×
जिस पर देशकरता है भरोसा
Advertisement

T20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का जीत के साथ आगाज़, USA को 29 रन से हराकर बनाया महारिकॉर्ड, कप्तान सूर्या ने विराट को भी छोड़ा पीछे

भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मैच में यूएसए को 29 रन से हराया. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 84 रन बनाकर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ जीता और टी20 इंटरनेशनल में 17वां अवॉर्ड हासिल कर विराट कोहली को पीछे छोड़ा.

T20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का जीत के साथ आगाज़, USA को 29 रन से हराकर बनाया महारिकॉर्ड, कप्तान सूर्या ने विराट को भी छोड़ा पीछे
Source: X/ @BCCI
Advertisement

T20 World Cup 2026: भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 में अपने सफर की शुरुआत जीत के साथ की है. ग्रुप ए के अपने पहले मैच में भारतीय टीम ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के विस्फोटक अर्धशतक के दम पर यूएसए को 29 रन से हरा दिया. इस मुकाबले में अमेरिकी टीम के सामने भारत ने  162 रनों का टारगेट सेट किया था, जिसका पीछा करते हुए वो 20 ओवरों में 8 विकेट पर 132 रन ही बना पाई. इस मैच में शानदार जीत के साथ कप्तान सूर्यकुमार ने विराट कोहली को पछाड़ दिया है.

सूर्यकुमार यादव ने विराट कोहली को पछाड़ा 

भारतीय टीम की इस शानदार जीत के नायक कप्तान सूर्यकुमार यादव रहे. उन्होंने आक्रामक अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. इसके साथ ही सूर्यकुमार यादव ने एक खास उपलब्धि भी अपने नाम कर ली. वह अब भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 17 बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने अब तक 16 बार यह सम्मान हासिल किया था. खास बात यह है कि सूर्यकुमार यादव ने इनमें से चार बार टी20 वर्ल्ड कप के मंच पर यह पुरस्कार जीता है. कप्तान सूर्या इस उपलब्धि के साथ युवराज सिंह, रविचंद्रन अश्विन और रोहित शर्मा से भी आगे निकल गए हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में तीन-तीन बार यह खिताब जीता था. हालांकि, भारतीय खिलाड़ियों में कुल मिलाकर अब भी विराट कोहली इस सूची में शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं.

Advertisement

भारत ने रचा इतिहास 

भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप में एक नया इतिहास रच दिया है. टीम इंडिया अब इस टूर्नामेंट में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम बन चुकी है. भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में अपनी जीत का सिलसिला 9 मुकाबलों तक बढ़ा लिया है. इस मामले में उसने साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ दिया है, जिनके नाम लगातार 8-8 जीत दर्ज थीं. यूएसए के खिलाफ मुकाबले में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन किया. बाएं हाथ के इस पेसर ने मैच में दो अहम विकेट हासिल किए. इसके साथ ही टी20 विश्व कप में अर्शदीप सिंह के विकेटों की संख्या बढ़कर 29 हो गई है. उन्होंने अब तक इस टूर्नामेंट में 15 मैच खेले हैं. इस दौरान उनसे ज्यादा विकेट सिर्फ दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्किया ही ले सके हैं.

USA की पारी 

Advertisement

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में भारतीय टीम के दिए 162 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी यूएसए (USA) के शीर्ष क्रम के तीनों बल्लेबाज फ्लॉप रहे. सलामी बल्लेबाज एंड्रियस गौस 6, सैतेजा मुक्कमल्ला 2, और कप्तान मोनांक पटेल बिना खाता खोले आउट हो गए. 13 पर 3 विकेट गंवा चुकी यूएसए को मिलिंद कुमार और संजय कृष्णमूर्ति ने संभाला और चौथे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी कर स्कोर को 71 तक ले गए. मिलिंद इसी स्कोर पर 34 रन बनाकर आउट हुए.  इसके बाद 98 के स्कोर पर पांचवें विकेट के रूप में संजय कृष्णमूर्ति भी 37 रन बनाकर आउट हो गए.  इन दोनों की जोड़ी टूटने के बाद यूएसए का निचला क्रम ढह गया. शुभम रंजने के 22 गेंद पर बनाए 37 रन के बावजूद यूएसए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 132 रन बना सकी और 29 रन से मैच हार गई. भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज ने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट लिए. अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2, अक्षर पटेल ने 4 ओवर में 24 रन देकर 2, और वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट लिए. 

भारत की तरफ कप्तान सूर्य कुमार ने खेली शानदार पारी 

इससे पहले भारतीय क्रिकेट टीम ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान सूर्यकुमार यादव के 49 गेंदों पर 4 छक्कों और 10 चौकों की मदद से नाबाद 84 रन की पारी की बदौलत 9 विकेट पर 161 रन बनाए थे. तिलक वर्मा ने 16 गेंद पर 25 और ईशान किशन ने 16 गेंद पर 20 रन की पारी खेली थी. अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे खाता नहीं खोल सके थे. रिंकू सिंह 6, हार्दिक पांड्या 5 और अक्षर पटेल 14 रन बनाकर आउट हुए. यूएसए की तरफ से सौरभ नेत्रावल्कर सबसे महंगे गेंदबाज रहे. सौरभ ने 4 ओवर में 65 रन दिए। उन्हें कोई विकेट नहीं मिला. शैडली वैन शाल्कविक सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 25 रन देकर 4 विकेट लिए. हरमीत सिंह ने 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट लिए। अली खान और मोहम्मद मोहसिन को 1-1 विकेट मिला.

Tags

Advertisement
टिप्पणियाँ 0
LIVE
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Close
ADVERTISEMENT
NewsNMF
NMF App
Download
शॉर्ट्स
वेब स्टोरीज़
होम वीडियो खोजें