अमेरिका-ईरान तनाव पर ब्रेक! डोनाल्ड ट्रंप ने किया सीजफायर का ऐलान, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर रखी बड़ी शर्त
अमेरिका-ईरान तनाव के बीच ट्रंप ने दो हफ्तों के लिए सैन्य कार्रवाई रोकने का ऐलान किया है. दोनों देशों के बीच सीजफायर लागू होगा और इजरायल भी हमले रोकेगा.
Follow Us:
Iran US War Update: अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच एक बड़ा और राहत भरा मोड़ सामने आया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने अचानक रुख बदलते हुए सैन्य कार्रवाई को फिलहाल रोकने का ऐलान कर दिया है. इस फैसले के बाद न केवल दोनों देशों के बीच सीजफायर लागू हुआ है, बल्कि इजरायल ने भी हमले रोकने पर सहमति जता दी है. यह युद्धविराम फिलहाल दो हफ्तों के लिए लागू रहेगा, जिससे आगे की कूटनीतिक बातचीत का रास्ता खुल गया है.
ट्रंप ने अपने पोस्ट में क्या कहा?
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए साफ कहा कि वह दो हफ्तों के लिए ईरान पर बमबारी और हमलों को स्थगित करने के लिए तैयार हैं. उन्होंने इसे एक बड़े और स्थायी युद्धविराम की दिशा में पहला कदम बताया. खास बात यह रही कि यह फैसला पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख के साथ हुई बातचीत के बाद लिया गया. बताया जा रहा है कि अब आगे की बातचीत पाकिस्तान में होगी.
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर शर्त
इस पूरे घटनाक्रम में एक महत्वपूर्ण शर्त भी सामने आई है. ट्रंप ने स्पष्ट किया कि ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलना होगा. यह समुद्री मार्ग वैश्विक व्यापार के लिए बेहद अहम माना जाता है. ट्रंप के अनुसार, यह कदम क्षेत्र में तनाव कम करने और विश्वास बहाली के लिए जरूरी है. उन्होंने इसे दोतरफा युद्धविराम बताया, यानी दोनों देशों को इस अवधि में पीछे हटने और संयम बरतने की उम्मीद है.
अमेरिका को मिला 10 बिंदुओं का प्रस्ताव
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिका अपने सैन्य लक्ष्यों को पहले ही हासिल कर चुका है. उन्होंने कहा कि अब बातचीत निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है और एक दीर्घकालिक शांति समझौते की दिशा में काफी प्रगति हो चुकी है. इतना ही नहीं, उन्होंने खुलासा किया कि अमेरिका को ईरान की ओर से 10 बिंदुओं का प्रस्ताव मिला है, जिसे बातचीत के लिए एक मजबूत आधार माना जा रहा है. ट्रंप के मुताबिक, कई अहम मुद्दों पर पहले ही सहमति बन चुकी है. उन्होंने दावा भी किया है कि 'ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह और तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलने पर सहमत है.'
दो हफ्तों का मौका
दो हफ्तों का यह युद्धविराम दोनों देशों को एक सुनहरा अवसर दे सकता है. इससे न केवल बातचीत को अंतिम रूप देने में मदद मिलेगी, बल्कि लंबे समय से चले आ रहे इस संघर्ष का समाधान भी निकल सकता है. गौर करने वाली बात यह है कि ट्रंप का यह ऐलान उनकी तय डेडलाइन खत्म होने से कुछ ही मिनट पहले आया. इससे पहले उन्होंने कड़ा बयान देते हुए ईरान को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी, जिसकी अमेरिका में भी काफी आलोचना हुई थी. हालांकि अब बदले हुए हालात ने पूरी दुनिया को राहत दी है. मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच यह कदम शांति की उम्मीद जगाता है. वाइट हाउस की ओर से भी इस पर प्रतिक्रिया आई है. प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा कि बातचीत जारी रहेगी और आगे की दिशा राष्ट्रपति के रुख से तय होगी. उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिका ने अपनी ताकत के दम पर ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने के लिए राजी किया है.
यह भी पढ़ें
बताते चलें कि अब सबकी नजर पाकिस्तान में होने वाली संभावित बातचीत पर टिकी है. आने वाले दिनों में यह साफ होगा कि यह अस्थायी सीजफायर स्थायी शांति में बदल पाता है या नहीं. फिलहाल, दुनिया ने राहत की सांस जरूर ली है, लेकिन असली परीक्षा अभी बाकी है.
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें