NEET पेपर लीक पर सरकार का बड़ा ऐलान, किरेन रिजिजू बोले- विपक्ष बिना शर्त आए, हर सवाल का देंगे जवाब
केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को साफ़ तौर पर कहा है कि केंद्र सरकार नीट पेपर लीक समेत सभी मुड़े पर चर्चा करने के लिए पूरी तरह से तैयार है. बस विपक्ष ऐसी शर्तें ना रखें जिसके चलते सदन में चर्चा शुरू ही ना हो पाए.
Follow Us:
देश की राजधानी दिल्ली में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को स्पष्ट कहा कि केंद्र सरकार नीट पेपर लीक और उससे जुड़े सभी मुद्दों पर संसद में विस्तृत चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वे ऐसी शर्तें न लगाएं जिससे चर्चा ही शुरू न हो सके. उन्होंने कहा कि संसद का उद्देश्य बहस और संवाद है, इसलिए सभी दलों को नियमों के तहत सार्थक चर्चा में हिस्सा लेना चाहिए.
विपक्ष रख सकता है अपनी बात: रिजिजू
किरेन रिजिजू ने कहा, 'विपक्ष जो भी कहना चाहता है, वह चर्चा के दौरान पूरी तरह अपनी बात रख सकता है. यदि चर्चा लंबी चलेगी तो हर सांसद को अपनी बात रखने और अपने मुद्दे उठाने का अवसर मिलेगा. हम किसी को रोक नहीं सकते. लेकिन अगर ऐसी शर्तें रखी जाएं कि चर्चा ही न हो पाए, तो इसका मतलब है कि आप चर्चा नहीं चाहते.'
सरकार किसी भी मुद्दे से नहीं भागती है
रिजिजू ने यह भी कहा कि संसद चर्चा का मंच है और सरकार कभी भी किसी मुद्दे से भागती नहीं है. लोकतंत्र में जनता के लिए जो काम सरकार करती है, उसकी जानकारी देना हमारी जिम्मेदारी है. इसलिए हम चर्चा से पीछे नहीं हट सकते. मैं विपक्षी दलों से आग्रह करता हूं कि ऐसा तरीका न अपनाएं जिससे बहस रुक जाए. चर्चा होनी चाहिए ताकि देश को पता चल सके कि सरकार ने अब तक क्या कदम उठाए हैं और भविष्य में युवाओं के हित में क्या किया जाएगा.
#MonsoonSession2026
"पिछले तीन दिनों से हम विपक्ष को चर्चा के लिए प्रस्ताव दे रहे हैं। मैं आज फिर कहता हूँ कि सरकार NEET पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। लेकिन सदन में चर्चा किसी नियम के तहत होती है और उसके लिए आवश्यक व्यवस्था करनी पड़ती है। मैं अनुरोध करता हूँ कि… pic.twitter.com/jCIqNGNG4s— SansadTV (@sansad_tv) July 22, 2026Advertisement
मुद्दे उठाने से कोई नहीं रोक रहा
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव या किसी अन्य विपक्षी नेता पर किसी भी मुद्दे को उठाने की कोई रोक नहीं है. सभी को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है और सरकार हर मुद्दे पर जवाब देने के लिए तैयार है. रिजिजू ने बताया कि सरकार ने संसद सत्र के पहले दिन से ही विपक्ष के नेताओं, लोकसभा अध्यक्ष, और राज्यसभा के सभापति को यह जानकारी दे दी थी कि वह चर्चा के लिए तैयार है. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि किस नियम के तहत चर्चा होगी, उसकी तारीख, अवधि, और प्रक्रिया तय करना जरूरी है. उन्होंने कहा, 'इतने महत्वपूर्ण विषय पर केवल औपचारिकता निभाने के लिए चर्चा नहीं हो सकती. संसद की अपनी व्यवस्था और नियम हैं. हम चाहते हैं कि इस गंभीर मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हो.'
नीट का मुद्दा महत्वपूर्ण है: रिजिजू
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नीट परीक्षा का पेपर लीक देश के युवाओं और पूरे देश से जुड़ा बेहद गंभीर विषय है. इसलिए यह जरूरी है कि सरकार ने इस मामले में अब तक जो कदम उठाए हैं, उनकी पूरी जानकारी देश के लोगों तक पहुंचे. उन्होंने विपक्ष से अपील करते हुए कहा, 'बेहतर होगा कि सभी दल सकारात्मक सोच के साथ चर्चा शुरू करें. किस नियम के तहत बहस होगी, कितनी देर चलेगी और कब होगी, यह फैसला सदन की अध्यक्षता कर रहे पीठासीन अधिकारी के साथ मिलकर किया जा सकता है.'
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि विपक्ष सरकार के इस प्रस्ताव पर क्या रुख अपनाता है. यदि सहमति बनती है, तो नीट पेपर लीक जैसे अहम मुद्दे पर संसद में विस्तृत चर्चा हो सकती है, जहां सरकार और विपक्ष दोनों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलेगा.
(INPUT-IANS)