जन्माष्टमी पर PM मोदी का खास संदेश, शेयर किया कृष्णाष्टकम का ये श्लोक; जानें क्या है इसका अर्थ
जन्माष्टमी पर पीएम मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु समेत तमाम मंत्रियों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के निष्काम कर्म के संदेश का उल्लेख करते हुए सभी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा की कामना की.
Follow Us:
आज पूरे देश में श्री कृष्ण का जन्मोत्सव यानी जन्माष्टमी हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है. मथुरा से लेकर तमाम कृष्ण मंदिरों में विशेष साज-सज्जा किया गया है. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन्माष्टमी के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं. पीएम मोदी के अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु समेत तमाम केंद्रीय मंत्रियों ने भी देशवासियों को बधाई दी है.
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर दी बधाई
पीएम मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सभी को बधाई दी. पीएम मोदी ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, 'आप सभी को जन्माष्टमी की अनेकानेक शुभकामनाएं. भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य संदेशों में नि:स्वार्थ कर्म की अद्भुत प्रेरणा निहित है, जिसने मानवता का निरंतर मार्गदर्शन किया है। उनकी भक्ति और उपासना को समर्पित यह पावन अवसर हर किसी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और शक्ति का संचार करे, यही कामना है. जय श्रीकृष्ण.'
PM मोदी ने शेयर किया कृष्णाष्टकम का श्लोक
इसके साथ ही पीएम मोदी ने एक अन्य पोस्ट में सुभाषितम् भी शेयर किया. उन्होंने सुभाषितम् में संस्कृत श्लोक 'वसुदेवसुतं देवं कंसचाणूरमर्दनम्। देवकीपरमानन्दं कृष्णं वन्दे जगद्गुरुम्॥' पोस्ट किया. इस श्लोक का हिंदी अर्थ है- 'वसुदेव-पुत्र, देव-स्वरूप, कंस और चाणूर का संहार करने वाले, माता देवकी को परम आनन्द प्रदान करने वाले जगद्गुरु भगवान श्रीकृष्ण की मैं वन्दना करता हूं.' जानकारी देते चलें कि यह प्रसिद्ध श्लोक आदि शंकराचार्य द्वारा रचित 'कृष्णाष्टकम' स्तोत्र से लिया गया है. इस श्लोक को इस स्तोत्र का प्रथम श्लोक या मंगलाचरण माना जाता है. 'कृष्णाष्टकम' अद्वैत वेदांत के महान प्रणेता जगद्गुरु आदि शंकराचार्य द्वारा रचित भगवान श्री कृष्ण की स्तुति में आठ श्लोकों का एक अत्यंत पवित्र और दिव्य स्तोत्र है.
वसुदेवसुतं देवं कंसचाणूरमर्दनम्।
— Narendra Modi (@narendramodi) September 4, 2026
देवकीपरमानन्दं कृष्णं वन्दे जगद्गुरुम्॥ pic.twitter.com/fL8fFk79Uw
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी दी शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर मैं, देश-विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं. भगवान श्री कृष्ण की जीवनलीला और उनके संदेश भारतीय संस्कृति और दर्शन को संजीवनी प्रदान करते हैं. उन्होंने सत्य, धर्म, न्याय, करुणा और निष्काम कर्म का मार्ग दिखाया. आइए, इस शुभ अवसर पर हम सभी भगवान श्री कृष्ण के आदर्शों को अपनाने तथा एक समावेशी और विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लें.'
अमित शाह और राजनाथ सिंह ने भी दी बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने पोस्ट में लिखा, 'समस्त देशवासियों को 'श्री कृष्ण जन्माष्टमी' के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं. धर्म, नीति और लोककल्याण के प्रतीक योगेश्वर भगवान श्री कृष्ण सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें. जय श्री कृष्ण.' वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, "श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं. श्रीमद्भगवद्गीता में उनका अमर संदेश कर्म के प्रति निष्ठा, विवेक, धैर्य और लोककल्याण की प्रेरणा देता है. भगवान श्री कृष्ण की कृपा से देश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा प्रत्येक परिवार के जीवन में आनंद, आशा और नई ऊर्जा का संचार हो. जय श्रीकृष्ण.'
बताते चलें कि जन्माष्टमी भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाती है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को आधी रात के वक्त भगवान विष्णु ने श्रीकृष्ण के रूप में देवकी और वसुदेव के यहां जन्म लिया था. इसी खुशी में हर साल पूरे देश में जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है.
यह भी पढ़ें
(INPUT-IANS)