×
जिस पर देशकरता है भरोसा

बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी ने ली शपथ, राज्य में पहली बार BJP के हाथ में आई सत्ता की कमान

बिहार में सम्राट चौधरी ने 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, जो राज्य में बीजेपी के पहले सीएम बने हैं. उनके साथ जेडीयू के विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली. शपथ समारोह में कई बड़े नेता मौजूद रहे.

बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी ने ली शपथ, राज्य में पहली बार BJP के हाथ में आई सत्ता की कमान
Image Source: Screengrab / DD Bihar
Advertisement

बिहार की राजनीति में बुधवार का दिन ऐतिहासिक बन गया. राजधानी पटना के लोकभवन में बीजेपी नेता सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) ने राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. राज्यपाल सैय्यद अता हसनैन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. खास बात यह रही कि बिहार के इतिहास में पहली बार भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता मुख्यमंत्री बना है, जिससे राज्य की सियासत में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है.

पहली बार बीजेपी के हाथ में कमान

अब तक बिहार की राजनीति में बीजेपी सहयोगी दल के रूप में सत्ता में रही थी, लेकिन इस बार नेतृत्व की जिम्मेदारी सीधे पार्टी के हाथ में आई है. सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही बीजेपी ने एक नया राजनीतिक अध्याय शुरू कर दिया है. उनके साथ जेडीयू कोटे से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली, जिससे गठबंधन का संतुलन भी साफ नजर आया.

Advertisement

छोटा शपथग्रहण समारोह लेकिन संदेश बड़ा 

दिलचस्प बात यह रही कि शपथग्रहण समारोह काफी संक्षिप्त रखा गया. केवल तीन नेताओं ने ही शपथ ली, जबकि नई सरकार में अभी भी 33 मंत्री पद खाली हैं. इससे यह संकेत मिलता है कि आने वाले दिनों में मंत्रिमंडल का बड़ा विस्तार देखने को मिल सकता है. हालांकि समारोह छोटा जरूर था, लेकिन इसका राजनीतिक संदेश काफी बड़ा माना जा रहा है.

पटना में जश्न का माहौल

Advertisement

शपथग्रहण के मौके पर पटना में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. बीजेपी मुख्यालय को दुल्हन की तरह सजाया गया और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह नजर आया. सम्राट चौधरी के शपथ लेने के बाद उनके सीधे पार्टी कार्यालय पहुंचने की तैयारी भी की गई. यहां प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं के स्वागत के लिए खास इंतजाम किए गए, जिसमें लड्डू और पूरी-सब्जी जैसी व्यवस्थाएं भी शामिल रहीं.

गठबंधन में आगे क्या होगा?

नई सरकार में सहयोगी दलों की भूमिका को लेकर भी चर्चा तेज है. माना जा रहा है कि चिराग पासवान की एलजेपी, जीतन राम मांझी की ‘हम’ और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को भी सरकार में जगह मिल सकती है. हालांकि अभी तक इस पर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. वहीं विभागों के बंटवारे को लेकर बीजेपी और जेडीयू के बीच बातचीत जारी है, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष पद को लेकर भी चर्चा हो रही है.

पुराने अनुभव आएंगे काम 

Advertisement

सम्राट चौधरी इससे पहले नीतीश सरकार में दो बार डिप्टी सीएम रह चुके हैं. वहीं बिजेंद्र प्रसाद यादव ऊर्जा मंत्री और विजय कुमार चौधरी जल संसाधन मंत्री के रूप में काम कर चुके हैं. अब नई सरकार में इन नेताओं की भूमिकाएं बदलने जा रही हैं, जिससे प्रशासनिक कामकाज में भी नए बदलाव देखने को मिल सकते हैं.

विकास पर रहेगा फोकस

सीएम पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद सम्राट चौधरी ने साफ किया कि उनकी प्राथमिकता बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि की दिशा में आगे ले जाना होगा. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.

कैसा रहा सम्राट चौधरी का सियासी सफर ? 

Advertisement

जानकारी देते चलें कि 16 नवंबर 1968 को मुंगेर के लखनपुर में जन्में सम्राट चौधरी पूर्व केंद्रीय मंत्री शकुनी चौधरी के बेटे हैं.  सम्राट चौधरी के राजनीतिक सफर की शुरुआत लालू यादव की RJD से हुई थी. इसके बाद वह JDU में गए और फिर BJP का दामन थाम लिया. सम्राट चौधरी दो बार विधायक और MLC भी रह चुके हैं. जनवरी 2024 में नीतीश कुमार की NDA सरकार में उप-मुख्यमंत्री बने. उन्होंने वित्त, स्वास्थ्य, शहरी विकास, पंचायती राज आदि महत्वपूर्ण विभाग संभाले. 2025 बिहार विधानसभा चुनाव में तारापुर सीट से जीते और BJP के प्रमुख चेहरे बने. 

बताते चलें कि बिहार में यह सत्ता परिवर्तन सिर्फ चेहरे का बदलाव नहीं, बल्कि राजनीतिक दिशा में एक बड़ा संकेत माना जा रहा है. अब सभी की नजर आने वाले दिनों में होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार और सरकार के अगले कदमों पर टिकी है.

टिप्पणियाँ 0
G
Guest (अतिथि)
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
अधिक
Advertisement
Advertisement
शॉर्ट्स
वेब स्टोरीज़
होम वीडियो खोजें