"बेटी दोषी निकले तो उसे भी उसी किले से धक्का दे दो..." सिया गोयल के पिता का बड़ा बयान, मां ने भी खोले कई राज
Pune Murder Case: पुणे में केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी सिया गोयल के माता-पिता ने अपनी बेटी के दोषी होने पर कड़ी सजा की मांग की है.
Follow Us:
Pune Murder Case: पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में मुख्य आरोपी सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल ने ऐसा बयान दिया है, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया. उनका कहना है कि एक पिता होने के नाते उन्हें अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि उनकी बेटी इस तरह के अपराध में शामिल हो सकती है. इंडिया टुडे से बातचीत में उन्होंने कहा, कि सिया ने कभी उनसे झूठ नहीं बोला और हमेशा सही रास्ते पर चलने की बात करती थी. इसलिए उनके लिए यह मानना बेहद मुश्किल है कि उनकी बेटी किसी की हत्या की साजिश का हिस्सा हो सकती है...
'अगर दोष साबित हो जाए, तो उसे भी वही सजा मिले'
हालांकि, अपनी बेटी पर भरोसा जताने के साथ-साथ प्रवीण गोयल ने यह भी साफ कहा कि अगर अदालत में सिया दोषी साबित होती है, तो उसे किसी भी तरह की रियायत नहीं मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है और अगर उनकी बेटी ने सच में अपराध किया है, तो उसे भी उसी तरह की सजा मिलनी चाहिए जैसी एक दोषी को मिलती है. भावुक होते हुए उन्होंने कहा, "अगर वह दोषी पाई जाती है, तो उसे भी उसी किले पर ले जाकर उसी जगह से धक्का दे देना चाहिए, जहां से केतन को धक्का दिया गया था." उन्होंने यह भी कहा कि अगर कानून मौत की सजा तय करता है, तो उन्हें उससे भी कोई आपत्ति नहीं होगी.
चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा एक्शन, राम मंदिर के सेवादार समेत 8 पर FIR
मां बोलीं- दोनों के रिश्ते में कभी कोई परेशानी नहीं दिखी
सिया की मां ने भी इस पूरे मामले पर अपनी बात रखी. उन्होंने बताया कि केतन और सिया के बीच कभी किसी तरह का तनाव नजर नहीं आया. दोनों अक्सर वीडियो कॉल पर बात करते थे, नियमित रूप से मिलते थे और साथ में खुश दिखाई देते थे. केतन कई बार उनके घर भी आया था और परिवार के साथ समय बिताया था.
उन्होंने कहा कि अगर सिया शादी नहीं करना चाहती, तो वह यह बात अपने परिवार से जरूर कहती. परिवार उसकी इच्छा का सम्मान करता. उन्होंने बताया कि शादी की तैयारियां पूरे उत्साह के साथ चल रही थीं. बाली में प्री-वेडिंग ट्रिप की योजना बनाई गई थी और उसके लिए करीब 50 हजार रुपये की खरीदारी भी हो चुकी थी. नवंबर में उदयपुर में होने वाली शादी के लिए एक महल तक बुक कर लिया गया था. सिया की मां ने कहा, "केतन हमारे लिए बेटे जैसा था. इस घटना ने सिर्फ एक परिवार नहीं, बल्कि दोनों परिवारों को पूरी तरह तोड़ दिया है."
पुलिस का दावा- पहले से रची गई थी हत्या की साजिश
पुलिस जांच के मुताबिक, 18 जून को लोहागढ़ किले पर सिया गोयल ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी को पहले से तय इशारा किया. इसके बाद चेतन ने केतन अग्रवाल को खाई में धक्का दे दिया. जांच में सामने आया है कि सिया और चेतन साथ भागना चाहते थे, लेकिन उन्हें डर था कि ऐसा करने से दोनों परिवारों की बदनामी होगी. इसी वजह से उन्होंने कथित तौर पर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश बनाई.
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने शुरुआत में एक-दूसरे पर आरोप लगाने की कोशिश की, लेकिन बाद में सिया ने कथित तौर पर साजिश रचने की बात स्वीकार कर ली.
खुशियों की तैयारियां मातम में बदल गईं
यह भी पढ़ें
कुछ महीने पहले तक दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटे थे. फरवरी में सिया और केतन की सगाई हुई थी और नवंबर में उदयपुर में भव्य शादी होने वाली थी.लेकिन अब वही रिश्ता एक दर्दनाक हत्याकांड में बदल चुका है.