एक पति की तीन पत्नियां... करवाचौथ पर पहले पूजा करने को लेकर भिड़ीं महिलाएं, पुलिस चौकी पहुंचा मामला; जानें फिर क्या हुआ
कानपुर के बिठूर इलाके में करवाचौथ पर एक पति की तीन पत्नियों के बीच पहले पूजा करने को लेकर विवाद हो गया. मामला इतना बढ़ा कि तीनों के बीच कहासुनी पुलिस चौकी तक पहुंच गई. बताया जा रहा है कि पहली पत्नी ने ही पति की दूसरी शादी अपनी सहेली से कराई थी, जबकि युवक ने बाद में तीसरी शादी भी कर ली. दूसरी पत्नी से युवक की एक बेटी भी है.
Follow Us:
करवाचौथ का त्योहार आमतौर पर पति की लंबी उम्र और खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना के लिए मनाया जाता है. इस दिन सुहागिन महिलाएं पूरे दिन निर्जला व्रत रखती हैं और शाम को चांद देखने के बाद पति के हाथों से पानी पीकर व्रत खोलती हैं. लेकिन उत्तर प्रदेश के कानपुर में इस बार करवाचौथ का नजारा कुछ अलग ही देखने को मिला. यहां एक पति की तीन पत्नियों के बीच पहले पूजा करने को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि मामला पुलिस चौकी तक पहुंच गया.
तीन पत्नियां, एक पति और पूजा को लेकर विवाद
मामला कानपुर के बिठूर इलाके के एक गांव का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, युवक की पहली शादी हुई थी, लेकिन कई साल तक दंपती को कोई संतान नहीं हुई. इसके बाद पहली पत्नी ने खुद अपनी सहेली से पति की दूसरी शादी कराने का फैसला किया. दोनों परिवारों की सहमति से यह शादी हुई और दूसरी पत्नी से युवक को एक बेटी भी हुई. हालांकि, परिवार की कहानी में एक और मोड़ तब आया, जब युवक ने तीसरी शादी कर ली. इसके बाद तीनों महिलाएं अलग-अलग रिश्तों के साथ एक ही पति के जीवन का हिस्सा बन गईं. करवाचौथ के मौके पर तीसरी पत्नी भी पति के घर पहुंच गई. फिर क्या था, तीनों के बीच इस बात को लेकर बहस शुरू हो गई कि पति के साथ सबसे पहले पूजा करने का अधिकार किसे मिलेगा. देखते ही देखते घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया. त्योहार की खुशियों के बीच शुरू हुआ यह विवाद इतना बढ़ गया कि पहली और दूसरी पत्नी शिकायत लेकर मंधना पुलिस चौकी पहुंच गईं. तीसरी पत्नी भी चौकी के बाहर मौजूद रही.
पुलिस चौकी के बाहर भी नहीं थमा विवाद
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस चौकी में काफी देर तक बातचीत और समझाइश का दौर चला. तीनों महिलाओं के बीच सहमति बनाने की कोशिश की गई. कुछ समय बाद पहली और दूसरी पत्नी चौकी से बाहर आ गईं, लेकिन विवाद पूरी तरह शांत नहीं हुआ. चौकी से बाहर निकलते ही तीनों महिलाओं के बीच दोबारा बहस शुरू हो गई. सड़क पर ही कहासुनी होने लगी. काफी देर तक चले इस घटनाक्रम के बाद आखिरकार तीनों ने एक साथ करवाचौथ का व्रत रखने और पूजा करने पर सहमति जता दी. हालांकि, बिठूर इंस्पेक्टर ने इस मामले की जानकारी होने से इनकार किया है. ऐसे में घटना से जुड़ी पूरी आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है.
प्रेमिका की जिद ने भी करवाया पुलिस चौकी का चक्कर
कानपुर में करवाचौथ के दिन एक दूसरा मामला भी चर्चा में रहा. बिठूर इलाके में एक युवती अपने प्रेमी के घर जाकर ही व्रत तोड़ने की जिद पर अड़ गई. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कई साल से प्रेम संबंध हैं और उनके घर आमने-सामने स्थित हैं. जानकारी के अनुसार, जब दोनों नाबालिग थे, तब परिवार की नाराजगी के चलते किराये के कमरे में साथ रहने लगे थे. बालिग होने के बाद युवक ने अपने परिजनों से युवती के साथ शादी करने की इच्छा जताई, लेकिन परिवार इसके लिए तैयार नहीं था. करवाचौथ के दिन युवती ने व्रत रखा और अपने प्रेमी के साथ मंधना पुलिस चौकी पहुंच गई. उसकी मांग थी कि वह प्रेमी के घर जाकर ही अपना व्रत खोले. युवक ने भी युवती को अपने घर ले जाने के लिए पुलिस से सुरक्षा मांगी.
यह भी पढ़े: हजारीबाग ओपन जेल में दो पूर्व नक्सलियों ने रचाई शादी, इस अनोखी शादी में पुलिस-प्रशासन बना बाराती
आखिरकार शादी के लिए तैयार हुआ परिवार
यह भी पढ़ें
पुलिस चौकी में दोनों पक्षों के बीच घंटों बातचीत चली. काफी समझाने-बुझाने के बाद युवक के परिजन शादी के लिए राजी हो गए. इसके बाद युवती अपने प्रेमी के घर पहुंची और वहीं अपना करवाचौथ का व्रत खोला. इस तरह कानपुर में करवाचौथ के दिन दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों का ध्यान खींचा. एक तरफ तीन पत्नियों के बीच पूजा के क्रम को लेकर विवाद हुआ, तो दूसरी तरफ प्रेमिका की जिद के चलते परिवार को शादी के लिए राजी होना पड़ा. त्योहार के इस दिन दोनों घटनाओं ने रिश्तों, परिवार और आपसी सहमति को लेकर कई सवाल भी खड़े कर दिए.