Advertisement

Loading Ad...

‘योगी आदित्यनाथ ही चेहरा होंगे…’, यूपी चुनाव के लिए BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने साफ किया गेम प्लान

उत्तर प्रदेश 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत तेज है. सपा ने मिशन-2027 शुरू किया, वहीं बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने साफ किया कि पार्टी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चेहरे पर ही चुनाव लड़ेगी और सत्ता में हैट्रिक का भरोसा जताया है.

Image Source: IANS
Loading Ad...

उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, लेकिन राजनीतिक सरगर्मी अभी से तेज हो गई है. सभी प्रमुख दल अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं. इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी ने पश्चिमी यूपी के दादरी से मिशन-2027 की शुरुआत कर दी है. वहीं भारतीय जनता पार्टी ने भी अपने पत्ते खोलते हुए साफ संकेत दे दिए हैं कि वह किस चेहरे के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी.

बीजेपी ने 2027 के लिए तय किया चेहरा

बीजेपी ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ही अपना चेहरा बनाने का संकेत दे दिया है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने न्यूज 18 चैनल को दिए इंटरव्यू में स्पष्ट कहा कि योगी आदित्यनाथ ही मुख्यमंत्री हैं और उन्हीं के नेतृत्व में सरकार चल रही है, इसलिए आगामी चुनाव में भी चेहरा वही होंगे. उन्होंने कहा कि बीजेपी 2027 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ेगी और एक बार फिर सत्ता में वापसी का लक्ष्य रखेगी.

Loading Ad...

उत्तर प्रदेश अब उत्तम प्रदेश बन रहा है

Loading Ad...

नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश के बदलाव पर भी बात की. उन्होंने कहा कि एक समय था जब यूपी को अपराध, वसूली और अस्थिरता के लिए जाना जाता था. लेकिन आज वही राज्य विकास, एक्सप्रेसवे और बेहतर कानून व्यवस्था के लिए पहचाना जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसे उत्तम प्रदेश बनाने की प्रक्रिया जारी है.

विकास बना बीजेपी का आधार

Loading Ad...

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि आज जनता के लिए सबसे महत्वपूर्ण चीजें गुड गवर्नेंस, विकास और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर हैं. उत्तर प्रदेश इन सभी क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को गरीबों तक पहुंचाया गया है. प्रधानमंत्री अन्न योजना से लेकर अन्य कल्याणकारी योजनाओं का प्रभाव जमीन पर दिखाई दे रहा है. साथ ही बड़े पैमाने पर निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास ने राज्य की तस्वीर बदल दी है.

योगी की कानून व्यवस्था को बताया यूएसपी

नितिन नवीन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सबसे बड़ी ताकत उनकी कानून व्यवस्था पर पकड़ है. उन्होंने कहा कि आज यूपी में लॉ एंड ऑर्डर बेहतर हुआ है और इसका सीधा असर विकास पर दिख रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि कई शहर अब तेजी से विकसित हो रहे हैं और नए औद्योगिक और आर्थिक केंद्र के रूप में उभर रहे हैं. यही वजह है कि जनता सरकार के कामकाज से जुड़ाव महसूस कर रही है.

Loading Ad...

बीजेपी की हैट्रिक का दावा

बीजेपी अध्यक्ष ने दावा किया कि मौजूदा विकास मॉडल और सुशासन के आधार पर पार्टी 2027 में एक बार फिर जीत हासिल करेगी और सत्ता में हैट्रिक लगाएगी. उन्होंने कहा कि जनता अब काम, स्थिरता और विकास को देखकर वोट करती है. ऐसे में बीजेपी को भरोसा है कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पार्टी एक बार फिर मजबूत जनादेश हासिल करेगी.

2017 से 2022 तक का राजनीतिक सफर

Loading Ad...

गौरतलब है कि 2017 में बीजेपी ने 15 साल बाद उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी की थी. उस समय पार्टी ने किसी मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा नहीं की थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा गया था. भारी बहुमत के बाद योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाया गया था. उनके पहले कार्यकाल में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक सुधारों पर जोर दिया गया. 2022 के चुनाव में भी बीजेपी ने बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की, हालांकि सीटों की संख्या थोड़ी कम हुई थी. अब 2027 के चुनाव से पहले बीजेपी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह किसी तरह का सस्पेंस नहीं रखना चाहती और सीधे योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मैदान में उतरेगी.

बताते चलें कि उत्तर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है. बीजेपी जहां योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगातार तीसरी जीत का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है, वहीं विपक्ष भी अपनी रणनीति को धार देने में जुटा है. अब देखना यह होगा कि जनता 2027 में किसे अपना जनादेश देती है और किसकी नीतियों पर भरोसा जताती है.

LIVE
अधिक →

Advertisement

Loading Ad...
Loading Ad...
Loading Ad...