जिस पर देशकरता है भरोसा
Advertisement

ट्रंप को नेतन्याहू ने दिखाया 'ठेंगा', इजरायल का ईरान के 4 शहरों पर ताबड़तोड़ हमला, IRGC के मिसाइल हमलों का दिया जवाब!

ईरान और इजरायल के बीच फिर से जंग छिड़ गई है. ईरान के चार शहरों पर इजरायल ने जबरदस्त हमले किए हैं. ये हमला ऐसे वक्त में हुआ है जब ट्रंप ने दावा किया था कि उन्होंने ईरानी हमले का जवाब नहीं देने के लिए इजरायल को कहा है.

Author
08 Jun 2026
( Updated: 08 Jun 2026
08:34 AM )
ट्रंप को नेतन्याहू ने दिखाया 'ठेंगा', इजरायल का ईरान के 4 शहरों पर ताबड़तोड़ हमला, IRGC के मिसाइल हमलों का दिया जवाब!
ईरान-इजरायल में फिर छिड़ी जंग/ Image Source: IANS
Advertisement

खाड़ी में सीजफायर को लेक बनी असमंजस की स्थिति के बीज एक बार फिर जंग शुरू हो गई है. रविवार रात ईरान की ओर से इजरायल पर किए गए मिसाइल हमले के बाद सोमवार तड़के इजरायल ने भी ईरानी सैन्य ठिकानों सहित अन्य जगहों पर भीषण हमले किए. इजरायली सेना के अनुसार ईरान अब तक इजरायल की ओर चार बार मिसाइलों की बौछार कर चुका है.

हालांकि इस हमले में किसी के भी घायल होने या किसी तरह के नुकसान की तुरंत कोई खबर नहीं मिली है. इन मिसाइलों के कारण उत्तरी इजरायल के कई इलाकों में सायरन बजने लगे. स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) के प्रवक्ता एफी डेफ्रिन ने रविवार को कहा कि मिसाइलें दागकर ईरान ने 'बहुत बड़ी गलती' की है. उन्होंने यह भी कहा कि सेना आगे होने वाले किसी भी संभावित मिसाइल हमले के लिए पूरी तरह तैयार है.

ईरान ने की इजरायली हमलो की पुष्टि

वहीं ईरानी न्यूज एजेंसी IRNA ने भी पुष्टि की है कि इजरायल की ओर से कई ठिकानों को निशाना बनाया गया है. इजरायल ने ईरानी राजधानी तेहरान, इस्फहान, तब्रीज और पश्चिमी ईरान के कुछ दूसरे हिस्सों में मिसाइलों से ताबड़तोड़ हमले किए. वहीं ईरान के अलावा जंग का दूसरा मोर्चा लेबनान भी बना हुआ है, जहां राजधानी बेरूत के भी कई इलाकों में धमाकों की आवाजें सुनाई दीं.

नेतन्याहू ने नहीं मानी ट्रंप की बात!

Advertisement

आपको बता दें कि कि इजरायल ने ईरान पर ये हमले ऐसे वक्त में किए हैं जब ट्रंप ने दावा किया था कि उन्होंने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को उत्तरी इजरायल पर हुए ईरानी हमले का जवाब न देने को कहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक नेतन्याहू ने ट्रंप की बात मान भी ली थी, लेकिन इसके बावजूद इजरायल ने ईरान के कई ठिकानों को निशाना बनाया है. इसका सीधा सा मतलब है कि नेतन्याहू ने ट्रंप की बात मानने से इनकार कर दिया है.

IDF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ईरान पर किए गए हमलों की पुष्टि करते हुए लिखा, 'कुछ समय पहले इजरायली एयर फोर्स ने पश्चिमी और मध्य ईरान में ईरानी आतंकी शासन के मिलिट्री ठिकानों पर हमला किया.' कहा जा रहा है कि सीजफायर के फेल होने और ईरान की ओर से हमले की शुरुआत करने के बाद अब इजरायल फिर से आर या पार के मूड में आ चुका है और किसी बड़े हमले की तैयारी भी कर रहा है.

इससे पहले ईरानी हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए डेफ्रिन ने कहा था कि IDF प्रमुख एयाल जमीर हालात की समीक्षा कर रहे हैं और आगे उठाए जाने वाले कदमों की योजनाओं को मंजूरी दे रहे हैं. हालांकि उन्होंने इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी. ईरानी हमलों के बाद, इजरायल की होम फ्रंट कमांड ने पूरे देश में सुरक्षा नियम और सख्त कर दिए हैं. खुले स्थानों पर 200 से अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगा दी गई है.

'तेहरान को जलना ही होगा' 

Advertisement

वहीं  हाल ही में इजरायल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्विर ने ईरान पर संभावित कार्रवाई की ओर इशारे करते हुए धमकी दी थी कि, 'तेहरान को जलना ही होगा.' उनके इस बयान ठीक बाद एक बार फिर से जंग छिड़ चुकी है, ट्रंप का दबाव और मध्यस्थता भी किसी काम नही आ रहा.

ईरानी हमलों के बाद इजरायल में हाई अलर्ट

इमारतों के अंदर होने वाले कार्यक्रमों में भी अधिकतम 500 लोगों को ही अनुमति होगी और वह भी तब, जब वहां सुरक्षित शरण स्थल (प्रोटेक्टेड स्पेस) मौजूद हो. इसके अलावा स्कूलों और समुद्र तटों को भी बंद कर दिया गया है. ये निर्देश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं. इजरायली सेना ने लोगों को यह भी सलाह दी है कि वे बंकरों और सुरक्षित कमरों के पास ही रहें, क्योंकि आगे और मिसाइल हमलों की आशंका बनी हुई है.

लेबनान में इजरायली हमलों का बदला लिया: IRGC

वहीं, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने रविवार को एक बयान में कहा कि उसने लेबनान में इजरायल की 'व्यापक कार्रवाइयों' के जवाब में बैलिस्टिक मिसाइलों से इजरायल के रामात डेविड एयरबेस को निशाना बनाया.

Advertisement

ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी फार्स के मुताबिक, ईरान के खातम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रमुख कमांडर अली अब्दुल्लाही ने रविवार रात कहा कि अगर इजरायल दक्षिणी लेबनान और बेरूत के दक्षिणी इलाके दाहियेह पर अपने हमले बढ़ाता है या ईरान की कार्रवाई का जवाब देता है, तो उसे ऐसे प्रहार झेलने पड़ेंगे जिनका उसको बहुत पछतावा होगा.

रविवार को इजरायल ने किया था बेरूत में भीषण हमला

Advertisement

ईरान की यह कार्रवाई उस समय हुई जब इजरायल ने रविवार को बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हवाई हमले किए थे. लेबनान के सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, इन हमलों में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए. रविवार को ही जॉर्डन के सरकारी संचार मंत्री मोहम्मद अल मोमानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर कहा कि रात के समय कई मिसाइलें जॉर्डन के हवाई क्षेत्र से होकर गुजरीं.

हिज्‍बुल्लाह ने भी दी इजरायल को चेतावनी

Advertisement

ईरान समर्थित इराकी मिलिशिया कताइब हिज्‍बुल्लाह ने रविवार रात चेतावनी दी कि अगर अमेरिका ईरान पर हमला करता है, तो वह क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों और हितों को निशाना बनाएगा. वहीं, यमन के हूती समूह ने भी ईरान के इजरायल पर किए गए हमलों का समर्थन करने की बात कही.

क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच, इराक ने एहतियात के तौर पर रविवार रात अपने हवाई क्षेत्र को 72 घंटे के लिए सभी उड़ानों के लिए अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की. वहीं सीरिया ने अपने दक्षिणी हवाई मार्गों को 12 घंटे के लिए बंद कर दिया और दमिश्क अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन भी रोक दिया.

यह भी पढ़ें

ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, ईरान ने भी रविवार रात अपने पश्चिमी हवाई क्षेत्र को अगली सूचना तक बंद करने की घोषणा की.

Tags

Advertisement
टिप्पणियाँ 0
G
Guest (अतिथि)
LIVE
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
शॉर्ट्स
वेब स्टोरीज़
होम वीडियो खोजें