जिस पर देशकरता है भरोसा
Advertisement

'अब बात वादों की नहीं, नतीजों की होगी...', BRICS समापन पर PM मोदी का बड़ा संदेश

नई दिल्ली में BRICS समिट 2026 का आज दूसरा दिन है. भारत मंडपम में सदस्य, साझेदार और आमंत्रित देशों के शीर्ष नेता जुटेंगे. रविवार को PM मोदी की कई द्विपक्षीय बैठकेंभी होनी है. सम्मेलन में वैश्विक सहयोग और बहुपक्षवाद पर चर्चा के बाद नई दिल्ली डिक्लेरेशन जारी किया जाएगा.

'अब बात वादों की नहीं, नतीजों की होगी...', BRICS समापन पर PM मोदी का बड़ा संदेश

BIRCS SUMMIT LIVE: नई दिल्ली में भारत की मेजबानी में आयोजित दो दिवसीय BRICS समिट 2026 का आज दूसरा और बेहद महत्वपूर्ण दिन है. सम्मेलन के दूसरे दिन भी भारत मंडपम में दुनिया के कई प्रमुख देशों के राष्ट्राध्यक्षों की मौजूदगी रहेगी. सुबह करीब 10 बजे BRICS के साझेदार और आमंत्रित देशों के शीर्ष नेताओं के भारत मंडपम पहुंचने का सिलसिला शुरू होगा. इसके बाद सभी नेता फैमिली फोटो में शामिल होंगे और फिर शिखर सम्मेलन के ओपन सेशन की शुरुआत होगी. आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दक्षिण अफ्रीका समेत कई देशों के शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं. ऐसे में सम्मेलन का दूसरा दिन वैश्विक कूटनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है. सम्मेलन के समापन पर नई दिल्ली डिक्लेरेशन जारी किया जाएगा, जिसमें शिखर बैठक के प्रमुख निष्कर्ष और साझा प्राथमिकताएं सामने आएंगी. इसलिए आज दुनिया की निगाहें भारत पर टिकी रहेंगी.

Advertisement
03:57 PM (1mo पहले)

BRICS समिट में शामिल होने के बाद मिस्र के राष्ट्रपति अल-सीसी भारत से रवाना

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी भारत से रवाना हो गए. अपनी भारत यात्रा के दौरान उन्होंने BRICS समिट 2026 में भाग लिया, जहां सदस्य और साझेदार देशों के नेताओं ने वैश्विक चुनौतियों समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया.

03:36 PM (1mo पहले)

PM मोदी ने कजाखस्तान के राष्ट्रपति टोकायेव से की द्विपक्षीय मुलाकात

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी कजाखस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव के साथ द्विपक्षीय बैठक की. सम्मेलन से इतर हुई इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने आपसी संबंधों और सहयोग को लेकर विचार-विमर्श किया.

03:34 PM (1mo पहले)

पीएम मोदी ने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस से की द्विपक्षीय वार्ता

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस के साथ द्विपक्षीय बैठक की. दोनों नेताओं ने आपसी संबंधों को मजबूत करने और सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा की.

03:32 PM (1mo पहले)

अब BRICS से सिर्फ विचार नहीं, ठोस नतीजों की उम्मीद: PM मोदी

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

दिल्ली में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि BRICS अब अपने तीसरे दशक में कदम रखने जा रहा है. ऐसे समय में दुनिया की अपेक्षाएं भी संगठन से बढ़ी हैं. उन्होंने कहा कि अब BRICS से केवल विचारों और प्रतिबद्धताओं की नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाले ठोस परिणामों की उम्मीद की जा रही है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी सदस्य देशों के सामूहिक प्रयास इन अपेक्षाओं को पूरा करने में सफल होंगे. प्रधानमंत्री मोदी ने BRICS की अगली मेजबानी करने जा रहे चीन को अपनी शुभकामनाएं दीं। साथ ही, नई दिल्ली में आयोजित शिखर सम्मेलन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी नेताओं और उनकी टीमों की सराहना की. उन्होंने सम्मेलन में शामिल सभी प्रतिनिधियों के लिए सुखद और सुरक्षित यात्रा की कामना भी की.

03:22 PM (1mo पहले)

BRICS परिवार की बढ़ती ताकत और प्रभाव का PM मोदी ने किया जिक्र

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान सदस्य और साझेदार देशों के नेताओं, आउटरीच के लिए आमंत्रित प्रतिनिधियों तथा विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों के साथ संवाद किया. उन्होंने कहा कि यह साथ BRICS परिवार के लगातार विस्तार, बढ़ती ताकत और वैश्विक मंच पर उसके बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है. पीएम मोदी ने कहा कि सभी देश सहयोग की साझा भावना से जुड़े हुए हैं, जो आपसी साझेदारी को मजबूत करने के साथ विकास और प्रगति के नए अवसरों को आगे बढ़ाने का आधार बनती है.

03:17 PM (1mo पहले)

BRICS को लेकर PM मोदी बोले- अब दुनिया ठोस नतीजों की उम्मीद कर रही

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

BRICS शिखर सम्मेलन 2026 के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि संगठन अब अपने तीसरे दशक की ओर बढ़ रहा है और ऐसे समय में वैश्विक समुदाय की अपेक्षाएं भी बढ़ी हैं. उन्होंने कहा कि दुनिया अब BRICS से केवल विचारों और घोषणाओं की नहीं, बल्कि ऐसे ठोस परिणामों की उम्मीद कर रही है, जिनका वास्तविक प्रभाव दिखाई दे. प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि सभी सदस्य देशों के सामूहिक प्रयास इन अपेक्षाओं को पूरा करने में सफल होंगे. उन्होंने BRICS की अगली मेजबानी के लिए चीन को शुभकामनाएं दीं और नई दिल्ली में आयोजित शिखर सम्मेलन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी देशों के प्रतिनिधियों और उनकी टीमों का आभार जताया. साथ ही, पीएम मोदी ने सभी प्रतिनिधियों को सुखद और सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं.

