CM योगी ने 60,244 आरक्षियों को दी नई दिशा, कहा-प्रशिक्षण में पसीना बहाओ, भविष्य सुरक्षित होगा’
योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ पुलिस लाइन में 60,244 नए पुलिस आरक्षियों की दीक्षांत परेड में सलामी ली और कहा कि महिला आरक्षियों ने प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, समर्पण और टीमवर्क का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है.
Follow Us:
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पुलिस लाइन में रविवार का दिन खास रहा, जब योगी आदित्यनाथ ने 60,244 आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती 2025 बैच की दीक्षांत परेड की सलामी ली. पूरे मैदान में अनुशासन, गर्व और नई जिम्मेदारी का जोश साफ दिखाई दे रहा था.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने अपने संबोधन में महिला आरक्षियों की विशेष रूप से सराहना की. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान बेटियों ने जिस अनुशासन, समर्पण और तत्परता का परिचय दिया है, वह प्रशंसनीय है. उन्होंने कहा कि वर्दीधारी बल की सबसे बड़ी ताकत अनुशासन और टीमवर्क है. साथ ही उन्होंने एक महत्वपूर्ण संदेश दिया कि प्रशिक्षण में जितना पसीना बहाया जाएगा, आगे जीवन में उतना ही कम खून बहाने की नौबत आएगी.
कानून अपराधियों के लिए कठोर
सीएम योगी ने नए आरक्षियों को फील्ड ड्यूटी के लिए तैयार करते हुए कहा कि कानून अपराधियों के लिए कठोर होना चाहिए, लेकिन आम नागरिकों के लिए पुलिस को हमेशा संवेदनशील रहना होगा. उन्होंने विश्वास जताया कि सभी आरक्षी अपनी जिम्मेदारी को निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे और उत्तर प्रदेश पुलिस की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएंगे.
परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मिला सम्मान
दीक्षांत परेड के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला आरक्षियों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया. महिला आरक्षी नेहा यादव को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए कई पुरस्कार मिले, जबकि सोनम और रिया सिंह कुशवाहा को भी सम्मानित किया गया. इस मौके पर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया और सभी आरक्षियों को शपथ दिलाई.
महिला सुरक्षा पर जोर
सीएम योगी ने अपने संबोधन में मिशन शक्ति का भी जिक्र किया, जिसे 2019-20 से लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है. इसके तहत महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि हर थाने में मिशन शक्ति केंद्र बनाए गए हैं और महिला पीएसी बटालियनों का गठन भी किया गया है.
नए भारत की सुरक्षा व्यवस्था की ओर कदम
कार्यक्रम में यह संदेश स्पष्ट था कि उत्तर प्रदेश पुलिस अब आधुनिक सोच, मजबूत प्रशिक्षण और संवेदनशील व्यवहार के साथ आगे बढ़ रही है. महिला आरक्षियों की बढ़ती भागीदारी और सरकार की नीतियां इस बात का संकेत हैं कि राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा रहा है.
यह भी पढ़ें
बता दें कि लखनऊ की इस दीक्षांत परेड ने न सिर्फ नए आरक्षियों को नई जिम्मेदारी दी, बल्कि यह भी दिखाया कि आने वाले समय में पुलिस बल और अधिक अनुशासित, सक्षम और जनता के प्रति संवेदनशील होने जा रहा है.