MP के दतिया उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा का पत्ता कटा, समर्थकों ने काटा बवाल, पत्थरबाजी में SP भी घायल, NH-44 ठप!
मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है. वहीं नरोत्तम मिश्रा का पत्ता कट गया है. इसके बाद मिश्रा के समर्थकों ने पूरी रात बवाल काटा और पुलिस पर भी पत्थरबाजी की. वहीं NH-44 ठप कर दिया, जिस कराण 15 KM लंबा जाम लग गया है.
Follow Us:
बीजेपी ने मध्य प्रदेश और बिहार में आगामी विधानसभा उपचुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. इसके बाद इलाके में बवाल बढ़ गया है. मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री रहे कद्दावर नेता नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने दतिया में बड़ा बवाल काटा है. नरोत्तम मिश्रा को टिकट ना मिलने से नाराज समर्थकों ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर भी पत्थरबाजी की, जिसमें जिले के SP सहित 6 लोग घायल हो गए. इतना ही नहीं इस कारण NH-44 भी ठप पड़ गया है. ख़बर के मुताबिक नेशनल हाईवे पर करीब 15 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है.
नरोत्तम मिश्रा का बीजेपी ने काटा पत्ता, दतिया में भारी बवाल!
जानकारी के मुताबिक जैसे ही पार्टी की ओर से मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए आशुतोष तिवारी के नाम का ऐलान हुआ, नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों का गुस्सा भड़क गया. उन्होंने हजारों की संख्या में देर रात नेशनल हाईवे-44 (NH-44) को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया. आपको बता दें कि दतिया मिश्रा का गढ़ रहा है और उपचुनाव के ऐलान से पहले से ही उन्होंने इलाके में चुनाव प्रचार और संपर्क शुरू कर दिया था. उन्हें उम्मीद थी कि उनकी हिस्ट्री और कद को देखते हुए पार्टी उन्हें ही टिकट देगी, लेकिन पार्टी ने ग्राउंड फीडबैक के आधार पर उनका टिकट काट दिया. हैरानी की बात तो ये है कि मिश्रा ने कथित तौर पर नामांकन फॉर्म भी खरीद लिया था.
नरोत्तम मिश्रा के कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर भी की पत्थरबाजी!
इसके बाद से ही नरोत्तम मिश्रा के समर्थक विरोध प्रदर्शन करने लगे. नारेबाजी-हो हल्ला वाले प्रदर्शन ने देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया. इसके बाद सुबह में पुलिस बल पर पत्थरबाजी हुई. कहा जा रहा है कि दतिया के एसपी मयूर खंडेलवाल और एडिशनल एसपी समेत 6 से अधिक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए. एसपी मयूर खंडेलवाल के मुताबिक बीती शाम 6 बजे से ही 3,000 से ज्यादा उपद्रवी दतिया शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने जबरन बाजार बंद कराए और नेशनल हाईवे पर 'चक्का जाम' कर दिया.
मयूर खंडेलवाल ने कहा, 'माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, जिसके बाद पथराव और तेज हो गया. इस हमले में मुझे, एडिशनल एसपी और हमारे 6 से अधिक जवानों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इसके बाद पुलिस ने सख्ती बरतते हुए दोबारा आंसू गैस का इस्तेमाल किया और बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा. कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और बाकियों को सरेंडर करने की चेतावनी दी गई है."
वहीं बीजेपी कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस की ओर से बर्बर कार्रवाई का आरोप लगाया. भाजपा के जिला मंत्री भानु सिंह ने कहा, ' हम लोग शांतिपूर्ण तरीके से अपने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से ये मांग कर रहे थे के दतिया का जो टिकट हुआ है वो उन्हें वापस लिया जाए और नरोत्तम मिश्रा जी को टिकट दिया जाए, लेकिन पुलिस और कलेक्टर की ओर से सख्ती की गई और बीजेपी के ही कार्यकर्ताओं को बीजेपी दफ्तर में कैद कर दिया.
बीजेपी ने जारी की उपचुनाव के उम्मीदवारों की लिस्ट!
10 जुलाई, 2026 को नई दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने इन महत्वपूर्ण सीटों से चुनाव लड़ने वाले दो उम्मीदवारों के नामों की पुष्टि की. मध्य प्रदेश के लिए पार्टी ने दतिया सीट से आशुतोष तिवारी की उम्मीदवारी को मंजूरी दी है. अपनी राजनीतिक सक्रियता के लिए जानी जाने वाली दतिया सीट राज्य के चुनावी मुकाबलों में हमेशा से ही सुर्खियों में रही है.
मध्य प्रदेश के दतिया में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर समर्थकों ने काटा बवाल, पुलिस पर पत्थरबाजी!#MadhyaPradesh #BJP #Datia #NarottamMishra pic.twitter.com/zQN9r7dOKr
— NMF NEWS (@NMFNewsNational) July 11, 2026Advertisement
कब होगा दतिया का उपचुनाव?
तिवारी को मैदान में उतारकर भाजपा उपचुनाव से पहले अपने जनाधार को मजबूत करने के उद्देश्य से इस क्षेत्र में अपनी संगठनात्मक शक्ति को और अधिक सुदृढ़ करती नजर आ रही है. यह घोषणा पार्टी की उस रणनीति को रेखांकित करती है जिसके तहत स्थानीय समीकरणों वाले निर्वाचन क्षेत्रों में विश्वसनीय चेहरों को उतारा जाता है. मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव 30 जुलाई को होने हैं और मतगणना 3 अगस्त, 2026 को होगी.
यह सीट अप्रैल में कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की अयोग्यता के बाद खाली हुई थी. भारती ने इससे पहले 2023 के चुनावों में भाजपा के दिग्गज नेता नरोत्तम मिश्रा को हराया था. 2023 में राजेंद्र भारती (कांग्रेस) ने नरोत्तम मिश्रा को 7,742 वोटों से हराकर दतिया सीट जीती थी. बाद में धोखाधड़ी के एक मामले में सजा सुनाए जाने के बाद भारती की विधायक सदस्यता समाप्त कर दी गई, जिसके कारण यह उपचुनाव हो रहा है.
मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर समर्थकों ने दिया धरना, पार्टी के खिलाफ लगाए नारे.#MadhyaPradesh #BJP #Datia #NarottamMishra pic.twitter.com/B3HBvxImQK
— NMF NEWS (@NMFNewsNational) July 11, 2026
BJP ने बिहार के बांकीपुर में बदला अपना उम्मीदवार!
बिहार में भाजपा ने अपने पहले के ऐलान में एक अहम बदलाव किया है. केंद्रीय चुनाव समिति ने 7 जुलाई को घोषणा की थी कि बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र से अभिषेक कुमार उम्मीदवार होंगे. हालांकि, नई प्रेस विज्ञप्ति से पुष्टि होती है कि अब बांकीपुर से कुमार के स्थान पर नीरज कुमार सिन्हा चुनाव लड़ेंगे.
यह भी पढ़ें
पटना के मध्य में स्थित बांकीपुर लंबे समय से राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सीट रही है, और सिन्हा को उम्मीदवार बनाने का भाजपा का निर्णय राज्य की राजधानी में अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे को दर्शाता है. नितिन नबीन के बीजेपी अध्यक्ष बनने और राज्यसभा जाने के कारण इस सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं. वो यहां से करीब 5 बार के विधायक रहे.