टी-20 वर्ल्ड कप विवाद: कीर्ति आजाद के बयान पर भड़के शिवसेना नेता कृष्णा हेगड़े, बोले-वोटों के लिए तुष्टिकरण बंद

शिवसेना नेता कृष्णा हेगड़े ने टी-20 विश्व कप की जीत को लेकर टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद के बयान पर कड़ा पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि कीर्ति आजाद को वोटों के लिए तुष्टिकरण की राजनीति बंद करनी चाहिए और भारतीय टीम की उपलब्धि पर खुशी मनानी चाहिए.

शिवसेना नेता कृष्णा हेगड़े ने टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद के टी-20 विश्व कप की जीत को लेकर दिए एक बयान पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि कीर्ति आजाद को वोटों के लिए तुष्टिकरण बंद करना चाहिए. 

कीर्ति आजाद के बयान पर भड़के कृष्णा हेगड़े

मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में शिवसेना नेता कृष्णा हेगड़े ने कहा कि कीर्ति आजाद हमेशा भड़काऊ बयान देते हैं. उन्हें खुश होना चाहिए कि तीसरी बार भारतीय टीम ने वर्ल्ड कप जीता है. पहली बार 1983 में जब कपिल देव की लीडरशिप में वर्ल्ड कप जीता गया था, तो कीर्ति आजाद भी उस टीम का हिस्सा थे, लेकिन वह खुशी मनाने की बजाय टीम के बारे में बुरा-भला कह रहे हैं, यह गलत बात है, धर्म से इसे जोड़ा नहीं जाता है.

भारतीय टीम को आजादी है कि वे विश्व कप की ट्रॉफी को लेकर कहीं भी जा सकते हैं. मंदिर जाने पर कीर्ति आजाद को क्या आपत्ति हो रही है? भारत ने एमएस धोनी और रोहित शर्मा के नेतृत्व के बाद अब सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टी-20 विश्व कप जीता है, इससे कीर्ति आजाद को खुश होना चाहिए. उन्हें अपने बयान से समाज और धर्मों के बीच बंटवारे की कोशिश नहीं करनी चाहिए. राजनीति के लिए वोटों के लिए तुष्टिकरण बंद करना चाहिए.

गैस की किल्लत पर क्या बोले हेगड़े

गैस की किल्लत पर शिवसेना नेता कृष्णा हेगड़े ने कहा कि हम जानते हैं कि कई शहरों में कमर्शियल गैस की कमी हो रही है, क्योंकि सप्लाई कम हो गई है. ऐसा ईरान, इजरायल और यूनाइटेड स्टेट्स के बीच चल रहे युद्ध के कारण है. इससे पहले रूस-यूक्रेन युद्ध चार साल से चल रहा था और अभी जारी है. तेल पर पाबंदियों के साथ-साथ पड़ोसी देशों—कुवैत, दुबई, यूएई, और सऊदी अरब, जहां तेल बनता है. मिसाइल हमलों ने तेल और गैस की सप्लाई में रुकावट डाली है, लेकिन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भरोसा दिलाया है कि तेल और गैस रेट में ज्यादा वृद्धि नहीं होगी, भारत के लोगों को राहत मिलेगी.

अजित पवार प्लेन क्रैश मामले पर भी दिया बयान

पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार के प्लेन क्रैश मामले में रोहित पवार द्वारा उठाए गए सवाल पर शिवसेना नेता कृष्णा हेगड़े ने कहा कि हमने पहले ही कहा है कि रोहित पवार ने जो सवाल उठाए हैं या सुप्रिया सुले अब जो जवाब चाहती हैं, सरकार देगी. हर लेवल पर जांच हो रही है. सेंट्रल लेवल पर, डीजीसीए लेवल पर, हमारे राज्य लेवल पर और पुलिस लेवल पर. ब्लैक बॉक्स विदेश भेज दिया गया है और जैसे ही रिपोर्ट आएगी, सरकार पूरा सच बता देगी.

Advertisement

यह भी पढ़ें

Advertisement

LIVE