पश्चिम एशिया तनाव: 8.43 लाख भारतीय लौटे, कई देशों से सीमित उड़ानें जारी
पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बीच भारत सरकार ने अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए व्यापक प्रयास तेज कर दिए हैं. विदेश मंत्रालय के अनुसार, 28 फरवरी से अब तक खाड़ी क्षेत्र से करीब 8.43 लाख यात्री भारत लौट चुके हैं.
Follow Us:
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच जिन देशों का हवाई क्षेत्र खुला है, वहां से भारत के लिए उड़ानें जारी हैं. विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि 28 फरवरी से अब तक करीब 8.43 लाख यात्री खाड़ी क्षेत्र से भारत आ चुके हैं.
यूएई से 95 और कतर से 8-10 उड़ानें संचालित होंगी
संयुक्त अरब अमीरात से भारत के लिए सीमित गैर-निर्धारित वाणिज्यिक उड़ानें संचालित हो रही हैं. संचालन और सुरक्षा स्थितियों को देखते हुए गुरुवार को यहां से लगभग 95 उड़ानों के संचालन की उम्मीद है.
कतर का हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से खुला है, जहां से कतर एयरवेज भारत के लिए करीब 8-10 उड़ानें संचालित करने की संभावना है.
सऊदी अरब और ओमान के विभिन्न हवाई अड्डों से भी भारत के लिए उड़ानें जारी हैं. बहरीन का हवाई क्षेत्र खुला है और गल्फ एयर भारत के लिए सीमित उड़ानों की योजना बना रही है. साथ ही सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट से भी विशेष उड़ानें संचालित की जा रही हैं.
भारत के लिए विशेष उड़ानें जारी
कुवैत का हवाई क्षेत्र अभी बंद है. ऐसे में जज़ीरा एयरवेज और कुवैत एयरवेज दम्माम एयरपोर्ट के जरिए भारत के लिए विशेष उड़ानें चला रही हैं. कुवैत से भारतीय नागरिकों की आवाजाही सऊदी अरब के माध्यम से कराई जा रही है.
ईरान में भारतीय दूतावास अब तक 2,180 भारतीयों को आर्मेनिया और अज़रबैजान पहुंचाने में मदद कर चुका है, जहां से उनकी भारत वापसी कराई जा रही है. इनमें 981 छात्र और 657 मछुआरे शामिल हैं.
इजरायल से भारतीय नागरिकों को जॉर्डन और मिस्र के रास्ते भारत आ रहे
इज़रायल का हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से खुला है और सीमित उड़ानें संचालित हो रही हैं. यहां से भारतीय नागरिकों को जॉर्डन और मिस्र के रास्ते भारत लाया जा रहा है.
इराक का हवाई क्षेत्र भी सीमित संचालन के साथ खुला है. यहां से भारतीयों की वापसी जॉर्डन और सऊदी अरब के जरिए कराई जा रही है.
विदेश मंत्रालय ने बताया कि स्थिति पर नजर रखने के लिए एक विशेष नियंत्रण कक्ष 24x7 काम कर रहा है, जो भारतीय मिशनों के साथ समन्वय बनाए हुए है. साथ ही राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों से भी लगातार संपर्क रखा जा रहा है.
यह भी पढ़ें
भारतीय मिशन 24 घंटे हेल्पलाइन के जरिए नागरिकों की मदद कर रहे हैं और समय-समय पर यात्रा, स्थानीय दिशा-निर्देशों और कांसुलर सेवाओं से जुड़ी अपडेट जारी कर रहे हैं. साथ ही भारतीय समुदाय, पेशेवर समूहों और कंपनियों के साथ भी लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है.
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें