‘आपको शर्म आनी चाहिए', BJP को झूठी पार्टी कहने वाले नसीरुद्दीन शाह पर भड़के 'महाभारत' के युधिष्ठिर गजेंद्र चौहान
कॉकरोच जनता पार्टी जब मोदी सरकार के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन कर रही थी, तब नसीरुद्दीन शाह ने मोदी विरोध में अपनी हदें पार कर दी थी. बिना नाम लिए पीएम का अपमान तक कर दिया था. वहीं अब कुछ ही दिनों पहले बंगाल की राजधानी कोलकाता में स्थित सत्यजीत राय फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट में हुए बवाल के बाद एक बार फिर नसीरुद्दीन ने बीजेपी सरकार के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली है.
Follow Us:
बंगाल की राजधानी कोलकाता में स्थित सत्यजीत राय फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट में हुए बवाल के बाद एक बार फिर नसीरुद्दीन ने बीजेपी सरकार के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली है और बीजेपी को एक झूठी पार्टी बता दिया है. इतना ही नहीं पार्टी के लिए अपशब्द भी कहे हैं.
‘आपको शर्म आनी चाहिए’
वहीं अब दिग्गज एक्टर और महाभारत में युधिष्ठिर का किरदार निभा चुके गजेंद्र चौहान ने नसीरुद्दीन शाह को बीजेपी को झूठी पार्टी बताने पर फटकार लगाई है और कहा है कि नसीर हमेशा एकतरफा बातें करते हैं. IANS से बातचीत में गजेंद्र चौहान ने कहा, “यह बहुत दुखद बात है. जिस पार्टी ने पिछले 12-13 साल से देश पर शासन किया है, उसे आपने 'झूठी पार्टी' कह दिया. आपको शर्म आनी चाहिए. देश के 140 करोड़ लोगों ने उस पार्टी को सत्ता के शीर्ष पर बिठाया है और आप उसे अपशब्द कह रहे हैं. आप एक महान कलाकार हैं. आप एक अच्छे इंसान हैं. लेकिन मैंने हमेशा देखा है कि अपने ट्वीट्स और वीडियोज में आप हमेशा एकतरफा बात करते हैं.
‘सरकार की आलोचना करने के बजाय छात्रों को सलाह देनी चाहिए’
गजेंद्र चौहान ने आगे कहा, “अगर SRFTI में हड़ताल होती है, तो वहां का प्रशासन इसे देखेगा. वहां सक्षम लोग बैठे हैं. विरोध करना छात्रों का अधिकार है, लेकिन जब तक आप एक साथ बैठकर बात नहीं करते, तब तक विरोध का कोई नतीजा नहीं निकलता. सरकार की आलोचना करने के बजाय, जिसने इतनी कड़ी मेहनत की है, आपको छात्रों को सलाह देनी चाहिए. हमारे कार्यकर्ताओं और राजनेताओं ने बहुत मेहनत की है, चुनाव जीते हैं और सत्ता से ऐसे लोगों को हटाया है जो जनता के लिए कुछ नहीं कर रहे थे. बाकी आप पर निर्भर है. आप एक महान कलाकार हैं. बस थोड़ा सकारात्मक रहें.”
‘बीजेपी एक झूठी पार्टी है’
नसीरुद्दीन शाह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें मोदी सरकार के ख़िलाफ़ भड़ास निकालते हुए एक्टर ने कहा था, “बंगाल चुनावों में छल-कपट से मिली जीत के बाद, यह बीजेपी- जो एक झूठी पार्टी है. अब उन सभी लोगों से बदला लेने पर उतारू है जो उनकी विचारधारा और नीतियों से सहमत नहीं हैं. इस बदले की भावना का ताजा शिकार सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के छात्र और भविष्य के फिल्म निर्माता बने हैं. प्रशासन से जवाबदेही मांगने के बदले में, उन्हें 'शो-कॉज़' नोटिस दिए गए हैं, उन पर नज़र रखी जा रही है, उन्हें धमकियां दी जा रही हैं, और अब तो उनसे हॉस्टल खाली करने के लिए भी कह दिया गया है.”
‘फिल्ममेकर्स का ब्रेनवॉश करने या उन्हें डराने की उम्मीद कर रही है’
नसीरुद्दीन शाह यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा था, “ ये बीजेपी अपने पक्ष में 'बेशर्म' प्रोपेगैंडा को सपोर्ट करने और बढ़ावा देने से खुश नहीं है. अब इस देश के आने वाले फिल्ममेकर्स का ब्रेनवॉश करने या उन्हें डराने की उम्मीद कर रही है. मैं आपसे वादा करता हूं कि ऐसा नहीं होने वाला है. ये वो युवा लोग हैं, जो भविष्य में हमें अपने बारे में, हमारे देश के बारे में और हम जिस हालत में हैं. उसके बारे में सच बताएंगे. मैं सभी सही सोच वाले नागरिकों से सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के स्टूडेंट्स की मांगों का सपोर्ट करने की अपील करता हूं.”
जानें क्या है मामला
बॉलीवुड एक्टर नसीरुद्दीन शाह जिन छात्रों पर कथित अत्याचार का आरोप लगाकर बंगाल की सुवेंदु सरकार के खिलाफ अपनी भड़ास निकाल रहे हैं और बीजेपी को अपशब्द बोल रहे हैं… दरअसल ये मामला 27 सितंबर का है, जब कोलकाता के सत्यजीत राय फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत का एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था… जिसके विरोध में उतरे संस्थान के छात्रों ने इस कदर बवाल काटा कि मंच पर लगे भारत मां और स्वामी विवेकानंद के पोस्टर तक फाड़ दिये और RSS गो बैक के नारे भी लगाए. जब RSS से जुड़े अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने खुद ये बयान दिया कि उसने 15 हजार रुपये में संस्थान का ऑडिटोरियम किराये पर लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया था… लेकिन इसके बावजूद फिल्म इंस्टीट्यूट के छात्रों ने विरोध किया…
सुवेंदु सरकार का सख्त एक्शन
फिल्म इंस्टीट्यूट के छात्रों ने RSS से जुड़े कार्यक्रम का ऐसे विरोध किया. जैसे मानो शायद वो भूल गये कि बंगाल में सत्ता बदल गई है, जिस RSS का विरोध कर रहे हैं, उसी की विचारधारा वाले सीएम सुवेंदु अधिकारी बंगाल की सत्ता संभाल रहे हैं और विरोध के नाम पर इस तरह का विरोध प्रदर्शन बिल्कुल बर्दाश्त नहीं कर सकते. यही वजह है कि सुवेंदु सरकार ने इस मामले में सख्त एक्शन लेते हुए SIT का गठन कर दिया है. जो इस मामले की जांच कर रही है. तो वहीं दूसरी तरफ फिल्म संस्थान ने 13 नवंबर तक पढ़ाई से जुड़ी गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगाने का फैसला किया है और इसी के साथ ही छात्रों को 24 घंटे के अंदर हॉस्टल और कैंपस खाली करने का निर्देश दे दिया है.
यह भी पढ़ें
यही वजह है कि नसीरुद्दीन शाह बौखला गए हैं और उन्होंने बीजेपी को अपशब्द बोलते हुए झूठी पार्टी बता दिया और बंगाल में बीजेपी की जीत पर भी सवाल उठाते हुए कह दिया कि चुनावों में हेरफेर करके बंगाल की सत्ता में आई है. हालांकि अब महाभारत में युधिष्ठिर का किरदार निभा चुके गजेंद्र चौहान ने नसीरुद्दीन शाह को करारा जवाब दिया है.