‘रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त...’ इटली पहुंचते ही मेलोनी ने PM मोदी संग शेयर की नई सेल्फी, सोशल मीडिया पर हुई वायरल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में इटली पहुंच गए हैं. रोम पहुंचने पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और सोशल मीडिया पर उनके साथ सेल्फी साझा करते हुए बेहद ख़ास संदेश लिखा है.
Follow Us:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पांच देशों की यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव इटली पहुंच चुकी है. पीएम मोदी मंगलवार शाम रोम पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया. इस दौरान इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी उनका विशेष अंदाज में स्वागत किया, जिसने दोनों नेताओं की मजबूत दोस्ती को उजागर किया. जॉर्जिया मेलोनी के विशेष निमंत्रण पर हो रहा यह दौरा पीएम मोदी का इटली का पहला आधिकारिक द्विपक्षीय दौरा है.
इसी बीच, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पीएम मोदी (Narendra Modi) के साथ एक नई और बेहद आकर्षक सेल्फी साझा की. तस्वीर के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त!' मेलोनी की इस पोस्ट के सामने आते ही यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई. जानकारी देते चलें कि यह पहली बार नहीं है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हों. इससे पहले वर्ष 2023 में दुबई में आयोजित COP28 सम्मेलन के दौरान मेलोनी द्वारा साझा की गई 'Good friends at COP28' सेल्फी काफी वायरल हुई थी. वहीं, 2024 में इटली के अपुलिया में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं का 'मेलोडी टीम की तरफ से हैलो' वीडियो भी दुनियाभर में सुर्खियों में रहा था. इटली पहुंचने पर पीएम मोदी का प्रवासी भारतीय समुदाय ने उत्साह और गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. रोम में उनके होटल पहुंचने पर लोगों ने उनका अभिनंदन किया. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी को वाराणसी के घाटों की खूबसूरती को दर्शाती एक विशेष पेंटिंग भी भेंट की गई.
Welcome to Rome, my friend! 🇮🇹🇮🇳 pic.twitter.com/mUjFL4HIqY
— Giorgia Meloni (@GiorgiaMeloni) May 19, 2026
क्यों खास है PM मोदी का इटली दौरा?
पीएम मोदी का यह दौरा रणनीतिक और कूटनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है. क्योंकि पीएम मोदी इस दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. अपने प्रवास के दौरान वह इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मटारेला से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी (Giorgia Meloni) के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगे. इसके साथ ही पीएम मोदी भारत और इटली के प्रमुख उद्योगपतियों एवं सीईओ के साथ संवाद भी करेंगे. दौरे के दौरान वह संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के मुख्यालय का दौरा कर वैश्विक खाद्य सुरक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करेगा.
तीन साल में आठ मुलाकात
विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, वर्ष 2023 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच यह आठवीं मुलाकात होगी. यह लगातार बढ़ती बातचीत दोनों देशों के मजबूत होते संबंधों को दर्शाती है. मार्च 2023 में जॉर्जिया मेलोनी की भारत यात्रा और उसके बाद जी-20 शिखर सम्मेलन में उनकी सक्रिय भागीदारी ने भारत-इटली संबंधों को नई मजबूती दी थी. मौजूदा दौरे के दौरान दोनों नेता ‘संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-29’ के तहत अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे. साथ ही रक्षा सहयोग, आतंकवाद के वित्तपोषण पर रोक और नए क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने को लेकर आगे की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी.
इटली बना भारत का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार
भारत और इटली के बीच व्यापारिक रिश्ते लगातार नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहे हैं. यूरोपीय संघ (EU) में इटली अब भारत का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक सहयोगी बन गया है. वर्ष 2025 में दोनों देशों के बीच व्यापार का आंकड़ा 14.25 बिलियन यूरो, यानी लगभग 1.3 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. दोनों देशों ने आने वाले वर्षों में आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने का लक्ष्य तय किया है। इसी दिशा में वर्ष 2029 तक द्विपक्षीय व्यापार को 20 बिलियन यूरो तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है। इटली की कंपनियां भारत में 3.66 बिलियन डॉलर से अधिक का निवेश कर चुकी हैं. वहीं, टाटा मोटर्स (Tata Motors) द्वारा इवेको ग़्रुप (Iveco Group) के अधिग्रहण के बाद यूरोपीय बाजार में भारतीय कंपनियों की मौजूदगी और आत्मविश्वास दोनों मजबूत हुए हैं.
इटली में बसा है भारतीय प्रवासियों का सबसे बड़ा समूह
इटली में भारतीय समुदाय की मौजूदगी लगातार बढ़ रही है. अनुमान के मुताबिक वहां करीब 1.87 लाख से 2.5 लाख भारतीय रह रहे हैं, जो यूरोपीय संघ में भारतीय प्रवासियों का सबसे बड़ा समूह माना जाता है। दोनों देशों के बीच हुए ‘माइग्रेशन एंड मोबिलिटी एग्रीमेंट’ के तहत नागरिकों और छात्रों के लिए आवागमन एवं अवसरों को और सरल बनाया जा रहा है. फिलहाल इटली में 5100 से अधिक भारतीय छात्र शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि इसके अलावा, इटली अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन और भारत समर्थित मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEEC) जैसी पहलों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रहा है. इन परियोजनाओं के लिए विशेष दूतों की नियुक्ति दोनों देशों के बढ़ते सहयोग कोदर्शाती है. माना जा रहा है कि यह दौरा वैश्विक चुनौतियों पर भारत और इटली के बीच रणनीतिक समन्वय को नई दिशा देगा.
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें