गर्मी का कहर, सीएम योगी का अधिकारियों को सख्त निर्देश, बिजली-पानी-अस्पताल में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सीएम योगी ने राहत और बचाव कार्यों को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा है. उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि लू से बचाव के लिए सावधानी बरतें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें.
Follow Us:
उत्तर प्रदेश में लगातार गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है जिससे लोगों का जीना मुश्किल होता जा रहा है. कई जिलों में तापमान लगातार ऊपर जा रहा है, दोपहर के समय सड़कें सुनसान होती जा रही हैं और लोग लू से बचने के तरीके खोज रहे हैं.
यूपी में गर्मी को लेकर अलर्ट मोड में सरकार
वही भीषण गर्मी और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियां अलर्ट मोड में कार्य करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए खास निर्देश
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को अस्पतालों, पेयजल व्यवस्था और बिजली आपूर्ति पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं तथा जरूरी दवाइयों और चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता बनी रहे.
'बच्चों और बुजुर्गों का रखें खास ध्यान'
सीएम योगी ने राहत और बचाव कार्यों को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा है. उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि लू से बचाव के लिए सावधानी बरतें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें.
मुख्यमंत्री ने लोगों को दी सूती या खादी के ढीले वस्त्र पहनने की सलाह
मुख्यमंत्री ने लोगों को सूती या खादी के ढीले वस्त्र पहनने की सलाह दी है. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी कोई भी लापरवाही न करें, जिससे आग लगने की आशंका हो. फायर सेफ्टी सिस्टम और राहत-बचाव एजेंसियों को भी अलर्ट रहने को कहा गया है.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रमिकों को थकावट, डिहाइड्रेशन और लू से बचाने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएं, उनके लिए पीने का पानी, छांव और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. ताकि भीषण गर्मी के दौरान जनजीवन सुरक्षित रह सके.
उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री के पार
यह भी पढ़ें
दरअसल, पिछले कुछ सालों में उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में हीटवेव का असर लगातार बढ़ा है. कई बार तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच जाता है. ऐसे में सरकार कोशिश कर रही है कि इस बार पहले से तैयारी रखी जाए. इसी वजह से अफसरों को फील्ड में एक्टिव रहने और हर जरूरी व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.