एनसीआर में भीषण गर्मी और लू का कहर, ऑरेंज अलर्ट जारी, 25 मई तक राहत की उम्मीद नहीं
डॉक्टरों ने लोगों को अधिक पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है. प्रशासन भी लगातार लोगों को सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने के लिए जागरूक कर रहा है.
Follow Us:
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है. मौसम विभाग द्वारा 25 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं. दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि रात के तापमान में भी गिरावट नहीं होने से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है.
तेज धूप और उमस ने आम जनजीवन प्रभावित किया
तेज धूप, गर्म हवाओं और उमस भरे मौसम ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार अगले कई दिनों तक एनसीआर में हीट वेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि दोपहर के समय तेज गर्म हवाएं चलेंगी और शाम तक गर्मी का असर बना रहेगा.
सड़कें और बाजार हुए सुनसान
विशेषज्ञों ने लोगों को अत्यधिक जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है. खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं. भीषण गर्मी के कारण सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दे रही है. दोपहर के समय बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है. गर्म हवाओं के थपेड़ों से लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. कई इलाकों में लोग सिर ढंककर और पानी की बोतल साथ लेकर निकलने को मजबूर हैं.
अस्पतालों में बढ़ी स्वास्थ्य समस्याएँ
अस्पतालों में भी हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और सांस संबंधी समस्याओं के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है. वहीं दूसरी ओर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में भी आंशिक बदलाव देखने को मिला है. गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में एक्यूआई 339 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है. वेद विहार-लोनी में एक्यूआई 312 और संजय नगर में 274 रिकॉर्ड किया गया.
वायु गुणवत्ता भी खराब
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-3 और नॉलेज पार्क-5 में एक्यूआई क्रमशः 269 और 280 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में माना जाता है. दिल्ली के कई इलाकों में भी एक्यूआई मध्यम से खराब श्रेणी के बीच बना हुआ है. विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ता तापमान और प्रदूषण मिलकर लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकते हैं.
गर्मी से बचाव के उपाय
यह भी पढ़ें
डॉक्टरों ने लोगों को अधिक पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है. प्रशासन भी लगातार लोगों को सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने के लिए जागरूक कर रहा है. मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं, ऐसे में एनसीआर के लोगों को अभी और तपिश झेलनी पड़ सकती है.
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें