कोमा में पहुंचे ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई, इजरायली हमले में एक पैर कटा, द सन की रिपोर्ट में दावा
Iran Israel War: ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को लेकर दावा किया जा रहा है कि वह भी हवाई हमले में गंभीर रूप से घायल हुए हैं. सूत्रों का कहना है कि वह कोमा में हैं और उन्हें अपना एक पैर खोना पड़ा है. यह दावा ब्रिटिश टैबलॉयड अखबार ‘द सन’ की एक रिपोर्ट में किया गया है.
Follow Us:
ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की कथित तौर पर इजरायली-अमेरिकी हमले में मौत के बाद एक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि अली खामेनेई के दूसरे बेटे और नए ईरानी सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई भी गंभीर रूप से घायल हैं और कोमा में हैं. कहा जा रहा है कि अमेरिका-इजरायल के हालिया हवाई हमले में बुरी तरह घायल मोजतबा का एक पैर काटना पड़ा है. यह खबर ब्रिटेन के टैबलॉयड अखबार ‘द सन’ की रिपोर्ट के हवाले से सामने आई है.
क्या पिता पर हुए हमले में घायल हुए मोजतबा?
‘द सन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, खामेनेई के दूसरे बेटे 56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई अपने पिता पर हुए हमले में बुरी तरह घायल हुए थे. इसी एयर स्ट्राइक में अयातुल्लाह अली खामेनेई और उनके परिवार के कुछ अन्य लोगों की भी मौत हो गई थी. दावा किया गया है कि हमले के बाद उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए तेहरान के एक अस्पताल में ले जाया गया. हालांकि इस रिपोर्ट की सच्चाई की पुष्टि नहीं हो पाई है और न ही ईरान की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है.
मोजतबा के घायल होने की आशंका क्यों बढ़ी?
‘द सन’ की रिपोर्ट को इसलिए भी बल मिल रहा है क्योंकि पिता की मौत के बाद से मोजतबा सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं. सुप्रीम लीडर के तौर पर नियुक्ति की घोषणा के बाद भी उन्होंने सार्वजनिक उपस्थिति नहीं दी. न ही उन्होंने ऑनलाइन माध्यम या रिकॉर्डेड वीडियो के जरिए जनता को संबोधित किया. उनका दुनिया के नाम संदेश भी ईरानी सरकारी टीवी पर पढ़कर सुनाया गया. हालांकि ईरान की ओर से यह तर्क दिया जा सकता है कि सुरक्षा कारणों से उन्हें सार्वजनिक रूप से सामने आने से रोका गया हो.
मोजतबा की स्थिति पर ट्रंप का बड़ा बयान
‘द सन’ के अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ईरान के नए सुप्रीम लीडर की स्थिति को लेकर बयान दिया है. फॉक्स न्यूज रेडियो से बातचीत में मोजतबा खामेनेई के जीवित होने को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि मोजतबा शायद जिंदा हैं, लेकिन संभव है कि उन्हें गंभीर चोटें आई हों.
मोजतबा का एक पैर काटना पड़ा: सूत्र
सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हवाई हमले में मोजतबा खामेनेई को बेहद गंभीर चोटें आईं. इतना ही नहीं, उनके शरीर को भारी नुकसान पहुंचा है और कम से कम एक पैर काटना पड़ा है. इसके अलावा उनके पेट या लीवर में भी गंभीर क्षति होने की बात कही जा रही है.
कहां हो रहा है मोजतबा का इलाज?
रिपोर्ट के मुताबिक, मोजतबा खामेनेई का इस समय कड़ी सुरक्षा के बीच तेहरान के सीना यूनिवर्सिटी अस्पताल में इलाज चल रहा है. सूत्रों का कहना है कि उनकी हालत बेहद गंभीर है.
जानकारी के अनुसार, उनकी सुरक्षा और मोसाद एजेंटों की घुसपैठ की आशंका को देखते हुए अस्पताल की यूनिट को पूरी तरह सील कर दिया गया है और वहां भारी सुरक्षा तैनात की गई है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ईरान के स्वास्थ्य मंत्री और अनुभवी ट्रॉमा सर्जन मोहम्मद रजा जफरगंडी इलाज की निगरानी कर रहे हैं.
मोजतबा खामेनेई का पहला संदेश
इससे पहले ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का पद संभालने के बाद पहला संदेश गुरुवार को सरकारी टेलीविजन पर पढ़कर सुनाया गया था. इस संदेश में उनके कड़े तेवर साफ दिखाई दिए. इसमें कहा गया कि अमेरिकी ठिकानों पर हमले ईरान बंद नहीं करेगा, जबकि पड़ोसी देशों के साथ दोस्ताना संबंध बनाए रखेगा.
अपनी सेना के साहस की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि देश शहीदों के खून का बदला जरूर लेगा.
ईरान हमले बंद नहीं करेगा: मोजतबा
उन्होंने कहा कि ईरान जवाबी कार्रवाई जारी रखेगा. मोजतबा ने पड़ोसी देशों के साथ संबंध बेहतर करने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि हमें अपने पड़ोसियों के साथ रिश्ते मजबूत करने होंगे.
नए ईरानी सुप्रीम लीडर ने दावा किया कि यमन और इराक के हथियारबंद लड़ाके भी उनकी मदद के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा कि यमन हमारे साथ है और इराक में मौजूद सशस्त्र समूह भी इस्लामिक क्रांति में मदद करने को तैयार हैं.
‘होर्मुज स्ट्रेट बंद ही रहेगा’
अपने पहले संदेश में मोजतबा खामेनेई ने देश से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि दुश्मनों पर दबाव बनाने के लिए होर्मुज स्ट्रेट बंद रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि ईरान पड़ोसी देशों से दोस्ती में विश्वास करता है, लेकिन वह अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाना जारी रखेगा.
उन्होंने चेतावनी दी कि क्षेत्र में मौजूद सभी अमेरिकी बेस तुरंत बंद कर दिए जाएं, अन्यथा उन पर हमला किया जाएगा.
यह भी पढ़ें
नियुक्ति की घोषणा के बाद से मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं. साइप्रस में ईरान के राजदूत अलीरेजा सालारियन ने बुधवार को ‘गार्जियन’ अखबार से कहा था कि खामेनेई उसी हवाई हमले में घायल हुए थे, जिसमें उनके पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई मारे गए थे.
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें