'भगवान आपको माफ नहीं करेगा...', अभिषेक पर हमले के बाद अस्पताल CEO पर क्यों भड़कीं ममता बनर्जी?
पश्चिम बंगाल में अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के बाद सियासी विवाद गहरा गया है. इस बीच बेले व्यू अस्पताल से जुड़ा एक कथित ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें ममता बनर्जी अस्पताल प्रशासन पर नाराजगी जताती सुनाई दे रही हैं.
Follow Us:
पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को उस समय बड़ा भूचाल आ गया, जब टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर कथित तौर पर हमला कर दिया गया. इस घटना के बाद न केवल राज्य की सियासत गरमा गई, बल्कि अस्पताल प्रशासन, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं.
जानकारी के मुताबिक, अभिषेक बनर्जी दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर इलाके में पहुंचे थे. इसी दौरान वहां मौजूद उग्र भीड़ ने उनके काफिले को निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि भीड़ की ओर से पथराव किया गया और अंडे भी फेंके गए. हालात इतने बिगड़ गए कि सुरक्षाकर्मियों को अभिषेक को हेलमेट पहनाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना पड़ा. इस घटना में उन्हें चोटें भी आईं.
अस्पताल पहुंचने के बाद बढ़ा विवाद
हमले के बाद उन्हें कोलकाता के बैले व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया. लेकिन मामला तब और तूल पकड़ गया, जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अस्पताल प्रशासन के प्रति नाराजगी सामने आई. सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ममता बनर्जी अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी से नाराजगी जाहिर करती सुनाई दे रही हैं.
वायरल ऑडियो ने बढ़ाई सियासी हलचल
वायरल ऑडियो में ममता बनर्जी बंगाली भाषा में कह रहीं है कि 'मिस्टर टंडन, माफ कीजिए, लेकिन आपने गलत काम किया है. याद रखिए कि हमने आपकी कितनी मदद की है. भगवान आपको माफ नहीं करेगा. आप लोगों को गुमराह कर रहे हैं. आपको शर्म आनी चाहिए. हर कोई आपके इस अहंकार को याद रखेगा.'
अभिषेक बनर्जी के इलाज को लेकर बेले व्यू अस्पताल के अधिकारियों, खासकर सीईओ प्रदीप टंडन पर भड़कीं ममता बनर्जी, वीडियो तेजी से वायरल#MamataBanerjee #AbhishekBanerjee #ViralVideo pic.twitter.com/5xkPZg6FDp
— NMF NEWS (@NMFNewsNational) May 31, 2026
अस्पताल प्रशासन पर उठाए गंभीर सवाल
मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर सवाल भी उठाए. उनका कहना है कि यदि अभिषेक की स्थिति गंभीर नहीं थी, तो उन्हें आईटीयू में क्यों रखा गया. वहीं अगर उनकी हालत गंभीर थी, तो फिर उन्हें अस्पताल से छुट्टी क्यों दी गई. ममता बनर्जी ने दावा किया कि अभिषेक के शरीर में खून के थक्के जमे हुए हैं और यदि उन्होंने हेलमेट नहीं पहना होता, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी.
अस्पतालों को दी चेतावनी
ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि अब अभिषेक का इलाज घर पर ही अस्पताल जैसी सुविधाओं के बीच किया जाएगा. इसके लिए ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य जरूरी चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था की जाएगी. उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि अभिषेक को आगे कोई नुकसान होता है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अस्पतालों की होगी.
यह भी पढ़ें
बहरहाल, इस पूरे घटनाक्रम ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को एक बार फिर गरमा दिया है. विपक्ष और सत्तारूढ़ दल आमने-सामने हैं, जबकि आम जनता की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि हमले की जांच में क्या सामने आता है और इस राजनीतिक विवाद का अगला अध्याय क्या होगा.