हिंदी वाले बयान पर घिरे शिव राजकुमार, सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए तो बोले- 'मुझसे गलती हुई', मांगी माफी
Shiv Rajkumar: फिल्म के एक प्रमोशनल इवेंट में शिव राजकुमार ने हिंदी को भारत की 'राष्ट्रीय भाषा' बता दिया था. उनके इस बयान पर लोगों ने आपत्ति जताई और उन्हें याद दिलाया कि भारत की कोई राष्ट्रीय भाषा नहीं है.मामला बढ़ता देख अब अभिनेता ने अपनी बात स्पष्ट करते हुए माफी मांग ली है.
Follow Us:
Shiv Rajkumar: कन्नड़ फिल्मों के मशहूर अभिनेता शिव राजकुमार इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ओरिजिनल मॉन्स्टर को लेकर चर्चा में हैं. हालांकि, फिल्म से ज्यादा उनका एक बयान सुर्खियों में आ गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा.दरअसल, फिल्म के एक प्रमोशनल इवेंट में शिव राजकुमार ने हिंदी को भारत की 'राष्ट्रीय भाषा' बता दिया था. उनके इस बयान पर लोगों ने आपत्ति जताई और उन्हें याद दिलाया कि भारत की कोई राष्ट्रीय भाषा नहीं है.मामला बढ़ता देख अब अभिनेता ने अपनी बात स्पष्ट करते हुए माफी मांग ली है.
शिव राजकुमार ने क्या कहा था?
ओरिजिनल मॉन्स्टर के टाइटल लॉन्च के दौरान शिव राजकुमार से फिल्म में हिंदी डायलॉग बोलने को लेकर सवाल किया गया था. इस पर उन्होंने कहा था कि हिंदी उनकी दूसरी भाषा है और वह इसे बोल सकते हैं. इसी दौरान उन्होंने हिंदी को 'राष्ट्रीय भाषा' भी कह दिया. उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया और देखते ही देखते इस पर बहस शुरू हो गई.
कई लोगो ने उनके बयान को लेकर नाराजगी जाहिर की. खासकर कन्नड़ भाषा से जुड़े सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि शिव राजकुमार जैसे बड़े कन्नड़ स्टार से ऐसी गलती की उम्मीद नहीं थी. वहीं, कुछ लोगों ने उन्हें यह भी याद दिलाया कि हिंदी को भारत की राष्ट्रीय भाषा कहना तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है.
ट्रंप पर ईरान का 'बॉलीवुड वार'! अक्षय कुमार के मीम से कसा तगड़ा तंज, पोस्ट हुआ वायरल
विवाद बढ़ा तो शिव राजकुमार ने मांगी माफी
लगातार हो रही आलोचना के बाद शिव राजकुमार ने अपने बयान पर सफाई दी और माफी मांगी. उन्होंने कहा कि उनसे गलती से हिंदी को राष्ट्रीय भाषा कह दिया गया था. अभिनेता ने स्पष्ट किया कि भारत में कई भाषाएं हैं और हर भाषा अपने लोगों के लिए महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि जिस तरह हिंदी बोलने वालों के लिए उनकी भाषा खास है, उसी तरह कन्नड़ उनके और कन्नड़ लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.
शिव राजकुमार ने यह भी स्वीकार किया कि उन्हें भारतीय भाषा को लेकर गलतफहमी हो गई थी. उनका कहना था कि उनका इरादा किसी भाषा या समुदाय को ठेस पहुंचाना नहीं था. उनकी इस सफाई के बाद उनके कई फैंस ने भी उनका समर्थन किया.
फैंस की राय भी बंटी
इस पूरे विवाद पर सोशल मीडिया यूजर्स की राय एक जैसी नही रही. कुछ लोग उनके बयान से काफी नाराज नजर आए और उन्होंने कहा कि एक बड़े कन्नड़ अभिनेता होने के नाते उन्हें भाषा से जुड़े मुद्दे पर ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए थी. वहीं, कुछ फैंस ने उनका बचाव करते हुए कहा कि उनसे यह बात अनजाने में हुई और उन्होंने गलती समझते ही माफी मांग ली. कुछ यूजर्स ने डॉ. राजकुमार का भी जिक्र किया और कहा कि शिव राजकुमार को अपनी कन्नड़ पहचान और भाषा पर गर्व करना चाहिए. दूसरी तरफ, उनके समर्थकों का कहना था कि गलती स्वीकार करना और माफी मांगना भी महत्वपूर्ण है.
क्या है 'ओरिजिनल मॉन्स्टर'?
आर. चंद्रू के निर्देशन में बन रही ओरिजिनल मॉन्स्टर मे शिव राजकुमार के साथ सुनील भी अहम भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म का निर्माण आरसी स्टूडियोज के तहत यमुना चंद्रू कर रहे हैं..कहानी 1990 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित है और इसमें ताकत, हिंसा तथा इंसानी स्वभाव के अलग-अलग पहलुओं को दिखाने की कोशिश की गई है. खास बात यह है कि फिल्म कन्नड़ और हिंदी दोनों भाषाओं में बनाई जा रही है और इसी प्रोजेक्ट के जरिए शिव राजकुमार हिंदी सिनेमा में डेब्यू करने जा रहे हैं...