बंद हुआ डिस्प्ले, अदंर भरा धुआं… बाल-बाल बचे UP के उपमुख्यमंत्री, केशव मौर्य के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग
केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ से कौशांबी जा रहे थे. उड़ान भरने के 15 मिनट बाद ही उनके चॉपर का डिस्प्ले बंद हो गया और धुआं भरने लगा.
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) की जान बाल-बाल बची. कौशांबी जाते समय अचानक आई खराबी के कारण उनके हेलिकॉप्टर की लखनऊ एयरपोर्ट (Lucknow Airport) पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. जानकारी के अनुसार, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का हेलीकॉप्टर लखनऊ के ला मार्ट ग्राउंड से कौशांबी के लिए उड़ान भर रहा था. तभी अचानक तकनीकी खराबी आई.
बताया जा रहा है उड़ान भरने के 15 मिनट बाद ही हेलिकॉप्टर का डिस्प्ले अचानक बंद हो गया. अंदर धुआं भरने लगा. स्थिति बिगड़ते देख पायलट ने तुरंत लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी और इमरजेंसी लैंडिंग की परमिशन मांगी. बताया जा रहा है विमान तब तक 50 किलोमीटर दूर जा चुका था. इसके बाद पायलट ने वापस लखनऊ की तरफ प्लेन को मोड़ दिया.
बुलाई गई फायर ब्रिगेड की टीम
हेलिकॉप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं. हेलिकॉप्टर की पूरी जांच की जा रही है. बताया जा रहा है उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य समेत विमान में 6 लोग सवार थे. इनमें दो पायलट, प्राइवेट सेक्रेटरी और दो सुरक्षा गार्ड शामिल हैं. हेलिकॉप्टर की लैंडिंग से पहले ही एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस बुलाई गई थी.
दरअसल, केशव प्रसाद मौर्य का शनिवार को लगभग साढ़े 11 बजे कौशांबी पहुंचने के कार्यक्रम था. इस घटना के बाद डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य दूसरे हेलिकॉप्टर से कौशांबी रवाना हुए. कौशांबी पहुंचने के बाद केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई थी और हमें वापस लौटना पड़ा. फिर हमने दूसरा हेलिकॉप्टर लिया और अब यहां पहुंच गए हैं.
डिप्टी CM केशव मौर्य जिस विमान में सवार थे वह UP सरकार का था और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के पास इसकी जिम्मेदारी है. इससे पहले भी केशव प्रसाद मौर्य के विमान में तीन बार तकनीकी खराबी के कारण तीन बार इमरजेंसी लैंडिंग की गई थी.
Advertisement
यह भी पढ़ें
Advertisement