IPL 2026: एसआरएच ने RCB को 55 रनों से हराया, लेकिन हारकर भी RCB ने क्वालिफायर में जगह की पक्की
इस मुकाबले में मिली हार के बावजूद आरसीबी ने पहले क्वालिफायर में अपनी जगह पक्की कर ली है, जहां उनका सामना अंक तालिका में दूसरे नंबर पर मौजूद गुजरात टाइटंस से 26 मई को होगा.
Follow Us:
आईपीएल 2026 के 67वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 55 रनों से हराया. हालांकि, इस हार के बावजूद आरसीबी अंक तालिका में पहले स्थान पर रही और टीम ने पहले क्वालिफायर का टिकट हासिल कर लिया है.
एसआरएच ने RCB को 55 रनों से हराया
शुक्रवार को राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए एसआरएच ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 255 रन लगाए. एसआरएच को अंक तालिका में टॉप 2 में रहने के लिए इस मुकाबले को 90 से उससे अधिक रनों से जीतना था. हालांकि, आरसीबी ने एसआरएच के अरमानों को पूरा नहीं होने दिया. आरसीबी ने 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 200 रन बनाए.
आरसीबी का अगला मुकाबला गुजरात टाइटंस से
इस मुकाबले में मिली हार के बावजूद आरसीबी ने पहले क्वालिफायर में अपनी जगह पक्की कर ली है, जहां उनका सामना अंक तालिका में दूसरे नंबर पर मौजूद गुजरात टाइटंस से 26 मई को होगा. लीग स्टेज को एसआरएच ने भी 18 प्वाइंट्स के साथ पूरा किया, लेकिन वह नेट रन रेट के मामले में आरसीबी और गुजरात टाइटंस से पिछड़ने की वजह से अंक तालिका में तीसरे नंबर पर रही. एसआरएच 27 मई को एलिमिनेटर मुकाबला खेलेगी. हालांकि, एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद की विपक्षी टीम अभी तय नहीं हुई है.
एसआरएच ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए बनाए 255 रन
राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी एसआरएच की शुरुआत अच्छी रही. हेड और अभिषेक ने मिलकर 3.6 ओवर में 45 रन जोड़े. हेड 16 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, अभिषेक ने महज 22 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से 56 रन बनाए. ईशान किशन एक बार फिर बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 46 गेंदों में 79 रनों की दमदार पारी खेली. हेनरिक क्लासेन ने 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से 24 गेंदों में 51 रन बनाए. अंत के ओवरों में नीतीश कुमार रेड्डी ने 12 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाए, जिसके बूते एसआरएच 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 255 रन स्कोरबोर्ड पर लगाने में सफल रही.
यह भी पढ़ें
256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी रही. वेंकटेश अय्यर ने 19 गेंदों में 44 रनों की तेज तर्रार पारी खेली और कोहली संग मिलकर पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े. विराट 15 रन बनाकर आउट हुए. देवदत्त पडिक्कल ने 21 रनों का योगदान दिया. कप्तान रजत पाटीदार ने 39 गेंदों में 56 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि क्रुणाल पांड्या ने 31 गेंदों में 41 रनों की नाबाद पारी खेली. टिम डेविड ने 7 गेंदों में 15 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके.