जब गांव की मां ने थामा हाथ… विदेशी महिला को मिला ऐसा प्यार, इंटरनेट पर छा गया वीडियो
भारत की मेहमाननवाजी एक वायरल वीडियो में फिर सामने आई है, जहां नीदरलैंड की कंटेंट क्रिएटर मीके हिजमान को भारत के ग्रामीण इलाके में एक अनजान महिला ने अपने घर में जगह दी.
Follow Us:
भारत अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और मेहमाननवाजी के लिए पूरी दुनिया में पहचान रखता है. इसी पहचान को एक बार फिर मजबूती मिली है. दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक विदेशी महिला को भारत में ऐसा अपनापन मिलता है, जिसे देखकर लोग भावुक हो रहे हैं.
दरअसल, नीदरलैंड की कंटेंट क्रिएटर मीके हिजमान (Meike Hijman) इन दिनों भारत यात्रा पर हैं. वह देश के अलग-अलग इलाक़ों में भ्रमण कर रहीं हैं. ग्रामीण इलाकों में अकेले घूम रही थीं. यात्रा के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से रात बिताने के लिए एक सुरक्षित जगह की तलाश की. यही वह पल था, जिसने इस सफर को बेहद खास बना दिया.
विदेशी महिला का भव्य स्वागत
वीडियो में देखा जा सकता है कि पारंपरिक राजस्थानी पहनावे में एक भारतीय महिला बिना किसी हिचक के मीके हिजमान को अपने घर आने का निमंत्रण देती है. वह बड़े स्नेह के साथ उनका हाथ पकड़कर घर ले जाती है. यह दृश्य न सिर्फ दिल को छू लेने वाला है, बल्कि भारतीय संस्कृति की गहराई को भी दर्शाता है. महिला न केवल उन्हें रहने की जगह देती है, बल्कि उनके लिए रात का खाना और सुबह का नाश्ता भी तैयार करती है.
परिवार जैसा अपनापन मिला
इस दौरान मीके हिजमान खुद को एक मेहमान नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह महसूस करती हैं. आज के समय में जब लोग अजनबियों से दूरी बनाकर रखते हैं, ऐसे में यह घटना इंसानियत और भरोसे की एक मिसाल बनकर सामने आई है. यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर meikehijman अकाउंट से शेयर किया गया है. वीडियो को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं और बड़ी संख्या में इसे लाइक भी किया गया है. वीडियो पर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी दिल को छू लेने वाली हैं. कई लोगों ने लिखा कि भारत में मां का दिल हर किसी के लिए खुला होता है. कुछ यूजर्स ने कहा कि गांवों में आज भी 'अतिथि देवो भवः' की परंपरा जिंदा है. वहीं कई लोगों ने इस महिला को भारतीय संस्कारों की सच्ची पहचान बताया. और कई लोग तो उन्हें अपने-अपने राज्य में घुमाने के लिए आमंत्रित भी कर रहे हैं.
बताते चलें कि यह वायरल वीडियो एक बार फिर साबित करता है कि भारत में मेहमान सिर्फ मेहमान नहीं होता, बल्कि उसे परिवार का हिस्सा माना जाता है. यही भावना भारत को दुनिया से अलग और खास बनाती है.
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें