'पैनिक न हों, ये वक्त भी गुजर जाएगा...', PM मोदी ने LPG संकट की अफवाहों के बीच देशवासियों से की खास अपील

एलपीजी सप्लाई को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच पीएम मोदी ने लोगों से पैनिक में न आने की अपील की है. गृह मंत्रालय ने गैस सप्लाई पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम बनाए हैं. सरकार ने कहा है कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है और जमाखोरी करने वालों पर कार्रवाई होगी.

Social Media

देश में इन दिनों एलपीजी (LPG) गैस सप्लाई को लेकर कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं. सोशल मीडिया और कुछ स्थानीय खबरों में यह दावा किया जा रहा है कि गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित हो सकती है. इन अफवाहों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने देशवासियों से अपील की है कि किसी भी तरह के पैनिक में आने की जरूरत नहीं है. उन्होंने साफ कहा कि सरकार हालात पर पूरी तरह नजर रखे हुए है और घरेलू गैस की सप्लाई सामान्य रूप से जारी है.

पीएम मोदी ने यह अपील तमिलनाडु में आयोजित एनडीए की एक बैठक को संबोधित करते हुए की. उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित जरूर हुई है, लेकिन भारत सरकार हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने जनता से आग्रह किया कि अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि के किसी भी सूचना को आगे साझा न करें.

अफवाहों के बीच सरकार की सक्रियता

एलपीजी सप्लाई को लेकर फैल रही आशंकाओं को देखते हुए गृह मंत्रालय ने देशभर में कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं. इन कंट्रोल रूम का उद्देश्य गैस सप्लाई की स्थिति पर लगातार नजर रखना और किसी भी तरह की जमाखोरी को रोकना है. सरकार का कहना है कि यदि लोग बिना जरूरत के ज्यादा गैस सिलेंडर खरीदने की कोशिश नहीं करेंगे तो सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी रहेगी. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति पहले की तरह ही जारी है और किसी तरह की कमी की स्थिति नहीं है.

राज्यों को भी किया गया अलर्ट

केंद्र सरकार के निर्देश के बाद कई राज्यों में प्रशासन को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है. यूपी, हरियाणा समेत कई राज्यों में जिला प्रशासन लोगों को लगातार जागरूक कर रहा है कि अफवाहों से बचें और सामान्य तरीके से गैस का उपयोग करें. प्रशासन की ओर से यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि कोई व्यक्ति या व्यापारी गैस सिलेंडरों की जमाखोरी करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. सरकार ने पहले ही Essential Services Maintenance Act यानी एस्मा लागू कर दिया है, ताकि जरूरी सेवाओं की आपूर्ति किसी भी हाल में प्रभावित न हो. इसके तहत घरेलू गैस सप्लाई को प्राथमिकता देने का फैसला लिया गया है. साथ ही बीते छह महीनों से चल रही आपूर्ति के औसत को बनाए रखने की भी योजना बनाई गई है. इससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि देश के हर हिस्से में गैस सिलेंडर की उपलब्धता बनी रहे.

पीएम मोदी की जनता से खास अपील

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि देश के नागरिकों को संयम और समझदारी से काम लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि अफवाहें अक्सर संकट के समय स्थिति को और ज्यादा बिगाड़ देती हैं. इसलिए जरूरी है कि लोग केवल सही और सत्यापित जानकारी पर ही भरोसा करें. उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहा संघर्ष वैश्विक ऊर्जा बाजार को प्रभावित कर रहा है. इसके बावजूद भारत सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और हर जरूरी कदम उठा रही है. प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार सभी नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

कोरोना की तरह इस संकट से भी उबरेंगे

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कोरोना महामारी के दौर को भी याद किया. उन्होंने कहा कि उस समय 140 करोड़ भारतीयों ने मिलकर यह साबित कर दिया था कि हमारा देश किसी भी बड़े संकट का सामना करने की क्षमता रखता है. पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि जिस तरह देश ने कोरोना महामारी के कठिन दौर को पार किया, उसी तरह यह चुनौती भी जल्द ही पीछे छूट जाएगी. उन्होंने कहा कि भारत की सोच हमेशा 'इंडिया फर्स्ट' की रही है और सरकार हर कदम इसी सोच के साथ उठा रही है.

मंत्रालय भी कर रहे फैक्ट चेक

स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में रखने के लिए केंद्र सरकार के कई मंत्रालय मिलकर काम कर रहे हैं. सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के साथ समन्वय बनाकर लगातार फैक्ट चेक किया जा रहा है. केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक भी की है. इस बैठक का उद्देश्य कानून व्यवस्था को बनाए रखना और अफवाहों के कारण पैदा होने वाले हालातों से समय रहते निपटना है.

बहरहाल केंद्र सरकार का संदेश साफ है कि एलपीजी गैस की सप्लाई को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है. यदि लोग अफवाहों से दूर रहें और सामान्य तरीके से गैस का उपयोग करें तो देश में सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह स्थिर बनी रहेगी.

Advertisement

यह भी पढ़ें

Advertisement

LIVE