गुरुग्राम के स्पा सेंटरों पर 6 घंटे चला ऑपरेशन, 20 युवक और 20 से ज्यादा युवतियां हिरासत में
गुरुग्राम में सेक्टर 90 स्थित सफायर 90 मॉल में चल रहे 18 स्पा सेंटरों पर पुलिस ने रात छापेमारी कर 20 महिलाएं और 20 युवकों को हिरासत में लिया.
Follow Us:
गुरुग्राम के सेक्टर-90 स्थित सफायर 90 मॉल में स्पा सेंटर्स की आड़ में कथित गैर-कानूनी गतिविधियों की शिकायतों के बाद हरियाणा राज्य महिला आयोग और गुरुग्राम पुलिस ने शुक्रवार रात बड़े स्तर पर संयुक्त छापेमारी की. करीब छह घंटे तक चली कार्रवाई रात 10 बजे शुरू हुई और शनिवार तड़के करीब 3 बजे तक जारी रही. इस दौरान मॉल के करीब 18 स्पा सेंटर्स की जांच की गई.
20 युवक और 20 से अधिक युवतियां पूछताछ के लिए हिरासत में
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई में करीब 70 से 100 पुलिसकर्मी और अधिकारी शामिल रहे. टीम में लगभग 20 इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी भी शामिल थे. छापेमारी के दौरान करीब 20 युवक और 20 से अधिक युवतियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया. महिला आयोग की ओर से कुछ युवतियों के नाबालिग होने की आशंका भी जताई गई है. हालांकि, उनकी उम्र और मामले से जुड़ी अन्य जानकारियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
स्पा मालिकों और संचालकों की भूमिका की जांच
पुलिस का कहना है कि 18 में से आठ स्पा सेंटर्स में प्रथम दृष्टया संदिग्ध गैर-कानूनी गतिविधियों के साक्ष्य मिले हैं. कार्रवाई के दौरान इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल उपकरणों के साथ-साथ भौतिक और दस्तावेजी साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं. पुलिस अब स्पा सेंटरों के मालिकों, संचालकों, मैनेजरों और अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, कुछ सेंटरों से आपत्तिजनक वस्तुएं और संदिग्ध नशीले पदार्थ भी बरामद किए गए हैं.
#WATCH | Gurugram, Haryana: ACP Gurugram Police, Abhilaksh Joshi says, "A joint operation has been conducted here by the State Commission for Women, the police, and the district administration, covering 18 spa centers; action is being taken under the Immoral Traffic (Prevention)… https://t.co/aO27VQeBOR pic.twitter.com/XXoQuqD0FZ
— ANI (@ANI) September 19, 2026
हरियाणा राज्य महिला आयोग को मॉल के आसपास के दुकानदारों से पिछले कई महीनों से स्पा सेंटरों को लेकर शिकायतें मिल रही थीं. शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आयोग ने गुरुग्राम पुलिस और जिला प्रशासन के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की. ऑपरेशन के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी भी रही.
छापेमारी में 18 से 19 स्पा सेंटरों को किया गया कवर
गुरुग्राम पुलिस के एसीपी अभिलक्ष जोशी ने बताया कि महिला आयोग की चेयरपर्सन और पुलिस कमिश्नर के निर्देशों पर मिली सूचना के आधार पर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और राज्य आयोग ने संयुक्त अभियान चलाया. उन्होंने बताया कि छापेमारी में 18 से 19 स्पा सेंटरों को कवर किया गया और बरामद सामग्री को जब्त कर लिया गया.
यह भी पढ़ें
पुलिस ने मामले में इम्मोरल ट्रैफिक (प्रिवेंशन) एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है. जांच के दौरान कुछ युवतियों को कथित तौर पर जबरन देह व्यापार में धकेले जाने की बात भी सामने आई है. पुलिस अब सभी आरोपों, बरामद साक्ष्यों और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.