PM सूर्यघर योजना में उत्तर प्रदेश ने किया कमाल, हासिल किया पहला मुकाम, केंद्र से मिला बड़ा सम्मान
योगी सरकार के प्रयासों से UP में अब तक 5.64 लाख से ज्यादा रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना की गई है. इसी के साथ UP देश में सौर ऊर्जा का अग्रणी राज्य बन गया है.
Follow Us:
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना पुरस्कार समारोह में उत्तर प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन किया है. राष्ट्रीय स्तर पर UP ने अपनी अग्रणी पहचान स्थापित की है. सौर ऊर्जा के क्षेत्र में राज्य की उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए उत्तर प्रदेश को कई महत्वपूर्ण श्रेणियों में सम्मानित किया गया. जो कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व के कारण संभव हो पाया है.
मंत्रालय की ओर से जारी पुरस्कार सूची के अनुसार सौर ऊर्जा महीने (मई 2026) में उच्च स्तरीय उपभोक्ता आधार श्रेणी में उत्तर प्रदेश ने सर्वाधिक उपभोक्ता आवेदन (1,02,035), सर्वाधिक सौर संयंत्र स्थापना (64,734) और सर्वाधिक विक्रेता पंजीकरण (779) के लिए देश में पहला स्थान हासिल किया है.
रूफटॉप में UP की राजधानी लखनऊ ने किया कमाल
इसके अलावा डिस्कॉम निरीक्षणों की श्रेणी में UP को दूसरा स्थान हासिल हुआ है. जबकि लखनऊ ने देश में कुल रूफटॉप स्थापना (1 लाख से ज्यादा) में पहला स्थान पाया है.
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत उत्तर प्रदेश में अब तक 5.64 लाख से ज्यादा रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना हो चुकी है. जिससे राज्य देश के अग्रणी सौर ऊर्जा राज्यों में शामिल हो गया है. यह उपलब्धि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों के साथ जनभागीदारी का परिणाम है.
लोगों को कैसे मिला फायदा?
योगी सरकार के प्रयासों से योजना का सबसे बड़ा लाभ आम नागरिकों को मिल रहा है. लाखों परिवारों के बिजली बिलों में उल्लेखनीय कमी आई है और कई उपभोक्ता अपनी जरूरत की बिजली खुद उत्पन्न कर रहे हैं. इससे घरेलू बचत बढ़ी है, ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिला है और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग में तेजी आई है.
योगी सरकार के अपनाए गए विकेन्द्रीकृत क्रियान्वयन और केंद्रीकृत निगरानी मॉडल, जिला स्तर पर प्रभावी समन्वय, डिस्कॉम की सक्रिय भागीदारी और व्यापक जनजागरूकता अभियानों ने इस सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. ऊर्जा सुरक्षा को राष्ट्रीय सुरक्षा का आधार मानते हुए उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है.
यह भी पढ़ें
यह भी पढ़ें- CM योगी के जन्मदिन पर प्रदेशभर में कार्यक्रम, BSP सुप्रीमो मायावती ने दी बधाई, जानें क्या कहा
नई दिल्ली में प्राप्त यह राष्ट्रीय सम्मान राज्य की उस प्रतिबद्धता का प्रमाण है, जिसके माध्यम से उत्तर प्रदेश स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन का नेतृत्व कर रहा है. सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की यह उपलब्धि न केवल राज्य के लिए गौरव का विषय है, बल्कि विकसित भारत और ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत के राष्ट्रीय संकल्प को भी नई गति प्रदान करती है.