Advertisement
अभिजीत दिपके ने खोले दिल के राज, विधायक-सांसद नहीं... इस पद पर है नजर
Abhijeet Dipke: अभिजीत दिपके ने साफ कर दिया है कि उनका फिलहाल राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है. उनका कहना है कि अगर उन्हें राजनीति ही करनी होती, तो वह पढ़ाई के लिए अमेरिका नहीं जाते
Advertisement
Abhijeet Dipke: दिल्ली में छात्रों के आंदोलन की अगुवाई करने वाले अभिजीत दिपके इन दिनों लगातार चर्चा में हैं. कई बड़े नेता और मंत्री उनसे मिलने उनके घर पहुंच रहे हैं, इसलिए यह सवाल भी उठ रहा था कि क्या वह अब राजनीति में कदम रखने वाले हैं. एबीपी न्यूज से बातचीत में अभिजीत दिपके ने साफ कर दिया है कि उनका फिलहाल राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है. उनका कहना है कि अगर उन्हें राजनीति ही करनी होती, तो वह पढ़ाई के लिए अमेरिका नहीं जाते. उन्होंने बताया कि उनका सबसे बड़ा सपना अपने गांव के लिए काम करना है. वह महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के सांतुक पिंपरी गांव के सरपंच बनना चाहते हैं ताकि गांव की तस्वीर बदल सकें और लोगों की जिंदगी बेहतर बना सकें.
गांव की समस्याएं बचपन से देखीं, अब उन्हें दूर करना चाहते हैं
अभिजीत दिपके ने बताया कि बचपन से ही वह हर साल गर्मियों की छुट्टियों में दो से तीन महीने अपने गांव में बिताते थे. इस दौरान उन्होंने गांव की असली परेशानियों को बहुत करीब से देखा. उन्होंने कहा कि उन्हें अच्छी शिक्षा मिली, लेकिन उनके रिश्तेदारों और गांव के दूसरे बच्चों को टूटे हुए स्कूलों में पढ़ना पड़ता था. कई बच्चे खराब फर्श पर बैठकर पढ़ाई करते थे. यही वजह है कि उनके मन में हमेशा से गांव के लिए कुछ करने की इच्छा रही. उनका सपना है कि गांव के स्कूलों की हालत सुधरे, सड़कें बेहतर बनें, नालों की व्यवस्था ठीक हो और गांव में एक अच्छा अस्पताल भी बने, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े.
Advertisement
Advertisement
आंदोलन के बाद भी जारी रहेगा काम, बनेगा प्रेशर ग्रुप
अभिजीत दिपके ने यह भी बताया कि उनके साथ बड़ी संख्या में वॉलंटियर्स जुड़े हुए हैं और अब वे सभी मिलकर अलग-अलग स्तर पर काम करेंगे. उनका कहना है कि उनका संगठन किसी राजनीतिक पार्टी की तरह चुनाव लड़ने के लिए नहीं, बल्कि एक "पॉलिटिकल प्रेशर ग्रुप" की तरह काम करेगा. यानी सरकार और प्रशासन पर लोगों की समस्याओं को लेकर लगातार दबाव बनाया जाएगा, ताकि जरूरी फैसले जल्दी लिए जा सकें. उनका मानना है कि देश में जितने ज्यादा ऐसे जिम्मेदार और सक्रिय समूह होंगे, लोकतंत्र उतना ही मजबूत होगा. उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले कुछ वर्षों में नए लोग आगे आएंगे और नए मुद्दों पर आंदोलन शुरू करेंगे, क्योंकि समाज में बदलाव हमेशा नई सोच और नए लोगों से आता है.
Advertisement
पांच अगस्त को होगी अहम बैठक, तय होगी आगे की दिशा
आंदोलन के बाद अब संगठन अपनी अगली रणनीति बनाने की तैयारी में जुट गया है. सूत्रों के मुताबिक, 5 अगस्त को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में अभिजीत दीपके के घर पर संगठन के प्रमुख सदस्य एक अहम बैठक करेंगे. इस बैठक में भविष्य की कार्ययोजना, संगठन की भूमिका और आगे किन मुद्दों पर काम किया जाएगा, इस पर विस्तार से चर्चा होगी. आंदोलन खत्म होने के बाद सभी वॉलंटियर्स और कार्यकर्ताओं से कहा गया था कि वे कुछ समय अपने परिवार के साथ बिताएं और फिर छात्रों व लोगों से बातचीत करके उनके सुझाव लेकर बैठक में पहुंचें. माना जा रहा है कि इस चर्चा के आधार पर संगठन अपनी नई दिशा तय करेगा.
बैठक के बाद होगा बड़ा ऐलान
Advertisement
यह भी पढ़ें
सूत्रों के अनुसार, 5 अगस्त की बैठक पूरी होने के बाद CJP की ओर से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की जाएगी. इसमें संगठन आगे किन मुद्दों पर काम करेगा, उसकी पूरी रणनीति और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी. ऐसे में अब सभी की नजर इस बैठक पर टिकी हुई है, क्योंकि इससे यह साफ हो जाएगा कि छात्र आंदोलन के बाद अभिजीत दीपके और उनका संगठन आगे किस दिशा में कदम बढ़ाने वाले हैं.