×
जिस पर देशकरता है भरोसा

टाइम्स सम्मान-2026 में CM योगी ने शहीदों को किया नमन, कहा- हर सैनिक की सांस में है भारत

CM योगी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने टाइम्स सम्मान-2026 में शिरकत की. उन्होंने कहा, आज का सम्मान उन आंसुओं का सम्मान है, जो कभी मंच तक नहीं पहुंच पाते.

Author
12 Apr 2026
( Updated: 12 Apr 2026
03:14 PM )
टाइम्स सम्मान-2026 में CM योगी ने शहीदों को किया नमन, कहा- हर सैनिक की सांस में है भारत
Image- X/@myogiadityanath
Advertisement

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ‘टाइम्स सम्मान-2026’ कार्यक्रम में शामिल हुए. जहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में उन्होंने इस कार्यक्रम को भारत के वीरों और वीरांगनाओं के प्रति सम्मान का समारोह बताया. 

CM योगी ने कहा कि हर सैनिक की सांस में भारत है, जो राष्ट्र को जीवन देता है. उसकी शान में भारत है, जो तिरंगे को गर्व से लहराने की शक्ति देता है. उसकी हर पहचान में भारत है, जो चुनौतीपूर्ण मुकाबला करते हुए दुनिया को ताकत का अहसास कराता है. वीर माताओं व वीर परिवारों के सदस्यों का त्याग शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता. 

CM योगी ने परिवार के लिए क्या कहा? 

उन्होंने कहा, सीमा पर एक सैनिक लड़ता है, लेकिन हम उन परिस्थितियों की कल्पना करें, जब उनका परिवार प्रतिदिन चुनौतियों से लड़ता हुआ दिखाई देता है. आज का सम्मान उन आंसुओं का सम्मान है, जो कभी मंच तक नहीं पहुंच पाते. जहां जीवन ठहर जाता है, वहां भी सैनिक अडिग रहता है. 

Advertisement

CM योगी ने कहा, वीरों का साहस-स्वाभिमान पूरे भारत को नया जीवन देता है. वीरों के दृढ़ साहस की दीवार भारत को सुरक्षा देती है, उनका विश्वास 145 करोड़ भारतीयों के मन में नया साहस भरता है. जब सैनिक सीमा पर अडिग होकर देश की सुरक्षा करता है, तब 145 करोड़ का भारत निश्चिंत भाव के साथ चैन की नींद सोता है. सियाचिन की जमा देने वाली ठंड हो या रेगिस्तान की तपती हुई रेत, घने जंगलों का अंधकार हो या समुद्र व आकाश की अनंत चुनौतियां. जहां जीवन ठहर जाता है, वहां भी सैनिक इन झंझावतों की परवाह किए बिना राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का मजबूती से निर्वहन करता है. 

स्मृतिका युद्ध स्मारक में लेजर, लाइट और साउंड शो 

CM योगी ने कहा कि रक्षा मंत्री के नेतृत्व में भारतीय सेना अत्याधुनिक, सशक्त और आत्मनिर्भर सेना के रूप में दुनिया के समक्ष अपनी ताकत का अहसास करा रही है. आज भारत केवल अपनी सीमाओं की रक्षा नहीं करता, बल्कि मित्र राष्ट्रों के लिए भी सुविधा उपलब्ध कराने में आगे दिखाई देता है. जब भी सेना से जुड़े मुद्दों की चर्चा होती है तो मैं कहता हूं कि अन्य मुद्दों पर बहस करो, देश की सुरक्षा के मुद्दे पर बहस और वाद-विवाद नहीं होना चाहिए, क्योंकि देश सुरक्षित है तो हम सब सुरक्षित हैं. 

Advertisement

‘सबके मन में होना चाहिए सेना और सैनिक के प्रति सम्मान’

CM योगी ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए जरूरी है कि सेना और सैनिक के प्रति सर्वोच्च सम्मान का भाव हर किसी के मन में सदैव बना रहना चाहिए. हम सभी हमेशा उन सैनिकों, वीर नारियों के साथ खड़े हैं, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी देश को संबल दिया है. शासन के सामने जो भी प्रस्ताव आते हैं, वह केवल योजना भर नहीं हैं, बल्कि वह प्रत्येक सैनिक के लिए आश्वस्ति है कि समाज हमेशा आपके साथ खड़ा है और सरकार हर विपरीत परिस्थिति में भी सैनिकों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने को तैयार है. 

'ब्रह्मोस के हमलों में बड़ी ताकतें कांपी'

CM योगी ने कहा कि PM मोदी के मार्गदर्शन और रक्षा मंत्री के नेतृत्व में UP रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त कर रहा है. यहां डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर के छह नोड हैं. लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है. ऑपरेशन सिंदूर में जब दुश्मन के ठिकानों पर ब्रह्मोस ने सबसे पहला हमला किया तो दुनिया की बड़ी ताकतें भी कांपती दिख रही थीं. 

Advertisement

CM योगी ने कहा, ब्रह्मोस दुनिया को भारत की ताकत का अहसास कराती है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चित्रकूट नोड के लिए भी BEL कंपनी को भेजा है, उन्होंने 75 हेक्टेयर जमीन ले ली है. हमने उन्हें कागज भी उपलब्ध करा दिया है. विश्वास है कि बहुत जल्द उस यूनिट को प्रारंभ करने के लिए रक्षा मंत्री जी का कार्यक्रम मिलेगा. झांसी में बीडीएल अपने कार्यों को तेजी से बढ़ा चुका है. सभी छह नोड जिस मजबूती के साथ बढ़े हैं, वह रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को बढ़ा रहे हैं. 

आत्मनिर्भरता हमारी सक्षमता का भी प्रतीक 

CM योगी ने कहा कि UP में सरकार ने रक्षा क्षेत्र में कुछ नए कार्यक्रम भी आगे बढ़ाए हैं. नोएडा और कानपुर में ड्रोन टेक्नोलॉजी में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किए गए हैं. आईआईटी कानपुर और नोएडा सेंटर भारत की सेनाओं के साथ बेहतर तालमेल बनाकर रक्षा आवश्यकताओं के अनुरूप ड्रोन का निर्माण और नए इनोवेशन करते हुए मजबूती से कार्य कर रहे हैं. मैं और रक्षा मंत्री गौतमबुद्ध नगर में ड्रोन निर्माण इकाई में एयरक्रॉफ्ट इंजन एंड डिफेंस एयरोस्पेस टेस्ट फैसिलिटी के उद्घाटन कार्यक्रम में साथ गए थे. 

CM योगी ने कहा, पहले हम दूसरे राष्ट्रों पर निर्भर रहते थे, दुश्मन हमारे डेटा का इस्तेमाल कर हमें कमजोर बनाते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा. हमारी आत्मनिर्भरता हमारी सक्षमता का भी प्रतीक है, UP इस दिशा में अब प्रयास कर रहा है. 

Advertisement

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज रक्षा मंत्री के कर-कमलों से जिस युद्ध स्मारक का लोकार्पण हो रहा है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का तीर्थ होगा, जब-जब युवा यहां आएंगे तो उनकी नसों में देशभक्ति दौड़ उठेगी. यह आयोजन राष्ट्र के प्रति हम सभी के कर्तव्यभाव को प्रेरित करने वाला है. जब कोई मीडिया ग्रुप इसके साथ जुड़ता है तो वह समाज को बदलने का कार्य करेगा. 

 

Tags

Advertisement
टिप्पणियाँ 0
G
Guest (अतिथि)
LIVE
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
अधिक
Advertisement
Advertisement
शॉर्ट्स
वेब स्टोरीज़
होम वीडियो खोजें