03:14 PM (1mo पहले)

पेजेश्कियान ने BRICS को अधिक संतुलित और न्यायपूर्ण बनाने की वकालत की

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS प्लस शिखर सम्मेलन में वैश्विक व्यवस्था को अधिक संतुलित, समावेशी और न्यायसंगत बनाने में BRICS की अहम भूमिका पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि संगठन को मौजूदा वैश्विक चुनौतियों का समाधान तलाशने के साथ ऐसी व्यवस्था विकसित करने की दिशा में भी काम करना चाहिए, जो भविष्य के संकटों का सामना करने में देशों को अधिक सक्षम बनाए. आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के लिए पेजेश्कियान ने राष्ट्रीय मुद्राओं में कारोबार को बढ़ावा देने और न्यू डेवलपमेंट बैंक को और सशक्त बनाने की जरूरत बताई।. उन्होंने एकतरफा प्रतिबंधों पर चिंता जताते हुए कहा कि इस तरह के कदम खाद्य सुरक्षा के साथ आम लोगों के कल्याण को भी प्रभावित करते हैं.

03:08 PM (1mo पहले)

ब्रिक्स देशों में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

ब्रिक्स महिला व्यापार गठबंधन (WBA) की चेयरपर्सन अवर्णा जैन ने कहा कि ब्रिक्स देशों की महिलाएं कारोबार खड़ा करने के साथ-साथ रोजगार सृजन, नवाचार और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. उन्होंने कहा कि अब जरूरत महिला उद्यमियों को केवल भागीदारी तक सीमित रखने के बजाय नेतृत्व के स्तर तक पहुंचाने की है, ताकि छोटे व्यवसाय बड़े उद्यमों में बदलें और स्थानीय सफलता को ब्रिक्स देशों के व्यापक बाजारों तक विस्तार मिले. अवर्णा जैन के मुताबिक, महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण किसी एक क्षेत्र तक सीमित विषय नहीं, बल्कि मजबूत आर्थिक विकास की रणनीति का अहम हिस्सा है. उन्होंने महिला नेतृत्व वाले कारोबार के लिए बेहतर कारोबारी माहौल तैयार करने, पूंजी और नवाचार तक पहुंच आसान बनाने, महिलाओं के नेतृत्व वाले समाधानों से आर्थिक मजबूती बढ़ाने और सफल पहलों को पूरे ब्रिक्स समूह में बड़े स्तर पर लागू करने पर जोर दिया.

02:53 PM (1mo पहले)

PM मोदी ने मिस्र के राष्ट्रपति अल-सिसी से की अहम मुलाकात

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई.

02:31 PM (1mo पहले)

ब्रिक्स समिट के बाद दिल्ली से रवाना हुए रूसी राष्ट्रपति पुतिन

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 में हिस्सा लेने के बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपनी भारत यात्रा पूरी की और नई दिल्ली से रवाना हो गए.

01:22 PM (1mo पहले)

इथियोपिया के PM अबिय अहमद दिल्ली से रवाना

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद नई दिल्ली से रवाना हो गए. सम्मेलन के दौरान उन्होंने BRICS देशों के नेताओं के साथ वैश्विक मुद्दों और आपसी सहयोग से जुड़े विषयों पर चर्चा में भाग लिया.

12:29 PM (1mo पहले)

BRICS समिट में शामिल होने के बाद दिल्ली से रवाना हुए इथियोपिया के PM अबिय अहमद

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

BRICS शिखर सम्मेलन 2026 में हिस्सा लेने के बाद इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली नई दिल्ली से रवाना हो गए. सम्मेलन के दौरान उन्होंने BRICS देशों के नेताओं के साथ विभिन्न वैश्विक मुद्दों और आपसी सहयोग से जुड़े विषयों पर चर्चा में भाग लिया. भारत की अध्यक्षता में आयोजित इस शिखर सम्मेलन में सदस्य देशों के बीच सहयोग को मजबूत करने और साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श हुआ.

12:05 PM (1mo पहले)

PM मोदी बोले- BRICS में ग्लोबल साउथ का भरोसा बढ़ा

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

BRICS शिखर सम्मेलन 2026 के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि BRICS में ग्लोबल साउथ के देशों का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है. उन्होंने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि इन देशों को इस मंच पर अपनी बात रखने का अवसर मिलता है, उनके अनुभवों को गंभीरता से लिया जाता है और समाधान उनके लिए नहीं, बल्कि उन्हें साथ लेकर तैयार किए जाते हैं. पीएम मोदी ने कहा कि BRICS की असली ताकत उसकी विविधता और आपसी सहयोग में है. सदस्य देशों की परिस्थितियां भले ही अलग हों, लेकिन साझा प्रयासों के जरिए वे एक-दूसरे के साथ आगे बढ़ सकते हैं और मानवता के लिए बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकते हैं, उन्होंने जोर दिया कि देशों की विविधता उनकी पहचान बनी रहे, सहयोग आगे बढ़ने की प्रेरणा बने और विकास का लाभ पूरी मानवता तक पहुंचे.

12:00 PM (1mo पहले)

BRICS शिखर सम्मेलन के बाद दिल्ली से रवाना हुए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग नई दिल्ली से रवाना हो गए. सम्मेलन के दौरान उन्होंने BRICS देशों के नेताओं के साथ वैश्विक मुद्दों, आपसी सहयोग और बहुपक्षीय व्यवस्था को मजबूत करने से जुड़े विषयों पर चर्चा में भाग लिया. सम्मेलन में भारत की अध्यक्षता में BRICS के भविष्य के सहयोग और साझा प्राथमिकताओं को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ.

11:48 AM (1mo पहले)

BRICS में भारत की अध्यक्षता के चार स्तंभ

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

BRICS शिखर सम्मेलन 2026 के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की अध्यक्षता के दौरान तय की गई प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए कहा कि सभी प्रयासों को चार प्रमुख स्तंभों पर केंद्रित किया गया. इनमें रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन और सस्टेनेबिलिटी को प्रमुखता दी गई. पीएम मोदी ने कहा कि सदस्य देशों के सहयोग और समर्थन से भारत साझा विजन को प्रभावी साझेदारी में बदलने में सफल रहा है. उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य ऐसा सहयोग विकसित करना है, जिसमें BRICS से जुड़े सभी देशों को समान रूप से लाभ मिल सके और साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाया जा सके.

