बेंगलुरु में खौफनाक वारदात: कोलकाता की नर्स पर पति ने फेंका तेजाब, फिर धारदार हथियार से किए वार
यह घटना जेपी नगर इलाके के नारायण क्लीनिक के पास हुई. 26 साल की मधुमिता सुबह अपने क्लीनिक से निकली थी. इस दौरान पति वेंकटेशन उसका पीछा कर रहा था.
Follow Us:
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां जेपी नगर थर्ड फेज इलाके में एक पति ने अपनी नर्स पत्नी पर तेजाब फेंक दिया. इसके बाद उसने पत्नी पर धारदार हथियार से वार भी किया.
यह घटना जेपी नगर इलाके के नारायण क्लीनिक के पास हुई. 26 साल की मधुमिता सुबह अपने क्लीनिक से निकली थी. इस दौरान पति वेंकटेशन उसका पीछा कर रहा था. जैसे ही मौका मिला उसने मधुमिता पर तेजाब फेंकने के बाद दरांती से हमला कर दिया. हमले में मधुमिता बुरी तरह घायल हो गई है. उसे गंभीर हालत में प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया. उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
एक साल से अलग रह रहे थे पति-पत्नी
पीड़िता मधुमिता कोलकाता की रहने वाली है जबकि पति वेंकटेशन तमिलनाडु का है. यह घटना गुरुवार सुबह 9.15 बजे की है. मधुमिता पिछले डेढ़ साल से इस क्लीनिक में नर्स के तौर पर काम कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, उसका पति वेंकटेश बाइक पर आया था और क्लिनिक के पास अपनी पत्नी का इंतजार कर रहा था. बताया जा रहा है कि दोनों पिछले करीब एक साल से अलग रह रहे थे और आपस में संपर्क में नहीं थे.
बाल पकड़कर दरांती से कई वार किए
जैसे ही मधुमिता क्लीनिक से बाहर आई, वेंकटेश ने उसका पीछा किया. वह भागकर क्लीनिक की बेसमेंट पार्किंग की तरफ गई, जहां आरोपी ने उसे पकड़ लिया और उस पर तेजाब फेंक दिया.
इसके बाद उसने बाल पकड़कर उस पर दरांती से कई बार वार किए.
यह हमला दिनदहाड़े सबके सामने हुआ, कई लोगों ने शोर मचाया और बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने दरांती से उन्हें डराया. कुछ लोगों ने आरोपी पर पत्थर फेंककर मधुमिता को बचाने की कोशिश भी की लेकिन उसे काबू नहीं कर पाए.
लोगों ने इस हमले का वीडियो भी बना लिया है. पुलिस को ये वीडियो मिल गए हैं, जो जांच का हिस्सा बनेंगे. बाद में एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचा, जिसके बाद आरोपी को काबू में किया गया और हिरासत में ले लिया गया.
यह भी पढ़ें- लखनऊ: बीच सड़क बैंक मैनेजर पत्नी की हत्या की, घर जाकर बहन को भी मारा और फिर कर ली खुदकुशी, ट्रिपल मर्डर से सनसनी
जेपी नगर पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हमले की वजह क्या थी और वेंकटेश ने अपनी पत्नी पर तेजाब और दरांती से हमला क्यों किया. इस सनसनीखेज मामले में आगे की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें
With Ians Input