यूपी में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: योगी सरकार
राज्य सरकार ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे घबराहट में अनावश्यक रूप से ईंधन या गैस की खरीद न करें और अफवाहों से दूर रहें. सरकार का कहना है कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है.
उत्तर प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया कि राज्य में पेट्रोल-डीजल और घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और कहीं भी किसी प्रकार की कमी नहीं है. सरकार ने सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही किल्लत की खबरों को भ्रामक बताते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है.
यूपी में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि पेट्रोल-डीजल और गैस की कथित कमी की अफवाहें फैलाकर जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि आम लोगों को आवश्यक ईंधन और गैस की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है और इस व्यवस्था में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलों में प्रशासनिक और आपूर्ति विभाग के अधिकारी लगातार पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर रहे हैं. अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी रहे और घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता में कोई बाधा न आए. साथ ही आपूर्ति श्रृंखला पर लगातार निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी स्तर पर अनियमितता सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके.
राज्य सरकार के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और तेल कंपनियों की ओर से नियमित आपूर्ति जारी है. इसी प्रकार घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का भी पर्याप्त भंडार मौजूद है और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. प्रशासन को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे वितरण व्यवस्था पर पैनी नजर रखें और कहीं भी अनावश्यक भीड़ या कृत्रिम कमी की स्थिति न बनने दें.
"अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई"
सरकार ने यह भी कहा कि कुछ स्थानों से सोशल मीडिया के माध्यम से पेट्रोल-डीजल और गैस की कमी से जुड़ी भ्रामक सूचनाएं सामने आ रही हैं. ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को सतर्क रहने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.
राज्य सरकार ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे घबराहट में अनावश्यक रूप से ईंधन या गैस की खरीद न करें और अफवाहों से दूर रहें. सरकार का कहना है कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है.
Advertisement
यह भी पढ़ें
Advertisement