11:37 AM (1mo पहले)

BRICS में PM मोदी का बड़ा संदेश

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

नई दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करने’ पर आयोजित सत्र की अध्यक्षता की. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ग्लोबल साउथ वैश्विक संकटों का सबसे अधिक सामना करता है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय फैसलों में उसकी भागीदारी अभी भी सीमित है. पीएम मोदी ने मौजूदा व्यवस्था को बदलने की जरूरत बताते हुए कहा कि विशेषाधिकार पर आधारित ढांचे को साझेदारी के मंच में तब्दील करना होगा. उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद समेत वैश्विक संस्थानों में आज की दुनिया की वास्तविकताओं के अनुरूप अधिक प्रतिनिधित्व की वकालत की.

प्रधानमंत्री ने कहा कि ग्लोबल साउथ को केवल अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करने वाले देशों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें नियमों और नीतियों को आकार देने में भी सक्रिय भूमिका मिलनी चाहिए. उन्होंने BRICS के जरिए युवा राजनयिकों और नीति-निर्माताओं को बातचीत, व्यावहारिक प्रशिक्षण और कानूनी विशेषज्ञता उपलब्ध कराने का सुझाव दिया. समुद्री नाविकों की भूमिका का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक व्यापार में अहम योगदान देने के बावजूद संकट के समय उन्हें पर्याप्त सहायता नहीं मिल पाती. इसके लिए उन्होंने 'नाविक आपातकालीन सहायता नेटवर्क' बनाने का प्रस्ताव रखा. अपने संबोधन के समापन पर पीएम मोदी ने साझा भविष्य के लिए साझा अधिकार और समान भागीदारी की जरूरत पर जोर दिया. सत्र के अंत में ‘नई दिल्ली BRICS नेताओं के घोषणापत्र’ को अपनाया गया, जिसमें आगे के सहयोग की प्राथमिकताओं और दिशा को रेखांकित किया गया.

11:19 AM (1mo पहले)

BRICS में संकटों से निपटने की क्षमता बढ़ाने पर जोर, PM मोदी ने गिनाईं नई पहल

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

BRICS शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मौजूदा दौर में वैश्विक तनाव लगातार बढ़ रहा है और इसका सीधा असर आम लोगों की जिंदगी पर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी, जलवायु संबंधी आपदाओं और सप्लाई चेन में आई बाधाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि एक-दूसरे से जुड़ी दुनिया में किसी भी संकट का प्रभाव किसी एक देश या क्षेत्र तक सीमित नहीं रहता. ऐसे में BRICS के भीतर संकटों से निपटने की क्षमता को मजबूत करना भारत की प्राथमिकताओं में शामिल रहा है. पीएम मोदी ने कहा कि संभावित चुनौतियों की पहले से पहचान, उनकी तैयारी और जरूरत पड़ने पर तेजी से कार्रवाई बेहद अहम है. इसी दिशा में संक्रामक रोगों से जुड़े खतरों की निगरानी और प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए 'BRICS Integrated Early Warning System' पर सहमति बनाई गई है. इसके अलावा, आपदाओं से जुड़ी सूचनाओं को बेहतर ढंग से साझा और एकीकृत करने के लिए 'Early Warning Data Integration Guidelines' भी तैयार की गई हैं.

11:11 AM (1mo पहले)

BRICS के विस्तारित परिवार का पीएम मोदी ने किया स्वागत, चार स्तंभों पर भारत का फोकस

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

BRICS शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए विस्तारित BRICS परिवार में शामिल सभी देशों का गर्मजोशी से स्वागत किया. उन्होंने कहा कि एक ही मंच पर अलग-अलग महाद्वीपों, संस्कृतियों और विकास के अलग-अलग अनुभवों का एकत्र होना BRICS के बढ़ते प्रभाव और सदस्य देशों के बीच मजबूत होते विश्वास को दर्शाता है. पीएम मोदी ने बताया कि भारत की अध्यक्षता के दौरान प्रयासों को लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता जैसे चार प्रमुख स्तंभों पर केंद्रित किया गया है. उन्होंने सभी सदस्य देशों के सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि साझा सोच को ऐसे ठोस सहयोग में बदला गया है, जिसका लाभ सभी देशों को मिल सके. प्रधानमंत्री ने मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया में बढ़ते तनाव का आम लोगों के जीवन पर व्यापक और गंभीर प्रभाव पड़ रहा है.

10:46 AM (1mo पहले)

राहुल गांधी ने मलेशियाई PM अनवर इब्राहिम से की मुलाकात

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री दातो’ सेरी अनवर इब्राहिम से मुलाकात की. दोनों नेताओं की यह मुलाकात ब्रेकफास्ट मीटिंग के दौरान हुई. इस दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं.

 

10:39 AM (1mo पहले)

भारत मंडपम में PM मोदी ने बुरुंडी के राष्ट्रपति का किया स्वागत

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

BRICS Summit 2026 के दूसरे दिन नई दिल्ली के भारत मंडपम में बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट न्दायिशिमिये पहुंचे. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. दोनों नेताओं की यह मुलाकात BRICS शिखर सम्मेलन के कार्यक्रम के तहत हुई.

10:37 AM (1mo पहले)

भारत मंडपम में PM मोदी ने सऊदी विदेश मंत्री का किया स्वागत

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव


BRICS Summit 2026 के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में सऊदी अरब के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान अल सऊद का स्वागत किया. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संक्षिप्त मुलाकात हुई. सऊदी विदेश मंत्री BRICS शिखर सम्मेलन के कार्यक्रम में हिस्सा लेने भारत मंडपम पहुंचे हैं.

10:35 AM (1mo पहले)

भारत मंडपम पहुंचे UN महासचिव

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस BRICS Summit 2026 के दूसरे दिन नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम पहुंच गए हैं. वह यहां आयोजित शिखर सम्मेलन के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं. उनके पहुंचने के साथ सम्मेलन में वैश्विक मुद्दों पर होने वाली अहम चर्चाओं को लेकर भी नजरें टिकी हैं.

10:33 AM (1mo पहले)

BRICS Summit के दूसरे दिन भारत मंडपम पहुंचे नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति काशिम शेट्टिमा BRICS Summit 2026 के दूसरे दिन नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम पहुंचे. वह यहां BRICS शिखर सम्मेलन के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं. सम्मेलन के दूसरे दिन भारत मंडपम में कई अहम सत्र और बैठकों का आयोजन किया जा रहा है.

10:29 AM (1mo पहले)

BRICS Summit के दूसरे दिन भारत मंडपम पहुंचे मलेशियाई PM

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम BRICS Summit 2026 के दूसरे दिन नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम पहुंच गए हैं. वह यहां आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन के विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने पहुंचे हैं. सम्मेलन के दूसरे दिन कई अहम सत्र और बैठकों का आयोजन होना है.

10:24 AM (1mo पहले)

BRICS Summit के दूसरे दिन भारत मंडपम पहुंचे PM मोदी

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

BRICS Summit 2026 के दूसरे और आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम पहुंच गए हैं. यहां आज शिखर सम्मेलन के तहत कई अहम कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. अब अन्य देशों के प्रमुखों की गाड़ियों का काफ़िला भी भारत मंडपम पहुंच रहा है.

10:21 AM (1mo पहले)

UN ने भी माना बदलाव जरूरी

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के मुख्य प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान से सहमति जताई. उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की मौजूदा संरचना आज की वैश्विक परिस्थितियों और जमीनी हकीकत को पूरी तरह नहीं दर्शाती. वर्तमान व्यवस्था 1945 के दौर की दुनिया को प्रतिबिंबित करती है, जबकि वैश्विक परिस्थितियां अब काफी बदल चुकी हैं. ऐसे में सुरक्षा परिषद को अधिक प्रतिनिधित्व वाली संस्था बनाने की जरूरत है. इसमें विकासशील देशों के साथ खासतौर पर अफ्रीकी देशों की आवाज को भी उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए.

10:18 AM (1mo पहले)

रेजिलिएंस और इनोवेशन पर मंथन, दूसरे दिन BRICS नेताओं का ओपन सेशन

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

18वें BRICS शिखर सम्मेलन के दूसरे और अंतिम दिन रविवार को सदस्य देशों के नेता कई अहम वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे. भारत मंडपम के समिट हॉल में होने वाले ओपन सेशन में रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन और सस्टेनेबिलिटी जैसे विषय प्रमुख रहेंगे. इस सत्र का शीर्षक "रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी: शेपिंग द फ्यूचर फॉर इनक्लूसिव ग्लोबल ग्रोथ" रखा गया है. भारत की मेजबानी में 12 और 13 सितंबर को आयोजित हो रहे दो दिवसीय BRICS समिट में यह सत्र महत्वपूर्ण हिस्सा होगा.

08:49 AM (1mo पहले)

PM मोदी का आज का शेड्यूल

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

BRICS समिट का आज दूसरा और अंतिम दिन है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए भी आज का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है. सम्मेलन से जुड़े कार्यक्रमों के अलावा PM मोदी चार देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें करेंगे. इन मुलाकातों में आपसी सहयोग और अहम वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है.

दोपहर 2:30 बजे: PM मोदी कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव से द्विपक्षीय मुलाकात करेंगे.

दोपहर 3 बजे: प्रधानमंत्री फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के साथ बैठक करेंगे.

दोपहर 3:30 बजे: PM मोदी मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से मुलाकात करेंगे.

शाम 4:10 बजे: प्रधानमंत्री दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति मातामेला सिरिल रामफोसा के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे.

08:47 AM (1mo पहले)

10:50 बजे शुरू होगा BRICS का मुख्य ओपन सेशन

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

BRICS समिट के दूसरे दिन सुबह 10:50 बजे मुख्य ओपन सेशन की शुरुआत होगी. इससे पहले 10:35 बजे ब्रिक्स नेताओं की आधिकारिक फैमिली फ़ोटो होगी. इस सत्र का फोकस 'Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability: Shaping the Future for Inclusive Global Growth' पर रहेगा. इसका उद्देश्य मजबूती, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के जरिए समावेशी वैश्विक विकास की दिशा तय करना है. सम्मेलन के समापन पर नई दिल्ली डिक्लेरेशन जारी किया जाएगा, जिसमें बैठक के प्रमुख निष्कर्ष और साझा प्राथमिकताएं सामने आएंगी. इस लिहाज़ से आज का दिन काफी अहम माना जा रहा है.

08:43 AM (1mo पहले)

सुबह 9:55 बजे शुरू होगा नेताओं के पहुंचने का सिलसिला

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

BRICS समिट का रविवार को दूसरा और आखिरी दिन है. समापन दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत भारत मंडपम में नेताओं के आगमन से होगी. सुबह 9:55 बजे BRICS सदस्य देशों, पार्टनर देशों और आउटरीच के लिए आमंत्रित देशों के राष्ट्राध्यक्षों व शासनाध्यक्षों के पहुंचने का क्रम शुरू होगा. यह आयोजन भारत मंडपम के लेवल-2 पर निर्धारित है. फिलहाल BRICS में 11 सदस्य देश शामिल हैं, जिनमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब और इंडोनेशिया शामिल हैं.

07:37 AM (1mo पहले)

PM मोदी के गाला डिनर में नहीं शामिल हुए शी जिनपिंग

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आयोजित रात्रिभोज में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शामिल नहीं हुए. अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद भी डिनर में मौजूद नहीं रहे. बताया गया कि उन्होंने दिन में BRICS से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद अपने देश वापिस लौट गए. वहीं, शी जिनपिंग के रात्रिभोज में शामिल न होने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है. हालांकि, एक सूत्र के मुताबिक चीनी राष्ट्रपति आराम करने के लिए अपने होटल लौट गए थे.

04:58 PM (1mo पहले)

सर्वसम्मति से जारी हुआ BRICS का नई दिल्ली घोषणापत्र, क्या-क्या निकला?

Posted by: केशव झा

BRICS की नई दिल्ली घोषणा में सदस्य देशों ने जंग और टकराव रोकने, अंतरराष्ट्रीय विवादों का समाधान बातचीत और कूटनीति से करने और वैश्विक मुद्दों पर सभी देशों के नजरिए का सम्मान करने पर जोर दिया. घोषणा में एकतरफा टैरिफ और गैर-टैरिफ उपायों पर चिंता जताते हुए इन्हें WTO नियमों के खिलाफ बताया गया.

04:26 PM (1mo पहले)

नई दिल्ली घोषणा 2026 को BRICS देशों की सर्वसम्मति से मंजूरी

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदस्य देशों के सामने ‘नई दिल्ली घोषणा 2026’ को औपचारिक रूप से अपनाने का प्रस्ताव रखा. पीएम मोदी ने बताया कि घोषणा को लेकर किसी भी सदस्य देश की ओर से कोई आपत्ति नहीं जताई गई. इसके बाद सभी सदस्य देशों की सहमति से नई दिल्ली घोषणा 2026 को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई, जिसे BRICS के बीच आपसी सहमति और साझा प्राथमिकताओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

04:25 PM (1mo पहले)

PM मोदी ने समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करने पर दिया जोर

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

भारत मंडपम में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन के बंद कमरे में हुए सत्र के समापन संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समावेशी वैश्विक शासन व्यवस्था और प्रभावी बहुपक्षवाद को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों के बीच सभी देशों की समान और सार्थक भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था अधिक संतुलित, प्रतिनिधित्वपूर्ण और सहयोग आधारित बन सके. पीएम मोदी ने BRICS के जरिए बहुपक्षीय सहयोग को नई मजबूती देने और वैश्विक चुनौतियों से मिलकर निपटने की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया.

04:23 PM (1mo पहले)

शी जिनपिंग बोले- वैश्विक शांति और स्थिरता में BRICS को निभानी होगी अहम भूमिका

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने BRICS देशों से वैश्विक शांति और स्थिरता बनाए रखने के प्रयासों में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. नई दिल्ली में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान उन्होंने कहा कि संगठन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर मिलकर काम करना चाहिए. शी जिनपिंग ने सदस्य देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संघर्षों के बीच BRICS की सामूहिक भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है. उन्होंने वैश्विक शांति, सुरक्षा और स्थिरता के लिए सदस्य देशों के बीच समन्वय बढ़ाने की जरूरत भी बताई.

04:13 PM (1mo पहले)

BRICS समिट में मोदी-जिनपिंग-पुतिन की साथ में तस्वीर

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

नई दिल्ली में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मुलाकात और एक साथ मौजूदगी देखने को मिली. भारत मंडपम में हुई इस अहम बैठक ने BRICS के प्रमुख नेताओं के बीच संवाद और वैश्विक मुद्दों पर बढ़ते सहयोग को रेखांकित किया. तीनों नेताओं की यह तस्वीर सम्मेलन के प्रमुख क्षणों में शामिल रही.

03:33 PM (1mo पहले)

साझा भविष्य है तो उसे आकार देने का अधिकार भी साझा होना चाहिए: PM मोदी

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह महत्वपूर्ण संयोग है कि सम्मेलन के दौरान आज ‘साउथ-साउथ सहयोग के लिए संयुक्त राष्ट्र दिवस’ मनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि ग्लोबल साउथ को समर्पित इस अवसर पर लिए जा रहे फैसलों का विशेष महत्व है और भारत इस दिशा में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है. पीएम मोदी ने कहा कि भारत की मेजबानी में आयोजित BRICS समिट का संदेश स्पष्ट होना चाहिए कि अगर दुनिया का भविष्य साझा है, तो उसे तय करने और आकार देने का अधिकार भी सभी का समान रूप से होना चाहिए। उन्होंने 'आवाज़ से प्रभाव तक और विशेषाधिकार से साझेदारी तक' के संकल्प के साथ BRICS@20 को ग्लोबल साउथ की मजबूत और प्रभावी भागीदारी की दिशा में आगे बढ़ाने का आह्वान किया.

03:25 PM (1mo पहले)

ग्लोबल साउथ को 'रूल टेकर' नहीं, 'रूल शेपर' बनाना होगा: PM मोदी

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

BRICS समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर स्पेस, आउटर स्पेस, बायोटेक्नोलॉजी और अन्य महत्वपूर्ण तकनीकें न केवल भविष्य के नए अवसर तैयार कर रही हैं, बल्कि आने वाले समय के वैश्विक नियमों को भी आकार दे रही हैं. ऐसे में इन क्षेत्रों में ग्लोबल साउथ की बराबर और प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है. उन्होंने कहा कि BRICS के मंच का इस्तेमाल ग्लोबल साउथ के युवा राजनयिकों और नीति-निर्माताओं को बातचीत एवं समझौते की कला, व्यावहारिक प्रशिक्षण और कानूनी विशेषज्ञता उपलब्ध कराने के लिए किया जा सकता है, ताकि वे भविष्य की वैश्विक व्यवस्था में केवल नियमों का पालन करने वाले नहीं, बल्कि उन्हें तय करने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले ‘रूल शेपर’ बन सकें.

03:19 PM (1mo पहले)

BRICS देश तैयार करें ग्लोबल गवर्नेंस रिफॉर्म के 10 सुझाव

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS देशों से वैश्विक शासन व्यवस्था में सुधार के लिए मिलकर 10 ठोस प्रस्ताव तैयार करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि हर पहल के केंद्र में मानवता का कल्याण और विकास होना चाहिए. पीएम मोदी ने सुझाव दिया कि इन प्रस्तावों को अगली BRICS समिट तक ‘रिफॉर्म रोडमैप’ का स्वरूप देने की दिशा में काम किया जाए, जिसमें प्रतिनिधित्व, जवाबदेही और नियम बनाने की प्रक्रिया को प्रमुखता दी जाए. उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार को अब और टालने की जरूरत नहीं होने की बात कहते हुए टेक्स्ट-बेस्ड नेगोशिएशंस को स्पष्ट समयसीमा और ठोस परिणामों से जोड़ने पर जोर दिया.

03:09 PM (1mo पहले)

PM Modi ने ग्लोबल साउथ की फैसले लेने में भागीदारी बढ़ाने पर दिया जोर

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ वैश्विक शासन व्यवस्था में सुधार की दिशा भी तय करनी होगी. उन्होंने मौजूदा ग्लोबल गवर्नेंस सिस्टम की तुलना एक पिरामिड से करते हुए कहा कि इसमें शक्ति और निर्णय लेने की क्षमता ऊपरी स्तर पर केंद्रित है, जबकि ग्लोबल साउथ के देश संकटों का सबसे आगे रहकर सामना करते हैं, लेकिन बड़े वैश्विक फैसलों को आकार देने में उनकी भूमिका अब भी सीमित है. पीएम मोदी ने इस असंतुलन को दूर करने और वैश्विक निर्णय प्रक्रिया में ग्लोबल साउथ की अधिक प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया.

03:01 PM (1mo पहले)

अगले 20 वर्षों के लिए BRICS को नई दिशा देने का PM मोदी का आह्वान

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRICS नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वैश्विक मंच पर संगठन की पहलों को ठोस और प्रभावी नतीजों में बदलने के लिए अगले 20 वर्षों का एक नया और महत्वाकांक्षी एजेंडा तैयार करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत BRICS के काम करने के तरीके में सुधार से होनी चाहिए, क्योंकि अध्यक्षता बदलने के बावजूद संस्थागत कामकाज की गति बनी रहनी चाहिए. इसी उद्देश्य से पीएम मोदी ने 'BRICS Community Continuity and Implementation Mechanism' का प्रस्ताव रखा, जिसके तहत ट्रोयका के माध्यम से विभिन्न पहलों और उनके परिणामों की निरंतर निगरानी की जा सकेगी. उन्होंने एक सुरक्षित डिजिटल रिपॉजिटरी बनाने का सुझाव भी दिया, जिसमें प्रत्येक फैसले के साथ संबंधित नोडल प्वाइंट, समयसीमा और उसके क्रियान्वयन की स्थिति दर्ज की जाए, ताकि लिए गए निर्णयों को प्रभावी तरीके से जमीन पर उतारा जा सके.

02:54 PM (1mo पहले)

भारत मंडपम में BRICS शिखर सम्मेलन का भव्य आगाज

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

नई दिल्ली के भारत मंडपम में BRICS शिखर सम्मेलन 2026 की औपचारिक शुरुआत हो गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के साथ सम्मेलन का आगाज हुआ, जहां वे मंच से भारत की प्राथमिकताओं और BRICS देशों के साथ सहयोग को लेकर अपनी बात रख रहे हैं. दुनिया की प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं के इस अहम मंच पर सदस्य देशों के बीच आर्थिक, रणनीतिक और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श होने की उम्मीद है.

02:40 PM (1mo पहले)

भारत मंडपम में ईरानी राष्ट्रपति का PM मोदी ने किया स्वागत

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के दौरान नई दिल्ली के भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन का गर्मजोशी से स्वागत किया. दोनों नेताओं की यह मुलाकात भारत और ईरान के बीच मजबूत होते द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग की प्रतिबद्धता को दर्शाती है. सम्मेलन के मंच पर हुई इस मुलाकात ने दोनों देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को लेकर बढ़ते संवाद को भी रेखांकित किया.

02:35 PM (1mo पहले)

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भारत-वियतनाम संबंधों को नई गति

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग से मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के साथ कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सार्थक चर्चा हुई. प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि रक्षा और सुरक्षा सहयोग को गहरा करने, प्रस्तावित 2+2 मैकेनिज्म को आगे बढ़ाने तथा ऊर्जा, रेयर अर्थ और अंतरिक्ष जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में साझेदारी विस्तार पर विशेष जोर दिया गया. दोनों देशों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 25 अरब डॉलर तक पहुंचाने और एक-दूसरे के यहां निवेश बढ़ाने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने पर भी सहमति जताई. इसके साथ ही भारत और वियतनाम के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत रिश्तों को और मजबूत करने पर जोर दिया गया.प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ और ‘महासागर’ विजन में वियतनाम आगे भी एक महत्वपूर्ण साझेदार और प्रमुख स्तंभ बना रहेगा.

02:31 PM (1mo पहले)

ब्रिक्स बाजार में दिखी ईरान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स बाजार के ईरान पैविलियन में देश की समृद्ध कला और सांस्कृतिक परंपराओं की खास झलक देखने को मिली. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन की बेटी ज़हरा पेज़ेशकियन और उनके पति हसन मजीदी ने पैविलियन का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने ईरानी कला, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित कर रहे कारीगरों और प्रतिनिधियों से मुलाकात की और उनके काम के बारे में जानकारी ली.

02:28 PM (1mo पहले)

भारत मंडपम में PM मोदी ने ब्राजील के विदेश मंत्री का किया स्वागत

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

BRICS समिट 2026 के लिए नई दिल्ली के भारत मंडपम पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्राजील के विदेश मंत्री मौरो विएरा का गर्मजोशी से स्वागत किया. दोनों नेताओं की यह मुलाकात BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान हुई, जहां सदस्य देशों के बीच सहयोग और आपसी संबंधों को आगे बढ़ाने को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हो रही है.

02:26 PM (1mo पहले)

PM मोदी पहुंचे भारत मंडपम

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम पहुंच गए हैं. सम्मेलन में BRICS सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ उनके प्रतिनिधिमंडल भी शामिल हो रहे हैं। बैठक के दौरान सदस्य देशों के बीच आपसी सहयोग को और मजबूत करने, साझा हितों से जुड़े मुद्दों तथा वैश्विक चुनौतियों पर विचार-विमर्श होने की उम्मीद है.

01:42 PM (1mo पहले)

PM मोदी ने इथियोपिया के प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद शेयर की पोस्ट

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इथियोपिया के प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा की. उन्होंने दोनों देशों के रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत और इथियोपिया अपनी पुरानी और मजबूत दोस्ती को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी की इस पोस्ट में दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों और भविष्य में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता की झलक देखने को मिली.

