जिस पर देशकरता है भरोसा
Advertisement

दिल्ली में दर्दनाक हादसा... मालवीय नगर के रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग; 21 लोगों की मौत, कई घायल

नई दिल्ली के मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं. घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और राहत-बचाव अभियान चलाया जा रहा है.

दिल्ली में दर्दनाक हादसा... मालवीय नगर के रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग; 21 लोगों की मौत, कई घायल
Image Source: IANS/Video Grab
Advertisement

देश की राजधानी नई दिल्ली में बुधवार बेहद दर्दनाक हादसा हुआ. मालवीय नगर में स्थित बहुमंजिला 'लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट' में भीषण आग लग गई. आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है. अब तक लगभग 36 लोगों को बचाया जा चुका है. दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने इसकी पुष्टी की.  मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए है. प्रभावित परिवारों को सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता और सहयोग प्रदान किया जा रहा है.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज मुहैया कराया जा रहा है. बाकी लोगों के लिए खोज अभियान जारी है. मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही घायलों की स्थिति पर अपडेट बताया जा सकेगा. सूचना मिलते ही, 10 दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं. आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया.

एसडीएम ने बताई आग की शुरुआती वजह

मालवीय नगर के एसडीएम जितेंद्र कुमार ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया, 'जैसे ही आज सुबह मुझे यह जानकारी मिली, हमने अपनी टीम को सक्रिय किया और वहां से सभी बलों को सूचित किया. उन्हें घटनास्थल पर रवाना कर दिया गया. मुझे ट्रेनिंग पर जाना था, लेकिन मैं ट्रेनिंग छोड़कर घटनास्थल पर पहुंचा. हमें जानकारी मिली कि इस इमारत के नीचे एक रेस्टोरेंट चलाया जा रहा था. आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है, लेकिन आशंका है कि उस रेस्टोरेंट की वजह से ही आग लगी है.' उन्होंने आगे बताया, 'अब तक कुछ शव बरामद कर अस्पताल भेजे जा चुके हैं और 7-8 अन्य लोग भी घायल हुए हैं. कुछ लोग तीसरे मंजिल से कूदे, स्थानीय लोगों ने नीचे गद्दा बिछाया और उन्हें बचाने का प्रयास किया. समय रहते बीएसईएस ने बिजली की आपूर्ति काट दी. ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसलिए इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी जरूरी है. रेस्टोरेंट के लाइसेंस की जांच के लिए भी आदेश दिए गए है.'

Advertisement

सरकार हर मुमकिन मदद को तैयार: रेखा गुप्ता, सीएम

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'मालवीय नगर में भीषण आग की घटना में हुई जान-माल की भारी क्षति से मैं अत्यंत दुखी हूं. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की और इस हृदयविदारक त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को शक्ति व साहस मिलने की प्रार्थना करती हूं.' उन्होंने आगे लिखा, 'घटना की सूचना मिलते ही, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, डीडीएमए, सीएटीएस एम्बुलेंस सेवा और अन्य आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों की टीमों को तुरंत सक्रिय किया गया और बचाव व राहत कार्य शुरू किए गए. उनकी त्वरित कार्रवाई की मदद से प्रभावित परिसर से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका. दिल्ली सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए है। प्रभावित परिवारों को सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता और सहयोग प्रदान किया जा रहा है.' सीएम रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि दुख की इस घड़ी में, दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है. उन्होंने कहा, 'हम इस त्रासदी से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.'

'आप' नेता सोमनाथ भारती ने क्या कहा?

Advertisement

आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा, 'आज सुबह करीब 8.30 बजे, मेरे विधानसभा क्षेत्र हौजरानी में एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई; इसमें कई लोगों के हताहत होने की आशंका है. मरने वालों में ज्यादा अफ्रीकी नागरिक हैं. तलाश और बचाव अभियान अभी भी जारी है, और आगे की जानकारी का इंतजार है.'

एक दिन पहले भी हुआ था बड़ा हादसा

बता दें कि यह घटना मंगलवार सुबह दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में एक संदिग्ध एलपीडी सिलेंडर फटने से एक इमारत के ढह जाने के एक दिन बाद हुई है, जिसमें 10 लोग घायल हो गए थे. दिल्ली अग्निशमन सेवा को सुबह करीब 9:37 बजे एक आपातकालीन कॉल मिली, जिसमें एक धमाके जैसी आवाज और उसके बाद एक रिहायशी इमारत के ढहने की सूचना दी गई थी. बचाव अभियान शुरू होते ही आपातकालीन टीमों को तुरंत मौके पर रवाना कर दिया गया.

एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिलते ही पांच दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं. बचाव कर्मियों और स्थानीय अधिकारियों ने मलबे के नीचे दबे लोगों के लिए एक खोज अभियान शुरू किया. शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि एलपीजी सिलेंडर फटने के कारण ही इमारत ढही होगी. अधिकारियों ने बताया कि इस धमाके में करीब 250 वर्ग गज के इलाके में फैली एक मंजिला इमारत पूरी तरह से ढह गई थी.

Advertisement

बहरहाल, फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटा हुआ है. वहीं मृतकों की पहचान और घायलों के उपचार पर भी लगातार नजर रखी जा रही है. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर राजधानी में अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह भी पढ़ें

(INPUT-IANS)

Tags

Advertisement
टिप्पणियाँ 0
G
Guest (अतिथि)
LIVE
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
अधिक
Advertisement
Advertisement
शॉर्ट्स
वेब स्टोरीज़
होम वीडियो खोजें