ब्रिटेन में बचपन बचाने की पहल.. PM कीर स्टार्मर का ऐलान, 16 साल से छोटे बच्चों के लिए बैन होगा सोशल मीडिया
ब्रिटेन के पीएम कीर स्टारमर ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन का ऐलान किया है, जिसका उद्देश्य बच्चों पर इसके नकारात्मक प्रभाव को रोकना है. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने भी ऐसा कदम उठाया था और कनाडा समेत कई देश नियम सख्त करने की तैयारी में हैं.
Follow Us:
सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को लेकर दुनिया भर में चिंता लगातार बढ़ रही है. खासकर बच्चों की मानसिक सेहत पर इसके असर को लेकर कई देश नए नियम बनाने में जुटे हैं. इसी कड़ी में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने एक बड़ा फैसला लेते हुए संकेत दिया है कि 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया की पहुंच सीमित या प्रतिबंधित की जा सकती है.
ब्रिटेन सरकार का मानना है कि कम उम्र में सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग बच्चों के व्यवहार, पढ़ाई और मानसिक विकास पर नकारात्मक असर डाल सकता है. यही वजह है कि सरकार अब बच्चों को डिजिटल दुनिया के संभावित खतरों से बचाने के लिए सख्त कदम उठाने की तैयारी में है.
आसान नहीं था यह फैसला
प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा कि यह फैसला लेना आसान नहीं था. उनके अनुसार कई बड़ी टेक कंपनियां इस कदम का विरोध कर रही हैं और सरकार पर दबाव भी बना रही हैं. इसके बावजूद सरकार बच्चों के हितों को प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि बड़ी संख्या में माता-पिता ने उनसे चिंता जताई थी कि उनके बच्चे स्मार्टफोन और सोशल मीडिया के आदी होते जा रहे हैं. यह स्थिति परिवारों और समाज दोनों के लिए चिंता का विषय बन चुकी है.
बच्चों को बचपन लौटाने की बात
अपने संदेश में कीर स्टार्मर ने कहा कि आज की पीढ़ी ऐसे दौर में बड़ी हो रही है, जहां तकनीक जीवन के हर हिस्से में मौजूद है. उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि बच्चों को उनका बचपन वापस दिया जाए और उन्हें अनावश्यक डिजिटल दबाव से दूर रखा जाए. यह बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि हाल के वर्षों में बच्चों के बीच स्क्रीन टाइम, ऑनलाइन बुलिंग और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं में तेजी से बढ़ोतरी देखी गई है.
We are banning social media access for under 16s.
— Keir Starmer (@Keir_Starmer) June 15, 2026
These days kids must find their feet in a world where technology intrudes into every area of their life.
I just can’t let that go on anymore. So we’re giving children their childhoods back. pic.twitter.com/jn7iQrcwk8
टेक कंपनियों पर बढ़ा दबाव
ब्रिटेन सरकार ने हाल के महीनों में टेक कंपनियों से कई नए सुरक्षा उपाय लागू करने को कहा है. इनमें उम्र सत्यापन की व्यवस्था मजबूत करना, एल्गोरिद्म में बदलाव करना और बच्चों को आपत्तिजनक या अश्लील सामग्री से दूर रखने के लिए सख्त कदम उठाना शामिल है. इसके अलावा सरकार ऑनलाइन गेमिंग और वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर होने वाली कुछ लाइव स्ट्रीमिंग गतिविधियों को भी बच्चों के लिए सीमित करने पर विचार कर रही है.
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि ऑस्ट्रेलिया पहले ही किशोरों और बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर सख्त नियम लागू कर चुका है. कनाडा भी इस दिशा में नए नियमों की तैयारी कर रहा है. ऐसे में ब्रिटेन का यह कदम दुनिया भर में डिजिटल सुरक्षा को लेकर चल रही बहस को और तेज कर सकता है.