01:38 PM (1mo पहले)

अनवर इब्राहिम ने PM मोदी की लोकप्रियता की तारीफ

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत की शुरुआत में उनकी लोकप्रियता का जिक्र करते हुए तारीफ की. उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि पीएम मोदी काफी लोकप्रिय हैं और इसका अंदाजा उन्हें मिल रहे संदेशों से भी लगाया जा सकता है. अनवर इब्राहिम ने कहा, 'PM मोदी बहुत पॉपुलर हैं. देखिए, मुझे कितने मैसेज मिल रहे हैं.' उनकी यह टिप्पणी दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान चर्चा में रही.

01:35 PM (1mo पहले)

PM मोदी और वियतनाम के PM मोदी के बीच अहम मुद्दों पर चर्चा

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन से इतर वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग के साथ द्विपक्षीय बैठक की. पीएम मोदी ने BRICS में पार्टनर देश के रूप में वियतनाम की भागीदारी का स्वागत करते हुए दोनों देशों के रिश्तों में हुई प्रगति की समीक्षा की. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बातचीत के दौरान क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर से जुड़े अहम मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ. दोनों नेताओं ने भारत-वियतनाम साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. गौरतलब है कि मई 2026 में वियतनाम के कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव और राष्ट्रपति तो लाम की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के संबंधों को Enhanced Comprehensive Strategic Partnership के स्तर तक बढ़ाया गया था। भारत और वियतनाम के रिश्ते साझा सभ्यतागत विरासत, आपसी विश्वास और बेहतर समझ की मजबूत नींव पर टिके हैं.

01:18 PM (1mo पहले)

BRICS बाजार में पेजेश्कियान की बेटी ने देखी भारत की सांस्कृतिक झलक

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान की बेटी ज़हरा पेजेश्कियान ने अपने पति हसन मजीदी के साथ नई दिल्ली में आयोजित BRICS बाजार का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी के साथ BRICS के सदस्य और साझेदार देशों के विभिन्न पवेलियन देखे. भारतीय पवेलियन समेत अलग-अलग देशों के स्टॉल पर उन्होंने वहां प्रदर्शित कला, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत की झलक को करीब से देखा. यह दौरा BRICS देशों की विविध सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को एक मंच पर देखने का अवसर भी बना.

01:03 PM (1mo पहले)

चीन-भारत के आपसी सहयोग को लेकर चीनी पत्रकार ने जताई उम्मीद

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

BRICS शिखर सम्मेलन 2026 को कवर करने भारत पहुंचीं ग्लोबल टाइम्स की चीनी पत्रकार रवेंटिंग ज़ी ने चीन और भारत के संबंधों को लेकर सकारात्मक रुख जताया. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच आपसी संवाद और सहयोग बढ़ाना न केवल द्विपक्षीय रिश्तों के लिए, बल्कि पूरे ‘ग्लोबल साउथ’ के हित में महत्वपूर्ण है. उनके मुताबिक, चीन और भारत बड़े विकासशील देश हैं और दोनों के पास आगे बढ़ने की व्यापक संभावनाएं हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देश बातचीत को मजबूत करने, मतभेदों का उचित समाधान निकालने और एक-दूसरे के विकास में साझेदार बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगे. पत्रकार ने यह भी कहा कि चीन BRICS की अध्यक्षता कर रहे भारत के प्रयासों का पूरा समर्थन करता है और संगठन के सहयोग को और मजबूत करने के लिए भारत समेत सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने को तैयार है. उन्होंने कहा कि अगले साल चीन के BRICS की अध्यक्षता संभालने के बाद भी भारत और चीन के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने की काफी संभावनाएं हैं.

12:42 PM (1mo पहले)

ईरान के राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की मुलाकात

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान ने दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत और ईरान के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने तथा आपसी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई. यह मुलाकात दोनों देशों के बीच सहयोग और संबंधों को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

12:15 PM (1mo पहले)

PM मोदी ने वियतनाम के प्रधानमंत्री से की मुलाकात

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन से इतर वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग के साथ द्विपक्षीय बैठक की. हैदराबाद हाउस में हुई इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-वियतनाम संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ आपसी सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया. बैठक को दोनों देशों के बीच साझेदारी को नई दिशा देने के लिहाज से अहम माना जा रहा है.

12:13 PM (1mo पहले)

अबू धाबी के क्राउन प्रिंस से मिले PM मोदी

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ अहम द्विपक्षीय बैठक की. दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच आपसी सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. यह बैठक ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी की विदेशी नेताओं के साथ जारी अहम मुलाकातों का हिस्सा रही.

11:58 AM (1mo पहले)

शी जिनपिंग पहुंचे दिल्ली, PM मोदी से होगी अहम मुलाकात

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंच गए हैं. उनका विमान पालम एयरपोर्ट पर उतरा, जहां से वह सम्मेलन में भाग लेंगे. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे. दोनों नेताओं की यह मुलाकात भारत-चीन संबंधों और क्षेत्रीय मुद्दों के लिहाज से अहम मानी जा रही है.

11:20 AM (1mo पहले)

PM मोदी और अनवर इब्राहिम के बीच अहम द्विपक्षीय वार्ता

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक की. इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और मलेशिया के बीच मौजूदा संबंधों की समीक्षा की और आपसी सहयोग को नई गति देने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया. बैठक में दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने और द्विपक्षीय रिश्तों को और मजबूत करने से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा हुई.

10:35 AM (1mo पहले)

भारत और इथोपिया के बीच अहम द्विपक्षीय वार्ता

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में भारत और इथोपिया के बीच महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक जारी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इथोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद आमने-सामने बैठकर दोनों देशों से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं. माना जा रहा है कि वार्ता के दौरान द्विपक्षीय सहयोग और आपसी संबंधों को और मजबूत करने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श होगा.

10:30 AM (1mo पहले)

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा से गौतम अडानी ने की मुलाकात

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने नई दिल्ली में अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी से मुलाकात की. यह बैठक 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान दक्षिण अफ्रीका की कारोबारी गतिविधियों के तहत हुई. दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक, बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को और मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा करना था. दक्षिण अफ्रीका भारत के साथ अपने कारोबारी संबंधों को विस्तार देने और निवेश के नए रास्ते तलाशने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है. राष्ट्रपति रामफोसा की अडानी के साथ यह मुलाकात BRICS सम्मेलन के दौरान भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आर्थिक एवं कारोबारी साझेदारी को बढ़ाने की कोशिशों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है. इस मुलाकात को ब्रिक्स से इतर बिजनेस एंगेजमेंट के तौर पर देखा जा रहा है. 

10:06 AM (1mo पहले)

PM मोदी की आज कई अहम द्विपक्षीय बैठकें

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आज का दिन कूटनीतिक लिहाज से बेहद अहम रहने वाला है. वह नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में इथियोपिया, मलेशिया और वियतनाम के प्रधानमंत्रियों के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. इसके अलावा अबू धाबी के क्राउन प्रिंस के साथ भी प्रधानमंत्री की महत्वपूर्ण मुलाकात प्रस्तावित है. BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी की चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ भी अहम बैठक होगी. दोनों नेताओं की मुलाकात शाम 5:45 बजे भारत मंडपम में होगी, जिस पर वैश्विक स्तर पर नजरें टिकी हैं.

वहीं, आज दोपहर 2 बजे BRICS Summit की औपचारिक शुरुआत होगी. सम्मेलन के पहले सत्र में समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी और BRICS देशों के नेता 'India Innovates' प्रदर्शनी का दौरा करेंगे. कार्यक्रम के दौरान सभी BRICS नेताओं की फैमिली फोटो भी होगी. इसके साथ ही संयुक्त पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. दिन के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेजबानी में शाम 7:30 बजे भव्य गाला डिनर का आयोजन होगा.

09:24 AM (1mo पहले)

PM मोदी ने रूसी राष्ट्रपति को भेंट किया पवित्र ग्रंथ

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को महान तमिल संत और विद्वान तिरुवल्लुवर द्वारा रचित प्रसिद्ध ग्रंथ 'तिरुक्कुरल' का रूसी भाषा में अनुवादित संस्करण भेंट किया. पीएम मोदी ने तस्वीर साझा करते हुए कहा कि तिरुक्कुरल में समाहित तिरुवल्लुवर की गहन बुद्धिमत्ता किसी देश की सीमा या भाषा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक है.

09:13 AM (1mo पहले)

शी जिनपिंग के साथ भारत आ रहे ये चीनी नेता

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए शनिवार को नई दिल्ली पहुंचेंगे. चीनी सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के हवाले से ग्लोबल टाइम्स ने बताया कि शी जिनपिंग बीजिंग से भारत के लिए रवाना हो चुके हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर वह BRICS सम्मेलन में शामिल होने भारत आ रहे हैं. शी जिनपिंग के साथ चीन के कई शीर्ष अधिकारी भी भारत पहुंचेंगे. उनके प्रतिनिधिमंडल में कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (CPC) की केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य और CPC केंद्रीय समिति के जनरल कार्यालय के निदेशक साई क्यूई शामिल हैं. इसके अलावा CPC केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य और चीन के विदेश मंत्री वांग यी भी उनके साथ भारत आ रहे हैं.

08:09 AM (1mo पहले)

BRICS समिट के लिए भारत पहुंचे WHO प्रमुख

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस शनिवार को 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे. उनके भारत आगमन पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए उनका स्वागत किया. रणधीर जायसवाल ने अपने पोस्ट में कहा कि 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे WHO महानिदेशक का भारत में हार्दिक स्वागत है. उन्होंने कहा कि डॉ. टेड्रोस की यात्रा वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है. यह यात्रा साझा प्रगति और समृद्धि के लिए देशों के बीच स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतर तालमेल की आवश्यकता को भी रेखांकित करती है.

08:02 AM (1mo पहले)

BRICS समिट पर दुनिया की नजर

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

इस शिखर सम्मलेन में शामिल होने के लिए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भी शनिवार को भारत पहुंचेगे. मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए इस सम्मेलन को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. यूक्रेन युद्ध, पश्चिम एशिया में जारी तनाव, अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़े विवाद और तेजी से बदलती वैश्विक व्यवस्था के बीच BRICS की भूमिका को लेकर नेताओं के बीच महत्वपूर्ण विचार-विमर्श होने की संभावना है.

08:01 AM (1mo पहले)

ब्रिक्स में 11 सदस्य हो रहे शामिल

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

BRICS शिखर सम्मलेन के लिए दिल्ली में तैयारियां पूरी हो चुकी है. शनिवार से शुरू हो रहे इस सम्मलेन में शामिल होने ले लिए विदेशी मेहमान दिल्ली आ रहे हैं. जानकारी दें कि समूह में 11 पूर्ण सदस्य देश हैं. इनमें ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं. इसके अलावा समूह के साथ 10 साझेदार देश भी जुड़े हुए हैं. वर्ष 2025 में बेलारूस, बोलीविया, क्यूबा, कजाकिस्तान, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम को BRICS के पार्टनर देशों के तौर पर शामिल किया गया था. इससे समूह का वैश्विक दायरा और प्रभाव दोनों बढ़ा है.

07:58 AM (1mo पहले)

आज दिल्ली पहुंचेंगे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग

Posted by: सौरभ श्रीवास्तव

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग आज नई दिल्ली पहुंचेंगे. भारत और चीन के रिश्तों में हाल के समय में नरमी के संकेतों के बीच उनकी यह यात्रा काफी अहम मानी जा रही है. BRICS सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय मुलाकात भी प्रस्तावित है. इस बैठक में सीमा विवाद, व्यापार और दोनों देशों के आपसी संबंधों से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. करीब सात साल बाद शी जिनपिंग भारत दौरे पर आ रहे हैं.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
अधिक
Advertisement
Advertisement
शॉर्ट्स
वेब स्टोरीज़
होम वीडियो खोजें