तीन राज्यों में भिड़े हिंदू‑मुस्लिम, मंदिर‑मस्जिद विवाद के बीच जमकर पत्थरबाजी, भारी पुलिस बल तैनात
तीनों राज्यों की घटनाओं में एक समानता यह देखने को मिली कि विवाद शुरू होने के तुरंत बाद पुलिस ने नियंत्रण किया और किसी बड़े हादसे को टाल दिया. प्रशासन लगातार लोगों से संयम और शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है, ताकि धार्मिक संवेदनशीलता को कोई नुकसान न पहुँचे.
Follow Us:
Hindus and Muslims clash in Three States: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा तहसील के वार्ड क्रमांक 5, आजाद चौक क्षेत्र में गुरुवार की रात अचानक तनाव फैल गया. बताया जा रहा है कि दुर्गा मंदिर परिसर में कथित तोड़फोड़ की खबर ने इलाके में अफवाहों का माहौल बना दिया. घटना के समय मंदिर में आरती चल रही थी और लगभग उसी समय पास की मस्जिद में नमाज हो रही थी. इसी दौरान किसी छोटी सी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट और पथराव तक पहुँच गया.
स्थानीय लोगों के अनुसार, आजाद चौक क्षेत्र पहले से ही अतिसंवेदनशील माना जाता रहा है. विवाद की सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय से पुलिस अधिकारियों और अतिरिक्त बल को मौके पर रवाना किया गया. सिहोर थाना सहित आसपास के थानों का पुलिस बल तैनात किया गया और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई.
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने स्थिति की समीक्षा की. पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि किसी भी धार्मिक स्थल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और किसी भी पक्ष से हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है. फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस इलाके की निगरानी कर रही है. प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.
कर्नाटक के बागलकोट में शिवाजी जयंती यात्रा के दौरान विवाद
कर्नाटक के बागलकोट जिले में भी सांप्रदायिक तनाव की खबरें सामने आईं. यहां शिवाजी जयंती यात्रा के दौरान जुलूस मस्जिद के पास से गुज़र रहा था। हिंदू संगठनों का आरोप है कि इस दौरान मस्जिद से एक पत्थर फेंका गया.
पुलिस ने तुरंत दोनों पक्षों को अलग किया और इलाके में स्थिति को नियंत्रण में रखा. किसी तरह के हताहत होने की खबर नहीं है. पुलिस ने सुनिश्चित किया कि मामला फैलने से पहले शांतिपूर्ण ढंग से नियंत्रित किया जाए. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और विवाद न बढ़ाने की अपील की है.
हैदराबाद में जामा मस्जिद के पास हल्का तनाव
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के अंबरपेट में जामा मस्जिद के पास मामूली तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई. बताया जा रहा है कि मस्जिद के पास से गुजर रहे शिवाजी जयंती जुलूस और मस्जिद में चल रही रमजान की नमाज के दौरान तेज संगीत और नारेबाजी को लेकर कहासुनी शुरू हो गई.
हालांकि, पुलिस की तत्परता से स्थिति जल्द नियंत्रण में आ गई. कुछ ही देर में हालात सामान्य हो गए और किसी भी प्रकार की हिंसा या नुकसान की खबर नहीं आई. प्रशासन ने इलाके में पुलिस बल तैनात रखा और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की.
यह भी पढ़ें
तीनों राज्यों की घटनाओं में एक समानता यह देखने को मिली कि विवाद शुरू होने के तुरंत बाद पुलिस ने नियंत्रण किया और किसी बड़े हादसे को टाल दिया. प्रशासन लगातार लोगों से संयम और शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है, ताकि धार्मिक संवेदनशीलता को कोई नुकसान न पहुँचे.
कृपया Google से लॉग इन करें टिप्पणी पोस्ट करने के लिए
Google से लॉग इन करें