सहारनपुर कलेक्ट्रेट में जिस मस्जिद पर चला बुलडोजर, उसके बीचों-बीच निकला 20 फीट गहरा कुआं, ASI करेगी जांच, VIDEO
सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बीते दिन एक अवैध मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन हुआ था. वहां खुदाई और मलबा हटाने के दौरान एक गहरा कुआं मिला है, जिसकी जांच अब ASI की कमेटी करेगी.
Follow Us:
सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में बनी अवैध मस्जिद को तोड़ने के बाद उसके बीच में एक गहरा कुआं मिला है. फिलहाल, पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद है और मस्जिद के बीच मिले कुएं को ढक दिया गया है. अवैध मस्जिद को गिराए जाने के बाद जब अधिकारियों ने मलबा हटाया, तो वहां तकरीबन 20 फीट गहरा कुआं मिला है. इसके बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) से इसकी जांच कराने का फैसला किया गया है.
सहारनपुर कलेक्ट्रेट में ध्वस्त मस्जिद के नीचे मिला गहरा कुआं!
एसडीएम (सदर) सुबोध कुमार ने कहा, "कोर्ट के आदेश के मुताबिक, पहले मस्जिद को गिराने की कार्रवाई की गई थी. उसी क्रम में एक कुएं की संरचना प्राप्त हुई है. इसके संबंध में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की ओर से जांच की जाएगी. इसके बाद ही कुएं के संबंध में आगे की जानकारी दी जाएगी."
उन्होंने दोहराते हुए कहा, "इस मामले में आगे के निर्देश जारी किए गए हैं. भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और भारतीय सर्वेक्षण विभाग की टीमें यहां आएंगी और वे ही इसकी जांच करेंगी."
वहीं, प्रशासन ने मस्जिद को जमींदोज करने के बाद खाली स्थान को पूरी तरह समतल कर दिया है. मस्जिद के मलबे को भी सहारनपुर से 10 किलोमीटर दूर गिराया गया है. कलेक्ट्रेट परिसर से एक-एक ईंट उठाई गईं. मस्जिद के बीच में कुआं मिलने से प्रशासन और अधिक सतर्कता बरत रहा है.
सहारनपुर कलेक्ट्रेट में तोड़ी गई मस्जिद के बीच निकला 20 फीट गहरा कुआं, एएसआई की टीम करेगी जांच.#Saharanpur #Mosque pic.twitter.com/tO0kZTjinc
— NMF NEWS (@NMFNewsNational) September 6, 2026
आपको बता दें कि सहारनपुर में शनिवार सुबह कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद पर बुलडोजार एक्शन हुआ था. प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से मस्जिद के निर्माण को ध्वस्त कर दिया. इस कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. बड़ी संख्या में पुलिस और RRF के जवानों की तैनाती की गई थी, जबकि मिश्रित आबादी वाले इलाकों में भी लगातार निगरानी की गई.
सरकारी जमीन पर अवैध बनी थी मस्जिद!
दरअसल, प्रशासन के मुताबिक, कलेक्ट्रेट परिसर में बनी यह मस्जिद सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण के तौर पर सामने आई थी. मामले की सुनवाई सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत में हुई थी. प्रशासन का दावा है कि सुनवाई के दौरान निर्माण को अवैध पाया गया और इसके बाद मस्जिद कमेटी को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत अपील का मौका भी दिया गया. हालांकि, पहली अपील खारिज हो गई और सिटी मजिस्ट्रेट के मूल आदेश को बरकरार रखा गया.
119 वर्ष पुरानी मस्जिद को गिराए जाने का सपा कर रही विरोध!
उधर, समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल रविवार को सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित 119 वर्ष पुरानी मस्जिद को गिराए जाने के मामले में जांच और तथ्य जुटाने के लिए पहुंचेगा. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा का प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर पहुंचेगा.
ये भी पढ़ें: सहारनपुर में गरजा 'बाबा' का बुलडोजर... कलेक्ट्रेट परिसर की मस्जिद को किया जमींदोज; सपा सांसद इकरा हसन हाउस अरेस्ट
सपा कार्यालय के ज्ञापन के अनुसार, सहारनपुर कलेक्ट्रेट में स्थित मस्जिद को सिविल कोर्ट के आदेश पर बुलडोजर से ढहा दिया गया. सपा का दावा है कि 4 सितंबर की शाम जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि मस्जिद को सील किया जाएगा, लेकिन उसे गिराया नहीं जाएगा.
यह भी पढ़ें
समाजवादी पार्टी ने कहा कि घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त करने और पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति जानने के लिए प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर पहुंचकर मंडलायुक्त (कमिश्नर) से मुलाकात करेगा. दौरे के बाद प्रतिनिधिमंडल अपनी रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को सौंपेगा.