारतीयता के रंग से भरे हैं. कोई इसे लिटिल इंडिया कहता है, कोई मिनी इंडिया कहता है... नाम कोई भी हो लेकिन रंग भारतीयता से भरे हुए हैं."
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 2014 के ऑस्ट्रेलिया दौरे को याद करते हुए कहा कि उस समय करीब 28 वर्षों के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रेलिया की यात्रा की थी. उन्होंने कहा, "उस दौरान मैंने कहा था कि अगली बार भारत के प्रधानमंत्री के आने के लिए लोगों को 28 साल इंतजार नहीं करना पड़ेगा."
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में यह उनकी ऑस्ट्रेलिया की तीसरी यात्रा है और यह एक तरह से ‘हैट्रिक’ है. प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बदलाव दर्शाता है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच संबंध कितनी तेजी से मजबूत हुए हैं.
'भारत हमारे लिए ट्रेड नहीं ट्रस्ट वाला देश...',
इससे पहले विक्टोरिया की प्रीमियर जेसिंटा ने पीएम मोदी का स्वागत किया. उन्होंने कहा, "विक्टोरिया भारतीयों का सम्मान करता है, आपके मूल्यों का आदर करता है; हमारे लिए भारत ट्रेड का नहीं बल्कि ट्रस्ट का सबब है." उन्होंने इस मंच से भारत के लोगों को विक्टोरिया आने का न्योता दिया.
यह भी पढ़ें
इससे पहले मार्वल स्टेडियम में भारतीय समुदाय अपने पीएम की झलक देखने को बेताब दिखा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में आयोजित सामुदायिक कार्यक्रम में भारत का राष्ट्रगान गूंजा. इस विशेष अवसर पर ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी मौजूद रहे. कार्यक्रम ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत होते संबंधों, सांस्कृतिक जुड़ाव और दोनों देशों के लोगों के बीच बढ़ती साझेदारी की झलक पेश की.