लैंडिंग के बाद अचानक खुला इमरजेंसी गेट, चलती फ्लाइट से कूद गया यात्री; चेन्नई एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप
शारजाह से चेन्नई आ रही एयर अरेबिया की फ्लाइट में लैंडिंग के बाद टैक्सीवे पर बड़ा हंगामा हो गया. एक यात्री ने अचानक इमरजेंसी एग्जिट डोर खोलकर चल रहे विमान से कूद गया.
Follow Us:
चेन्नई से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जिसने एयरपोर्ट सुरक्षा व्यवस्था और विमान यात्रा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. शारजाह से चेन्नई आ रही एयर अरेबिया की फ्लाइट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लैंडिंग के बाद टैक्सीवे पर चल रहे विमान से एक यात्री ने अचानक इमरजेंसी एग्जिट डोर खोल दिया और नीचे कूद गया. घटना इतनी अचानक हुई कि कुछ देर के लिए विमान में मौजूद यात्रियों के बीच डर और घबराहट फैल गई.
लैंडिंग के बाद हुआ पूरा घटनाक्रम
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, विमान ने चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कर ली थी. इसके बाद विमान मुख्य रनवे से हटकर टैक्सीवे पर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था. इसी दौरान एक पुरुष यात्री ने बिना किसी चेतावनी के इमरजेंसी एग्जिट डोर खोल दिया और बाहर कूद गया. उस समय विमान पूरी तरह रुका नहीं था, बल्कि धीमी गति में था, जिससे घटना और भी गंभीर मानी जा रही है.
यात्रियों में मचा डर का माहौल
इस अप्रत्याशित घटना के बाद फ्लाइट में बैठे अन्य यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया. अचानक हुए इस घटनाक्रम ने सभी को चौंका दिया. हालांकि राहत की बात यह रही कि न तो किसी यात्री को चोट आई और न ही विमान को किसी तरह का नुकसान हुआ. फिर भी इस घटना ने विमान सुरक्षा को लेकर चिंता जरूर बढ़ा दी है.
तबीयत खराब होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि संबंधित यात्री यात्रा के दौरान अस्वस्थ महसूस कर रहा था. उसे उल्टी जैसा एहसास हो रहा था और उसने फ्लाइट के अंदर दो बार उल्टी भी की थी. माना जा रहा है कि उसकी खराब तबीयत और मानसिक असहजता का इस घटना से सीधा संबंध हो सकता है. हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
CISF ने तुरंत लिया एक्शन
घटना के तुरंत बाद पायलट ने ग्राउंड सिक्योरिटी को अलर्ट किया. इसके बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल यानी CISF के जवान मौके पर पहुंचे और यात्री को हिरासत में ले लिया गया. बाद में उसे आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया. फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर यात्री ने ऐसा जोखिम भरा कदम क्यों उठाया.
एक घंटे तक प्रभावित रहा एयरपोर्ट संचालन
इस घटना का असर चेन्नई एयरपोर्ट के संचालन पर भी पड़ा. अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा के लिहाज से मुख्य रनवे को करीब एक घंटे के लिए बंद करना पड़ा. सुबह 3 बजकर 23 मिनट से 4 बजकर 23 मिनट तक रनवे बंद रहा, जिसके चलते उड़ानों को वैकल्पिक रनवे से संचालित किया गया. स्थिति सामान्य होने के बाद मुख्य रनवे को फिर से खोल दिया गया.
यह भी पढ़ें
फिलहाल उस यात्री की पहचान को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. हालांकि कुछ अपुष्ट रिपोर्ट्स में उसे तमिलनाडु के पुडुक्कोट्टई जिले का निवासी बताया जा रहा है. इस पूरे घटनाक्रम में किसी के घायल न होने को बड़ी राहत माना जा रहा है, लेकिन यह घटना भविष्य में सुरक्षा मानकों को और सख्त करने की जरूरत की ओर इशारा करती है.