चीनी के दाम में बड़ी गिरावट, मोदी सरकार के एक्शन का बड़ा असर; थोक भाव 6000 के नीचे आया, रिटेल में भी गिरावट
केंद्र सरकार के एक्शन के बाद चीनी के दाम घटने लगे हैं. बीते दो दिनों में कई शहरों में खुदरा कीमत 5-7 रुपये किलो तक कम हुई है. दिल्ली में भाव 68 से घटकर 63 रुपये और मुंबई में 68 से 62 रुपये किलो हो गया. अब उम्मीद है कि चीनी की क़ीमत जल्द कंट्रोल में आ जाएगी.
Follow Us:
देश में कुछ दिनों पहले अचानक बढ़ी चीनी की कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी थी. दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में चीनी का खुदरा भाव तेजी से ऊपर पहुंच गया था. लेकिन अब तस्वीर बदलती नजर आ रही है. मोदी सरकार के सख्त कदमों के बाद चीनी के दाम में गिरावट शुरू हो गई है. बीते दो दिनों में कई शहरों में खुदरा कीमतें 5 से 7 रुपये प्रति किलो तक नीचे आई हैं.
हिंदुस्तान की एक रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी मंडी के ताजा रेट्स के मुताबिक, दिल्ली में मंगलवार को चीनी 63 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिकी. कुछ दिन पहले यहां इसका भाव 68 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया था. यानी ग्राहकों को अब सीधे तौर पर राहत मिलती दिखाई दे रही है.
बड़े शहरों में भी घटे दाम
दिल्ली के अलावा दूसरे शहरों में भी चीनी की कीमतों में कमी दर्ज की गई है. कानपुर में चीनी का भाव 69 रुपये से घटकर 63 रुपये प्रति किलो हो गया है. मुंबई में कीमत 68 रुपये से घटकर 62 रुपये, जबकि गुवाहाटी में 71 रुपये से घटकर 64 रुपये किलो रह गई है. हैदराबाद में भी चीनी 70 रुपये से घटकर 63 रुपये किलो हो गई. वहीं चेन्नई में इसका भाव 70 रुपये से गिरकर 67 रुपये प्रति किलो पर आ गया है. हालांकि कुशीनगर, गोरखपुर, बस्ती और महराजगंज जैसे जिलों में खुदरा कीमत अभी भी करीब 60 से 65 रुपये प्रति किलो के बीच बनी हुई है.
थोक बाजार में भी राहत
खुदरा बाजार के साथ चीनी के थोक भाव में भी गिरावट आई है. मुंबई और रायपुर में चीनी की कीमत 6000 रुपये प्रति क्विंटल के नीचे पहुंच गई है. मुंबई में भाव करीब 850 रुपये तक नीचे आया है. दिल्ली में चीनी का थोक भाव 6600 रुपये से घटकर करीब 6000 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है. कानपुर में भी एक क्विंटल चीनी की कीमत घटकर करीब 6050 रुपये रह गई है. इससे पहले मई-जून में एक्स-मिल कीमतें 3900 से 4200 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास थीं, लेकिन जुलाई के बाद इनमें तेज उछाल आया और भाव 5700 रुपये से ऊपर पहुंच गए.
यह भी पढ़े: इथेनॉल की वजह से बढ़े चीनी के दाम? सरकार ने दिया जवाब, कीमतें कंट्रोल करने का प्लान भी बताया
17 अगस्त से बढ़ना शुरू हुआ था दाम
चीनी के दाम में सबसे तेज उछाल 17 अगस्त के बाद देखने को मिला था. दिल्ली में 17 अगस्त को चीनी 59 रुपये किलो थी. अगले दिन भाव 62 रुपये हुआ और 19 अगस्त को 64 रुपये पहुंच गया. 20 अगस्त को कीमत 67 रुपये और 21 अगस्त को 68 रुपये किलो हो गई. यानी महज चार दिनों में दिल्ली में चीनी करीब 8 रुपये किलो महंगी हो गई थी. इस तेजी ने सरकार की चिंता बढ़ा दी.
सरकार ने उठाए बड़े कदम
कीमतों में अचानक आई तेजी के बाद सरकार ने जमाखोरी रोकने और बाजार में पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने के लिए कदम तेज कर दिए. चीनी मिलों पर निगरानी बढ़ाई गई और सरकार ने 10 लाख टन रॉ शुगर के शुल्क-मुक्त आयात का फैसला किया.
यह भी पढ़े: चीनी की जमाखोरी पर योगी सरकार सख्त, कालाबाजारी करने वालों पर होगा बड़ा एक्शन
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि अब इन कदमों का असर बाजार में दिखाई देने लगा है. कीमतों में आई ताजा गिरावट से फिलहाल आम उपभोक्ताओं को राहत मिली है. हालांकि आने वाले दिनों में चीनी के दाम किस स्तर पर टिकते हैं, इस पर सभी की नजर रहेगी. क्योंकि हालिया तेजी ने साफ कर दिया है कि इस जरूरी खाद्य वस्तु की कीमतों में बदलाव का असर सीधे घर के बजट पर पड़ता है.