बारिश में कार का वाइपर कर रहा है कट-कट की आवाज? नया खरीदने से पहले अपनाएं ये आसान घरेलू उपाय
Car Wiper: अक्सर देखा जाता है कि लंबे समय तक इस्तेमाल न होने के कारण जैसे ही बारिश में वाइपर चलाया जाता है, उससे कट-कट या चरमराने जैसी आवाज आने लगती है. कई लोग इसे वाइपर खराब होने का संकेत मान लेते हैं और नया वाइपर खरीदने की सोचने लगते हैं. हालांकि, हर बार वाइपर बदलने की जरूरत नहीं होती.
Follow Us:
मानसून शुरू होते ही देश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है. ऐसे मौसम में कार चलाना पहले से ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो जाता है. तेज बारिश के दौरान साफ दिखाई देना सबसे जरूरी होता है और इसमें कार का वाइपर सबसे अहम भूमिका निभाता है. लेकिन अक्सर देखा जाता है कि लंबे समय तक इस्तेमाल न होने के कारण जैसे ही बारिश में वाइपर चलाया जाता है, उससे कट-कट या चरमराने जैसी आवाज आने लगती है. कई लोग इसे वाइपर खराब होने का संकेत मान लेते हैं और नया वाइपर खरीदने की सोचने लगते हैं. हालांकि, हर बार वाइपर बदलने की जरूरत नहीं होती. कई बार सिर्फ थोड़ी-सी सफाई और कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर ही यह समस्या दूर हो जाती है और वाइपर पहले की तरह स्मूद चलने लगता है.
सबसे पहले वाइपर और शीशे की अच्छी तरह सफाई करें
अक्सर वाइपर से आवाज आने की वजह उसकी खराबी नहीं, बल्कि उस पर जमी धूल, मिट्टी और गंदगी होती है. लंबे समय तक धूप और धूल में रहने से वाइपर की रबर पर एक पतली परत जम जाती है, जिससे वह शीशे पर सही तरीके से नहीं चल पाता
इस समस्या को दूर करने के लिए एक मुलायम कपड़ा लें और उसे हल्के शैंपू वाले पानी या ग्लास क्लीनर में भिगो लें. अब वाइपर की रबर को धीरे-धीरे अच्छी तरह साफ करें। सफाई करते समय आपको कपड़े पर काली गंदगी दिखाई दे सकती है, जो इस बात का संकेत है कि रबर पर काफी धूल जमा थी.
सिर्फ वाइपर ही नहीं, कार की विंडशील्ड को भी अच्छी तरह साफ करना जरूरी है. अगर शीशे पर मिट्टी, धूल या कीचड़ जमा होगा तो वाइपर सही तरीके से काम नहीं करेगा और आवाज आने की संभावना बनी रहेगी.
सफेद सिरका कर सकता है कमाल
अगर सफाई के बाद भी वाइपर से आवाज आ रही है, तो संभव है कि उसकी रबर थोड़ी सख्त हो गई हो. ऐसे में घर में रखा साधारण सफेद सिरका आपके बहुत काम आ सकता है.एक साफ कपड़े या कॉटन पर थोड़ा-सा सफेद सिरका लगाएं और उसे वाइपर की रबर पर हल्के हाथ से रगड़ें. सिरके में ऐसे तत्व होते हैं जो रबर पर जमी चिकनाई और गंदगी को हटाने के साथ-साथ उसे फिर से मुलायम बनाने में मदद करते हैं.
कुछ देर बाद वाइपर को साफ पानी से पोंछ लें. कई मामलों में इस आसान उपाय से कट-कट की आवाज काफी हद तक खत्म हो जाती है और वाइपर पहले की तरह आसानी से चलने लगता है.
सूखी रबर को फिर से मुलायम बनाएगी पेट्रोलियम जेली
अगर आपकी कार लंबे समय तक धूप में खड़ी रहती है तो वाइपर की रबर धीरे-धीरे सूखने लगती है. जब रबर अपनी लचक खो देती है, तब वह शीशे पर रगड़ खाती है और आवाज आने लगती है. ऐसी स्थिति में पेट्रोलियम जेली या वैसलीन काफी मददगार साबित हो सकती है. पहले वाइपर को अच्छी तरह साफ करें और फिर उसकी रबर पर उंगली की मदद से बहुत हल्की मात्रा में पेट्रोलियम जेली लगाएं. कुछ मिनट बाद अतिरिक्त जेली साफ कपड़े से पोंछ दें.
इससे रबर को नमी मिलेगी, उसकी लचक वापस आएगी और वाइपर पहले से ज्यादा स्मूद तरीके से काम करेगा. हालांकि, ध्यान रखें कि जेली बहुत ज्यादा न लगाएं, क्योंकि इससे कार के शीशे पर धुंधलापन आ सकता है.
कब बदलना जरूरी हो जाता है वाइपर?
अगर सफाई, सिरका और पेट्रोलियम जेली जैसे उपाय अपनाने के बाद भी वाइपर लगातार आवाज कर रहा है, शीशे पर पानी की धारियां छोड़ रहा है या रबर फट चुकी है, तो यह संकेत है कि अब वाइपर बदलने का समय आ गया है. सामान्य तौर पर अच्छे प्रदर्शन के लिए हर 1 से 2 साल में वाइपर ब्लेड की जांच कर लेनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर उसे बदल देना चाहिए.
थोड़ी देखभाल से बच सकते हैं बेवजह के खर्च से
यह भी पढ़ें
बारिश के मौसम में साफ विजिबिलिटी सुरक्षित ड्राइविंग के लिए बेहद जरूरी होती है. ऐसे में अगर वाइपर से आवाज आने लगे तो घबराने या तुरंत नया खरीदने की जरूरत नहीं है. पहले उसकी अच्छी तरह सफाई करें, जरूरत हो तो सफेद सिरके या पेट्रोलियम जेली जैसे आसान घरेलू उपाय अपनाएं. कई बार इतनी-सी देखभाल ही वाइपर को फिर से नए जैसा बना देती है और आपका अतिरिक्त खर्च भी बच जाता है.