Advertisement

Loading Ad...

पश्चिम बंगाल में 'योगी स्टाइल' एक्शन... CM सुवेंदु के आदेश पर आधी रात गरजा बुलडोजर, हावड़ा स्टेशन के बाहर बड़ी कार्रवाई

हावड़ा रेलवे स्टेशन के बाहर प्रशासन ने बड़े अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत बुलडोजर कार्रवाई की. फुटपाथ और सार्वजनिक रास्तों पर वर्षों से अवैध कब्जा कर चल रही दुकानों को हटाया गया. इस कार्रवाई को पश्चिम बंगाल में सीएम सुवेंदु अधिकारी के सख्त प्रशासनिक रुख से जोड़कर देखा जा रहा है.

Image Source: Screengrab X/ @ians_india
Loading Ad...

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान जिस तरह एक जनसभा में यूपी के सीएम योगी आदित्यानाथ का सुवेंदु अधिकारी ने मंच पर पैर छूकर आशीर्वाद लिया था, अब मुख्यमंत्री बनने के बाद सुवेंदु अधिकारी भी योगी आदित्यनाथ के पदचिह्नों पर चलते हुए कड़े फैसले लेते नजर आ रहे हैं. चाहे भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई हो या फिर पूर्व सीएम ममता बनर्जी के शासनकाल में जारी 1.69 करोड़ जाति प्रमाणपत्रों की जांच का आदेश, सीएम सुवेंदु अधिकारी एकदम धुआंधार अंदाज में दिखाई दे रहे हैं. इस बीच अतिक्रमण के खिलाफ भी ताबड़तोड़ कार्रवाई का सिलसिला शुरू हो चुका है. इसी कड़ी में देर रात हावड़ा रेलवे स्टेशन के बाहर बड़े अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत बुलडोजर कार्रवाई देखने को मिली.

दरअसल, हावड़ा रेलवे स्टेशन के ठीक बाहर स्थित गंगा घाट और बस स्टैंड के आसपास फुटपाथों तथा सार्वजनिक रास्तों पर अवैध रूप से कब्जा कर चलाई जा रही दुकानों और व्यवसायों पर प्रशासन का बुलडोजर चला है. वर्षों से फुटपाथ और सार्वजनिक रास्तों पर कब्जा कर व्यवसाय कर रहे दुकानदारों को हटाने के लिए यह अभियान चलाया गया. सार्वजनिक जमीनों पर जमे दुकानदारों को हटाने के लिए इसे अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है. चूंकि यह पूरा क्षेत्र रेलवे परिसर के अधीन आता है, इसलिए इस अभियान को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया. कार्रवाई के दौरान आईओडब्ल्यू (IOW) विभाग, आरपीएफ और हावड़ा सिटी पुलिस के आला अधिकारी भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे. प्रशासन ने बिना किसी ढिलाई के बुलडोजर की मदद से पक्के और कच्चे अवैध निर्माणों को पूरी तरह जमींदोज कर पूरे इलाके को खाली करा लिया.

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के थे पुख़्ता इंतजाम

Loading Ad...

रेलवे सुरक्षा बल की कड़ी निगरानी में चलाए गए इस अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी गई. किसी भी तरह के विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में बदल दिया गया था, जबकि प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके की स्थिति पर नजर बनाए हुए थे. वहीं, अचानक हुई इस कार्रवाई से आसपास के दुकानदारों और कारोबारियों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया.

Loading Ad...

प्रशासन को मिला अभियान जारी रखने का आदेश

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, हावड़ा रेलवे स्टेशन जैसे अत्यधिक व्यस्त इलाके में सार्वजनिक रास्तों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है. अधिकारियों का कहना है कि अवैध कब्जों की वजह से रोजाना हजारों यात्रियों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेलवे और सार्वजनिक जमीनों पर दोबारा अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रखने के संकेत दिए गए हैं. इससे पहले तिलजला और उत्तर 24 परगना जिले के हसनाबाद इलाके में भी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की जा चुकी है.

Loading Ad...

यह भी पढ़ें

बहरहाल, हावड़ा में चला यह बुलडोजर अभियान पूरे पश्चिम बंगाल में चर्चा का विषय बना हुआ है. प्रशासन के सख्त रुख से साफ संकेत मिल रहे हैं कि अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ आने वाले दिनों में भी इसी तरह की बड़ी कार्रवाइयां लगातार जारी रह सकती हैं.

Loading Ad...
Loading Ad...