'मुझे भारत से प्यार हो गया...', ऑस्ट्रेलियाई महिला ने बताई ऐसी बातें, सुनकर गर्व महसूस करेंगे भारतीय
भारत घूमने आई ऑस्ट्रेलियाई सोलो ट्रैवलर पेज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. उन्होंने भारतीयों की मेहमाननवाजी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि दुनिया में भारतीयों जैसा अपनापन और मेजबानी कहीं और नहीं मिलती.
Follow Us:
भारत अपनी संस्कृति, परंपराओं और मेहमाननवाजी के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है. अक्सर विदेश से आने वाले पर्यटक यहां के लोगों के व्यवहार और अपनत्व की तारीफ करते नजर आते हैं. इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऑस्ट्रेलियाई महिला का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने भारत और भारतीयों को लेकर ऐसी बातें कहीं हैं, जिन्हें सुनकर हर भारतीय गर्व महसूस कर सकता है.
दरअसल, पेज नाम की यह विदेशी सोलो ट्रैवलर भारत घूमने आई थीं. यात्रा के दौरान उन्हें कई ऐसे अनुभव हुए, जिन्होंने भारत को लेकर उनकी सोच पूरी तरह बदल दी. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि भारतीय दुनिया के सबसे मेहमाननवाज लोगों में शामिल हैं और इस बात पर वह पूरी मजबूती से कायम हैं.
भारत में मिले छोटे-छोटे अनुभव बने बड़ी यादें
पेज ने अपने वीडियो में बताया कि भारत पहुंचने से पहले उनके मन में कई तरह की आशंकाएं थीं. खासकर एक महिला यात्री होने के कारण वह सुरक्षा को लेकर चिंतित थीं. लेकिन यहां आने के बाद जो अनुभव उन्हें मिले, उन्होंने उनके सभी डर दूर कर दिए. उन्होंने बताया कि दिल्ली पहुंचने पर उनकी फ्लाइट काफी देर से आई थी. रात का समय था और होटल तक पहुंचना आसान नहीं था. ऐसे में कैब चालक ने सिर्फ अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं की, बल्कि उन्हें सुरक्षित होटल के दरवाजे तक छोड़कर आया. यह घटना उनके लिए बेहद खास बन गई.
View this post on InstagramAdvertisement
लोगों की मदद ने जीता दिल
विदेशी महिला ने कई अन्य अनुभव भी साझा किए. उन्होंने बताया कि एक बार मेडिकल स्टोर पर उनके पास छुट्टे पैसे नहीं थे. इसके बावजूद दुकानदार ने बिना किसी झिझक के उन्हें जरूरी सामान दे दिया. यात्रा के दौरान जब वह रास्ता भटक गईं, तब एक स्थानीय महिला उन्हें खुद स्टेशन तक छोड़ने गई. वहीं बारिश में फंसने पर एक रेस्टोरेंट संचालक ने उन्हें अपनी स्कूटी से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया. पेज ने यह भी बताया कि एक बुजुर्ग महिला ने उन्हें सिर्फ इसलिए गर्म पकौड़े खिलाए, ताकि वह भारतीय खाने का स्वाद चख सकें. उनके अनुसार, यह सिर्फ खाना नहीं था, बल्कि भारतीय संस्कृति में छिपे प्रेम और अपनत्व का परिचय था.
भारत को लेकर बदल गई सोच
पेज ने कहा कि भारत आने से पहले उन्होंने कई तरह की बातें सुनी थीं, लेकिन यहां आकर जो अनुभव मिला, वह उम्मीद से कहीं बेहतर था. उन्होंने स्वीकार किया कि भारतीयों का व्यवहार, मदद करने की भावना और मेहमानों के प्रति सम्मान उन्हें बेहद प्रभावित कर गया. उनके मुताबिक, भारत में लोगों ने उन्हें कभी बाहरी व्यक्ति जैसा महसूस नहीं होने दिया. यही वजह है कि अब उन्हें इस देश और यहां की संस्कृति से खास लगाव हो गया है.
सोशल मीडिया पर भी मिली खूब सराहना
पेज का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हजारों लोग इसे देख चुके हैं और बड़ी संख्या में यूजर्स इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कई लोगों ने भारतीय संस्कृति के प्रसिद्ध संदेश 'अतिथि देवो भव:' का उल्लेख करते हुए कहा कि मेहमानों का सम्मान करना भारतीय परंपरा का अहम हिस्सा है.
बहरहाल, यह वीडियो एक बार फिर दिखाता है कि भारत की असली पहचान केवल उसकी ऐतिहासिक धरोहर या प्राकृतिक सुंदरता नहीं, बल्कि यहां के लोगों का दिल भी है. शायद यही वजह है कि एक विदेशी यात्री अपने अनुभवों के आधार पर पूरे विश्वास के साथ कह रही है कि भारतीयों जैसी मेहमाननवाजी दुनिया में कहीं और नहीं मिलती.