24 घंटे में 7 एनकाउंटर, 9 को लगी गोली, 10 गिरफ्तार… अपराधियों पर कहर बनकर टूटी योगी की पुलिस, ताबड़तोड़ एक्शन से हड़कंप
मुजफ्फरनगर में यूपी पुलिस ने 24 घंटे में 7 मुठभेड़ों के दौरान 9 बदमाशों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया और 10 को हिरासत में लिया. सभी आरोपी लूट, डकैती और हत्या प्रयास जैसे गंभीर मामलों में वांछित थे.
Follow Us:
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पुलिस को अपराध और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की खुली छूट दिए जाने के बाद यूपी पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है. यही वजह है कि अब बदमाशों में पुलिस का खौफ साफ नजर आने लगा है. ताजा मामला मुजफ्फरनगर जिले से सामने आया है, जहां पुलिस ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पिछले 24 घंटों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की.
मुजफ्फरनगर पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कुल 7 मुठभेड़ों के दौरान पुलिस ने गोली लगने के बाद 9 अपराधियों को गिरफ्तार किया, जबकि कुल 10 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में वांछित थे.
कई थाना क्षेत्रों में चला सघन ऑपरेशन
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, न्यू मंडी, मंसूरपुर, बुढ़ाना और कोतवाली नगर थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष अभियान चलाया गया. इस दौरान अलग-अलग टीमों ने कई वांछित बदमाशों की तलाश में दबिश दी, जहां कई स्थानों पर पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो ऐसे शातिर अपराधियों को भी दबोचा, जिन पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित था.
पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हुए बदमाश
अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए बदमाशों ने पुलिस टीमों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें 9 अपराधियों के पैर में गोली लगी. घायल आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया. प्राथमिक उपचार पूरा होने के बाद सभी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई.
हथियारों के साथ चोरी का सामान भी मिला
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और संदिग्ध सामान बरामद किया गया. बरामद सामग्री में सात देसी तमंचे, एक पिस्टल, आठ खोखे, आठ जिंदा कारतूस, करीब 400 ग्राम चांदी के आभूषण, छह बाइक, बिना नंबर प्लेट वाला एक स्कूटर और नकदी शामिल है. पुलिस को आशंका है कि यह सामान हाल में हुई वारदातों से जुड़ा हो सकता है, जिसकी जांच की जा रही है.
दूसरे राज्यों में भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पकड़े गए कई आरोपी पंजाब समेत अन्य राज्यों में भी आपराधिक मामलों में वांछित चल रहे थे. उन्होंने कहा कि बीते 24 घंटों में जिले में कुल सात मुठभेड़ हुईं, जिनमें बदमाशों ने पुलिस टीमों पर फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में उन्हें घायल कर गिरफ्तार किया गया. एसएसपी के मुताबिक, सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें अदालत में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है.
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि मुजफ्फरनगर पुलिस की यह बड़ी कार्रवाई प्रदेश में अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा मानी जा रही है. लगातार हो रही मुठभेड़ों और सख्त पुलिस एक्शन से अपराधियों में डर का माहौल बना हुआ है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ के आधार पर कई और खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है.
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें