सहारनपुर PNB करेंसी चेस्ट में 17.29 करोड़ के नकली नोट, NIA ने ड्राइवर आदेश चौधरी को दबोचा
पीएनबी की करेंसी चेस्ट में मिले 17 करोड़ 29 लाख रुपये के नकली नोटों के नेटवर्क से जुड़े मामले में NIA ने ड्राइवर आदेश चौधरी को किया गिरफ्तार.
Follow Us:
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पंजाब नेशनल बैंक करेंसी चेस्ट, सहारनपुर में 17.29 करोड़ रुपये के जाली नोट मिलने के मामले में एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है.
17.29 करोड़ रुपये के जाली नोट मिलने से मचा था हड़कंप
आरोपी की पहचान आदेश चौधरी के रूप में हुई है, जो गंगोह रोड, न्यू नंदपुरी कॉलोनी, थाना कुतुब शेर, मानक मौ, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश का निवासी है. आरोपी सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में संविदा पर ड्राइवर के तौर पर काम करता था.
एनआईए ने इस मामले को आरसी-02/2026/एनआईए/एलकेओ के तहत दर्ज किया है.
पहले स्थानीय थाने में दर्ज हुई थी FIR
जानकारी के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को थाना सदर बाजार, जिला सहारनपुर को पीएनबी करेंसी चेस्ट, सिविल लाइंस, सहारनपुर से 17.29 करोड़ रुपये के नकली भारतीय करेंसी नोट बरामद होने की विश्वसनीय सूचना मिली थी. प्रारंभिक जांच में बैंक के 3 कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद बैंक ने उन्हें निलंबित कर दिया था.
शुरुआत में यह मामला 29 अगस्त 2026 को थाना सदर बाजार, सहारनपुर में एफआईआर नंबर 0431/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 178 के तहत 3 आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया गया था. बाद में 3 सितंबर 2026 को एनआईए ने इस केस को री-रजिस्टर किया था.
7 सितंबर को अमित कुमार की हुई थी गिरफ्तारी
इससे पहले 7 सितंबर 2026 को एनआईए ने एफआईआर में नामजद आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार किया था.
यह भी पढ़ें
एनआईए ने बताया कि पूरी साजिश का पर्दाफाश करने और शेष सह-आरोपियों व संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है.